Move to Jagran APP

मलाइका अरोड़ा, अर्जुन कपूर सहित कई सेलिब्रिटी को योग कराकर भोजपुर के लाल मचा रहे धमाल, देखें तस्वीरें

भोजपुर के आरा जिले के डीएम कोठी निवासी शुभम बॉलीवुड के कई नामचीन हस्तियों जैसे मलाइका अरोड़ा अर्जुन कपूर को योग की बदौलत फिट रखते हैं। इस मुकाम तक कैसे पहुंचे योग से क्या फायदे हैं कैसे करना चाहिए इनपर दैनिक जागरण से उन्होनें खास बातचीत की।

By Prashant Kumar PandeyEdited By: Updated: Sun, 24 Apr 2022 03:57 PM (IST)
Hero Image
योग की क्लास लेने के बाद अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा के साथ योगा ट्रेनर शुभम

 ऑनलाइन डेस्क, पटना : कहते हैं अगर किसी चीज को दिल से चाहो तो पूरी कायनात उससे तुमसे मिलाने की कोशिश में लग जाती है। बिहार के आरा से निकलकर बीएड करने के उद्देश्य से पहली बार नामांकन कराकर जब वो हरिद्वार के डीएसवीवी पहुंचे तो वहां पर बच्चों को योग करते देखकर काफी प्रभावित हुए। वो प्रभाव इतना गहरा रहा कि योग के आगोश में समाने से खुद को रोक नहीं सके। उसके बाद उन्होंने मन ही मन योग के क्षेत्र में ही कैरियर बनाने का फैसला कर लिया। इसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की और पूरा जोर लगा दिया। उसी मेहनत और लगन की बदौलत आज इस मुकाम पर हैं कि बिजनेस, स्पोर्ट्स और बॉलीवुड के कई नामचीन हस्ती उनसे योग सीखने को लालायित रहते हैं।

लिएंडर पेस और किम शर्मा को योग कराते शुभम

आरा के डीएम कोठी के हैं निवासी 

हम बात कर रहे हैं भोजपुर आरा के डीएम कोठी के रहने वाले शुभम की। इनके पिता सनत श्रीवास्तव एक व्यापारी हैं और मां गृहिणी। नियमतः गायत्री मंदिर जाने के सवाल पर वो सहज बताते हैं कि इसके लिए प्रेरणा उनकी दादी मां से मिली। वो गायत्री उपासक थीं और उन्हीं की वजह से मैं भी गायत्री परिवार से जुड़ गया।

योग से खुद को फिट बनाए रखती हैं मलाइका

देव संस्कृति विश्वविद्यालय में जाने के बाद मिली नई दिशा

बता दें कि इनकी प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा आरा से ही हुई है। ये शुरू से ही अपनी फिटनेस को लेकर काफी सीरियस रहे हैं। सुबह उठकर टहलना, योग करना इनकी रोज की आदतों में शुमार था। 10वीं के बाद महाराजा कॉलेज से इंटर और ग्रेजुएशन करने के बाद इन्होंने बीएड करने के लिए गायत्री परिवार द्वारा स्थापित देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार में नामांकन लिया। यही से इनके जीवन मे एक ऐसा सकारात्मक मोड़ आया जिसने इनके जीवन और कैरियर दोनों की दशा-दिशा बदल कर रख दी।

अर्जुन कपूर को योग कराते अर्जुन कपूर

जब इन्होंने वहां के छात्र-छात्राओं को पारंपरिक योग से हटकर एडवांस योग करते देखा तो योग को और अच्छे से जानने और सीखने का जुनून सवार हो गया। इसके लिए ये कई छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों से मिले और फिर योग करना उसके फायदे जानना शुरू कर दिया। विश्वविद्यालय में नियमतः योग करते-करते और सीखते-सीखते इसके गूढ़ रहस्यों को समझते गए और आत्मसात करते गए। इसी दौरान इन्होंने योग विज्ञान में पीजी डिप्लोमा की डिग्री ले ली। साथ ही अन्य कई कोर्स भी कर लिए।

