Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

दरभंगा AIIMS पर फिर मची रार : ललन सिंह ने भाजपा पर बोला हमला, कहा- केंद्र सरकार बनाना ही नहीं चाहती

बिहार में दरभंगा में एम्स बनाने के सवाल पर केंद्र और राज्य सरकार के अपने-अपने तर्क हैं। एक ओर जहां प्रधानमंत्री के बयान को लेकर इस पर सियासत तेज हुई है। वहीं दूसरी ओर जदयू के नेता भी इस पर घेरने में पीछे नहीं हैं। बहरहाल शनिवार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने मीडिया से बातचीत में इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

By Arun AsheshEdited By: Yogesh SahuUpdated: Sat, 19 Aug 2023 04:36 PM (IST)
Hero Image
दरभंगा AIIMS पर फिर मची रार : ललन सिंह ने भाजपा पर बोला हमला, कहा- केंद्र सरकार बनाना नहीं चाहती

जागरण डिजिटल डेस्क, पटना/दरभंगा। दरभंगा में एम्स के निर्माण को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के बीच जारी खींचतान कम नहीं हुई है।

इस बीच जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने शनिवार को इस मामले में भाजपा पर हमला बोला है।

उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार दरभंगा में एम्स बनाना ही नहीं चाहती है। वह सिर्फ इस पर राजनीति करना चाहती है।

यह बिहार के मुख्यमंत्री की पसंद है कि दरभंगा में एम्स (Darbhanga AIIMS) मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाए।

राज्य सरकार ने निर्माण के लिए जमीन तो मंजूर कर दी, लेकिन वे (केंद्र सरकार) बनाना नहीं चाहते। राज्य सरकार ने दरभंगा मेडिकल कॉलेज को सुपर स्पेशियलिटी कॉलेज बनाने का फैसला लिया है।

ललन ने मांगा केंद्र के नौ साल का हिसाब

इससे पहले जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने भाजपा नेताओं से कहा है कि वे नीतीश सरकार की उपलब्धियों का हिसाब पूछने से पहले जनता को यह बताएं कि केंद्र की सरकार ने नौ वर्षों में क्या काम किया है।

उन्होंने शुक्रवार को यहां कहा कि बिहार सरकार की उपलब्धि यही है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जब कभी बिहार आते हैं तो नीतीश के कामकाज को अपना बता देते हैं। गृह मंत्री ऐसा कई बार कह चुके हैं।

सिंह ने विपक्ष के इस आरोप को खारिज किया कि राज्य में कानून व्यवस्था की हालत खराब हो गई है। अररिया में पत्रकार की हत्या हुई है। हत्यारे पकड़े जाएंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता मणिपुर की चिंता करें। भाजपा शासित मणिपुर कई महीने से अशांत है। वहां कानून के राज का कोई लक्षण नहीं है।

चिराग को कोई काम नहीं : सिंह

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लोजपा रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान के कानून व्यवस्था खराब होने से जुड़े आरोप पर कहा कि चिराग को कोई काम नहीं है। इसलिए कुछ बोलते रहते हैं।

नीतीश कुमार काम करते हैं। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी के आरोप पर टिप्पणी करने से यह कहकर इनकार किया कि हम ऐसे लोगों की प्रतिक्रिया पर ध्यान नहीं देते हैं।