Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar: सीटों के पेंच में फंंसा चिराग के NDA में शामिल होने का मामला, इन शर्तों पर ही बनेंगे भाजपा के 'हनुमान'

लोजपा (रामविलास पासवान) के प्रमुख चिराग पासवान को एनडीए में शामिल कराने के लिए भाजपा का नेतृत्व जुटा है। एक ओर जेपी नड्डा ने चिराग पासवान को एनडीए का अहम साथी बताया। वहीं नित्यानंद राय चिराग से लगातार संपर्क में हैं। सूत्रों के अनुसार चिराग ने अपनी शर्तें भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के सामने रख दी है और वो अपने स्टैंड पर कायम हैं।

By Jagran NewsEdited By: Roma RaginiUpdated: Sun, 16 Jul 2023 12:54 PM (IST)
Hero Image
Bihar: सीटों के पेंच में फंंसा चिराग के NDA में शामिल होने का मामला

दीनानाथ साहनी, पटना। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को मजबूती देने में जुटी भाजपा केंद्र सरकार में शामिल होने के लिए चिराग पासवान के मान-मनौव्वल में लगी है। 

सीटों के इस पेंच में चिराग का सरकार में शामिल होने का मामला फंस गया है। इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा ने चिराग को पत्र लिखकर 18 जुलाई को नई दिल्ली में राजग की होने वाली बैठक में आमंत्रित किया है।

बीजेपी नेतृत्व ने चिराग पासवान को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए उन्हें मनाने के लिए गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय को जिम्मा दिया है। राय लगातार चिराग के संपर्क में भी हैं।

नित्यानंद राय ने शुक्रवार की देर शाम चिराग से उनके आवास पर मुलाकात की। उनके साथ काफी देर समय बिताया और उन्हें सरकार में आने का न्योता भी दिया। इसकी पुष्टि चिराग के करीबी नेताओं ने भी की।

इधर, चिराग ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में आने के लिए यह शर्त रखी है कि पहले लोकसभा की छह और राज्यसभा की एक सीट पर बात बन जाए। साथ ही भाजपा इसकी घोषणा भी कर दे।

एक राजनीतिक सूत्र ने बताया कि चिराग अपने स्टैंड पर कायम हैं। उन्होंने नित्यानंद राय के माध्यम से भाजपा नेतृत्व को यह संदेश दे दिया है कि उनके लिए सीटों पर फैसला जरूरी है। इसके बाद ही वे सरकार में शामिल होने पर पार्टी की सर्वसम्म्मति से फैसला लेंगे। भाजपा पहले हाजीपुर समेत लोकसभा की छह और राज्यसभा की एक सीट देने की घोषणा करे, ये चिराग की शर्तें हैं।

वैसे राजग की बैठक में शामिल होने चिराग जाएंगे, लेकिन सरकार में भागीदार होने से पहले लोकसभा की अतिरिक्त विधानसभा की सीटों पर भी भाजपा से स्थिति स्पष्ट कराना चाहते हैं। साथ ही उसपर सहमति भी।

लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान राज्यसभा सीट से सांसद थे और केंद्रीय मंत्री भी, लेकिन उनके निधन के बाद राज्यसभा की सीट भाजपा ने किसी और को दे दी, जबकि उस सीट पर लोजपा का हक था। इसे चिराग भूले नही हैं।

चिराग को जेपी नड्डा ने राजग का अहम सहयोगी बताया

जेपी नड्डा ने 18 जुलाई को दिल्ली के अशोक होटल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित होने वाली राजग की बैठक में चिराग को आमंत्रित करते हुए लोजपा (रामविलास) को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का अहम साथी बताया है।

जेपी नड्डा ने चिराग को संबोधित करते हुए पत्र में कहा है कि राजग के महत्वपूर्ण दल के रूप में आप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग सरकार द्वारा देश के विकास को गति देने वाली सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की यात्रा के प्रमुख सहयोगी भी हैं। राजग के महत्वपूर्ण साथी के रूप में आपकी भूमिका और आपका सहयोग गठबंधन को न सिर्फ मजबूत बनाता है, बल्कि देश की विकास यात्रा को भी सुदृढ़ता प्रदान करता है।

NDA में जाने पर क्या बोले चिराग

राजग की बैठक में शामिल होने का आमंत्रण मिलने पर लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा है कि इस बैठक में राजग के सभी सहयोगी दलों को बुलाया गया है। यह बैठक बहुत अहम है। इसीलिए एक अहम सहयोगी के तौर पर उन्हें आमंत्रित किया गया है।

पार्टी के नेताओं के साथ विमर्श कर बैठक में शामिल होने पर निर्णय लेंगे। चिराग ने शनिवार को इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में जाकर लाठीचार्ज में घायल सांसद जर्नादन सिंह सिग्रीवाल से कुशलक्षेम पूछा।

उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि महागठबंधन सरकार शिक्षकों और किसान सलाहकारों की समस्याओं को जानने की बजाय उन पर लाठीचार्ज कराती है, जो गलत है। लाठीचार्ज कभी भी किसी चीज का समाधान नहीं हो सकता।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें