Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar Politics: 'नया बिहार बनाने के लिए...', जब पटना में गरजे भाजपा के धाकड़ युवा सांसद तेजस्वी सूर्या

भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने बिहार के युवा कार्यकर्ताओं से परिवर्तन के वाहक बनने की अपील की है। स्वामी विवेकानंद की जयंती पर पटना में समारोह को संबोधित करते हुए तेजस्वी सूर्या ने युवा कार्यकर्ताओं से 2024 में बिहार में लोकसभा की सभी 40 सीटों पर राजग की जीत सुनिश्चित करने के साथ ही 2025 में बिहार में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का आह्वान किया।

By Raman Shukla Edited By: Mohit Tripathi Updated: Fri, 12 Jan 2024 08:57 PM (IST)
Hero Image
पटना में गरजे भाजपा के धाकड़ युवा सांसद तेजस्वी सूर्या। (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, पटना। भाजपा जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद तेजस्वी सूर्या ने बिहार के युवा कार्यकर्ताओं से परिवर्तन के वाहक बनने की अपील की है। स्वामी विवेकानंद की जयंती पर शुक्रवार को मिलर हाई स्कूल मैदान में युवा समागम एवं युवा जन-प्रतिनिधि सम्मान समारोह को सूर्या संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से 2024 में बिहार में लोकसभा की सभी 40 सीटों पर राजग की जीत सुनिश्चित करने के साथ ही 2025 में बिहार में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का आह्वान किया। आह्वान किया कि एक नया बिहार बनाने के लिए युवा आगे आएं।

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देश महानगरों बेंगलुरु, पुणे, मुंबई एवं दिल्ली की प्रगति में बिहार के युवा नई इबारत लिख रहे हैं। ऐसे में अब समय आ गया है कि बिहार के युवा बिहार में परिवर्तन लाकर इसे संवारने का कार्य करें। उन्होंने श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर 22 जनवरी को घर-घर दीपावली मनाने का आह्वान किया।

युवा संकल्प लें तो बिहार में भी...: सम्राट चौधरी

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने स्वामी विवेकानंद को अपनी श्रद्धा निवेदित करते हुए कहा कि भारत को लेकर उन्होंने 19वीं सदी में जो सपना देखा था, उसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21वीं सदी में पूरा कर रहे हैं। भाजपा प्रतिबद्धता वाली पार्टी है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि दो हजार वर्ष पहले आचार्य चाणक्य ने अखंड भारत का सपना देखा था। उसे पूरा करने के लिए हमारे अग्रणी नेता श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेगा कहते हुए अपनी आहुति दे दी।

सम्राट ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 को समाप्त कर अखंड भारत के उस सपने को पूरा किया है। मोदी तो 450 वर्षों के श्रीराम मंदिर के सपने को भी अब पूरा करने जा रहे हैं।

युवा समागम की अध्यक्षता भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष भारतेंदु मिश्रा ने की। कार्यक्रम में संगठन मंत्री भीखू भाई दलसानिया, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, विधान मंडल दल के नेता विजय सिन्हा, विधान परिषद में प्रतिपक्ष के नेता हरि सहनी, सांसद विवेक ठाकुर, पूर्व मंत्री नंद किशोर यादव, मंगल पांडेय, रविशंकर प्रसाद, शाहनवाज हुसैन व जनक राम आदि ने भी संबोधित किया।

यह भी पढ़ें: Bihar Police: बिहार के थानों में दर्ज करा सकेंगे ऑनलाइन शिकायत, ADG गंगवार के इस प्लान से बदल जाएगी राज्य पुलिस की सूरत

Bihar Politics: जिसने दुनिया को बनाया, उस प्रभु को लाने की ताकत किसको है? शिक्षा मंत्री चंंद्रशेखर का केंद्र सरकार पर हमला

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें