Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Patna News: पेपर लीक मास्टरमाइंड का संहार करती दिखेंगी मां दुर्गा, माटी के लाल थीम पर सजेगा आनंदपुरी पूजा पंडाल

दुर्गा पूजा के अवसर पर पटना के बोरिंग रोड स्थित आनंदपुरी पूजा पंडाल इस बार माटी के लाल थीम पर बन रहा है। पंडाल में मां दुर्गा लक्ष्मी मां सरस्वती गणेश और कार्तिक की प्रतिमा राक्षसों का संहार नहीं बल्कि किसान और कुम्हारों की मदद करती दिखेंगी। राक्षस के रूप में बेरोजगारी को दूर करने और स्वरोजगार खेती किसानी को बढ़ावा देने का संदेश देंगे।

By prabhat ranjan Edited By: Mohit Tripathi Updated: Tue, 24 Sep 2024 05:25 PM (IST)
Hero Image
इस बार माटी के लाल थीम पर बन रहा आनंदपुरी पूजा पंडाल। (जागरण फोटो)

जागरण संवाददाता, पटना। दुर्गापूजा के मौके पर चौक-चौराहों पर बन रहे पूजा पंडाल लोगों को आकर्षित करेगा। पटना के बोरिंग रोड स्थित आनंदपुरी पूजा पंडाल इस बार माटी के लाल थीम पर बन रहा है।

श्री विजय वाहिनी दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि इसमें किसान और कुम्हार के जीवन को दर्शाया जाएगा। राक्षस के जरिए आम जीवन की समस्याओं को बताया जाएगा। राक्षस को परीक्षा पेपर लीक कांड का मास्टरमाइंड के रूप में दिखेगा। जिसका संहार मां दुर्गा करते नजर आएंगी।

पंडाल में मां दुर्गा, लक्ष्मी, मां सरस्वती, गणेश और कार्तिक की प्रतिमा राक्षसों का संहार करते नहीं, बल्कि किसान और कुम्हारों की मदद करती दिखेंगी। राक्षस के रूप में बेरोजगारी को दूर करने और स्वरोजगार, खेती किसानी को बढ़ावा देने का संदेश देंगे।

इस वर्ष भगवान गणेश किसान का हल पकड़ कर खेत जोतते नजर आएंगे। मां लक्ष्मी किसान की मदद करते दिखेंगी। कार्तिक और मां सरस्वती कुम्हार के मटका बनाने में सहयोग करती दिखेंगी। मां का आशीर्वाद स्वरोजगार और अन्न उपजाने वाले श्रम जीवियों को मिलता दिखेगी।

भव्य होगा दुर्गापूजा का पंडाल

2017 से हिमगिरी चौराहे पर बैठने वाली मां दुर्गा की प्रतिमा व पूजा पंडाल लोगों को आकर्षित करता रहा है। पूजा पंडाल इस बार 12 सौ वर्ग फीट का होगा। पंडाल की ऊंचाई लगभग 45 तो चौड़ाई 40 फीट की होगी। मां की प्रतिमा 15-18 फीट की होगी।

इसे पश्चिम बंगाल के मूर्तिकार बनाने में लगे हैं। पूजन को लेकर लगभग 20-25 लाख का बजट होगा। इस बार बन रहा पंडाल कई मामलों में अनूठा होगा।

छेद वाले मटके चारों ओर फैलाएंगे प्रकाश

दुर्गापूजा समिति आनंदपुरी हिमगिरी चौराहे पर 42 वर्षों से नवरात्र में पूजा हो रही है। पूजा समिति की स्थापना 1982 में की गई थी।

पहले बोरिंग कैनाल रोड पंचमुखी मंदिर के बगल में प्रतिमा स्थापित होती थी। बाद में हिमगिरी चौराहे के पास प्रतिमा स्थापित कर पूजन हो रहा है। गली को सजाने के लिए 10 हजार मटकों का प्रयोग होगा। छेद वाले मटके चारों ओर प्रकाश देंगे।

बोरिंग कैनाल रोड से आनंदपुरी पूजा पंडाल तक चार सौ मीटर लंबी गली की साज-सजावट भव्य होगी। आनंदपुरी में हर साल कुछ विशिष्ट थीम पर सजावट की जाती है।

भंडारे का होगा आयोजन

तीन से आठ अक्टूबर के बीच शाम सात बजे से नौ बजे तक प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन होगा। सप्तमी तिथि को खीर, अष्टमी तिथि को केसरिया हलवा का भोग मां दुर्गा को लगेगा।

भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण होगा। नवमी तिथि को कन्या पूजन के बाद खिचड़ी का भोग लगा कर श्रद्धालुओं के बीच बांटा जाएगा। दसवीं तिथि को विशाल भंडारे का आयोजन होगा।

यह भी पढ़ें: Durga Puja 2024: दुर्गा पूजा पंडालों को लेना होगा बिजली कनेक्शन, पैकेज टैरिफ जारी; जल्द करें आवेदन

Shardiya Navratri 2024: नवरात्र में कब है अष्टमी और महानवमी, जरूर जान लें ये बातें