तरह - तरह के योग मुद्राओं में शुभम

जुनून ऐसा कि क्लास के अलावे सिखाते थे योग

कैम्पस प्लेसमेंट के बाद शुभम विवेकानंद केन्द्र विद्यालय, अरुणाचल प्रदेश चले गए, जहां उन्हें कई विषय पढ़ाने को मिले पर जिसके अंदर "योग का जुनून" कुलांचे भर रहा हो भला उसे चैन कहां। उन्होंने पारंपरिक विषयों की क्लास लेने के बाद एक्स्ट्रा टाइम में योग की क्लास लेने का फैसला किया और इसके लिए वहां के शिक्षकों और बच्चों को तैयार कर लिया और ट्रेनिंग देने लगे। उन्होंने 2 वर्ष तक प्रशिक्षण देने के बाद फिर शिलांग के लाइटकोर पीक केंद्रीय विद्यालय में आ गए। यहां इन्होंने 1 वर्ष तक प्रशिक्षण दिया। इसके बाद टीईटी की परीक्षा उतीर्ण कर मुंबई का रूख अपना लिया।

बॉलीवुड के कई सेलिब्रिटी को रखते हैं फिट

शुभम मुंबई के बांद्रा में स्थित "दिवा योगा" स्टूडियो के सर्वेश शशि से मिले। उन्होंने शुभम को सही मार्गदर्शन दिया। उसके बाद शुभम दिवा योगा से जुड़कर लोगों को योग की बारीकियां सिखाने लगे। जब सर्वेश शशि से शुभम के बारे में जागरण ने जानना चाहा तो उन्होंने कहा कि शुभम सर्वा के लिए एक संपत्ति की तरह है। काफी लगन शील और धैर्यवान इंसान है शुभम एक बहुत अच्छे योग कोच हैं। वैसे तो काफी मित्रवत व्यवहार रहता है पर क्लास के वक्त एक स्ट्रिक्ट कोच की भूमिका निभाते हैं।

शुभम मलाइका अरोड़ा, अर्जुन कपूर, आकांक्षा रंजन कपूर, कुबरा सैत, निधि सिंह सहित कई नामचीन हस्तियों को योग की बदौलत बीमारियों से बचने और फिट रहने की तालीम दे रहे हैं। बता दें कि शुभम ने योग में एमए,  500 घंटे का अष्टांग विन्यास टीचर ट्रेनिंग कोर्स सहित कई कोर्सेस भी किया है। 

विद्युत जामवाल ने साझा की है शुभम की तस्वीर, मलाइका अरोड़ा को योग कराते।

वेट लॉस और जनरल फिटनेस के हैं एक्सपर्ट

शुभम अपने क्लाइंट को हठ योग, अष्टांग विन्यास योग, पावर योग, यिन योग, अयंगर योग, ऐरिअल योग आदि बड़े ही आराम से सीखा देते हैं। ये वेट लॉस और जनरल फिटनेस के एक्सपर्ट हैं। अभी तक शुभम सर्वा के माध्यम से लिएंडर पेस, किम शर्मा सहित देश भर के 600 मेंबर से ज्यादा लोगों को योग सीखा चुके हैं। साथ ही अमेरिका सहित कई देश के लोगों को ऑनलाइन क्लास दे रहे हैं।

इन्हें देते हैं सफलता का श्रेय

दैनिक जागरण ने जब सफलता के श्रेय के बारे में जानना चाहा तो सरल तरीके से इन्होंने सफलता का श्रेय सर्वप्रथम गायत्री परिवार के संस्थापक अपने गुरु पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य, अपनी दादी, माता-पिता, अपने मित्रों और खास तौर पर सर्वेश शशि का आभार जताते हुए बताते हैं कि इन्होंने मुझपर भरोसा कर मौका दिया तभी आज इतना कर पा रहा हूँ।

प्राकृतिक वातावरण में योग करते शुभम

धैर्य और नियमित प्रैक्टिस अति आवश्यक

योग की शुरुआत करने वाले नए लोगों के बारे में शुभम का कहना है कि कई बार कुछ लोग किसी से सुनकर या किसी को देखकर योग करना शुरू तो करते हैं पर फिर बीच में छोड़ देते हैं। ऐसा नहीं करना चाहिए।

कोरोना के दौर में मलाइका अरोड़ा और कुब्रा सैत की ऑनलाइन क्लास लेते शुभम

इस प्रकार रहें स्वस्थ 

स्वस्थ रहने के लिए, वेट लॉस के लिए, जोड़ों के दर्द, पीठ कमर, पेट, हृदय, आंखों, मस्तिष्क सहित कई बीमारियों से छुटकारा पाने के लिए योग से बढ़कर कुछ भी नहीं है। लेकिन इसके लिए नियमित प्रैक्टिस और धैर्य अति आवश्यक है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।