Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Dussehra In Patna: पटना में चकाचौंध रोशनी में जलेगा रावण, CCTV कैमरों से रहेगी नजर; सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

पटना में दशहरे को लेकर जोर-शोर से तैयारियां जारी है। गांधी मैदान में विशाल रावण का दहन होगा। चकाचौंध रोशन में रावण धू-धू कर जलेगा। पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस 91 सीसीटीवी कैमरों से नजर रखेगी। इसी के साथ चप्पे-चप्पे पर दंडाधिकारी पुलिस अधिकारी एवं सुरक्षाबल की मौजूदगी रहेगी। नगर आयुक्त ने गांधी मैदान का निरीक्षण भी किया है।

By Vyas ChandraEdited By: Rajat MouryaUpdated: Sun, 15 Oct 2023 07:23 PM (IST)
Hero Image
पटना में चकाचौंध रोशनी में जलेगा रावण, CCTV कैमरों से रहेगी नजर; सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जागरण संवाददाता, पटना। Dussehra 2023 गांधी मैदान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच चकाचौंध रोशनी में रावण धू-धू कर जलेगा। इस पर 91 सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाएगी। साथ ही 13 वॉच टावर से पूरे मैदान की निगरानी होगी। चप्पे-चप्पे पर दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं सुरक्षाबल की मौजूदगी रहेगी।

प्रमंडलीय आयुक्त कुमार रवि ने रविवार को डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी राजीव मिश्रा व नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर के साथ रावण वध कार्यक्रम के मद्देनजर गांधी मैदान का जायजा लिया।

भीड़ प्रबंधन की हो बेहतर व्यवस्था

आयुक्त ने स्थल पर ही पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की। कहा कि रावण वध देखने काफी संख्या में लोग आते हैं। ऐसे में व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ होनी चाहिए। रावण वध कार्यक्रम आयोजन समिति, श्री दशहरा समिति के अध्यक्ष, सचिव व अन्य प्रतिनिधियों से भी आयोजन पर चर्चा की गई।

डीएम एवं एसएसपी ने बताया कि विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से गांधी मैदान को चार सेक्टर में बांटा गया है। दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों के साथ ही महिला बल, लाठी बल एवं अन्य पुलिस बल की ड्यूटी लगेगी।

आयोजन से पहले कर लें मॉक ड्रिल

आयुक्त ने कहा कि जिला नियंत्रण कक्ष एसडीआरएफ से समन्वय कर सभी संबद्ध विभागों के साथ मॉक ड्रिल कर लें। गांधी मैदान से सटे मेट्रो का कार्य हो रहा है। इसको देखते हुए तैयारी करें। जेपी गंगा पथ, अशोक राजपथ, एक्जीबिशन रोड एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर ट्रैफिक की अच्छी व्यवस्था रहे। सभी महत्वपूर्ण अस्पतालों में इमरजेंसी की स्थिति में व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया।

रोशनी से जगमग होगा गांधी मैदान व आसपास का क्षेत्र

आयुक्त ने बताया कि गांधी मैदान के चारों ओर 34 प्रकाश मीनार से, 136 एलईडी मेटल लाइट, 112 पोल लाइट एवं 15 हाइमास्ट लाइट से प्रकाश की अच्छी व्यवस्था रहेगी। कहा कि रावण वध के दौरान सभी गेट खुले होने चाहिए।

CCTV कैमरे से होगी निगरानी

पूरे मैदान एवं आसपास 91 सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाएगी। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के ये कैमरे फिक्स्ड बुलेट एवं पीटीजेड हैं। नगर आयुक्त ने बताया कि 69 फिक्स्ड तथा 22 पैन टिल्ट जूम (पीटीजेड) कैमरे हैं। इसमें गांधी मैदान के चारो तरफ 23 तथा अंदर एवं गेट पर 68 कैमरा क्रियाशील हैं। आइसीसीसी बिल्डिंग से रावण वध की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। गांधी मैदान में अस्थायी कंट्रोल रूम, अस्थायी थाना, 13 वाच टावर की व्यवस्था रहेगी। मुख्य गेट पर एसडीआरएफ की भी प्रतिनियुक्ति रहेगी।

दशहरा महोत्सव की तैयारियों का लिया जायजा

गांधी मैदान के बाद आयुक्त ने श्री कृष्ण मेमोरियल हाल का भी निरीक्षण किया। वहां दशहरा महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। मौके पर सिटी एसपी वैभव शर्मा, ट्रैफिक एसपी पूरन कुमार झा, एसडीओ श्रीकांत कुण्डलिक खांडेकर, आयुक्त के सचिव प्रीतेश्वर प्रसाद, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था हेमंत कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश रौशन समेत अन्य उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें- Shardiya Navratri 2023: तिलडीहा शक्तिपीठ में उमड़ा भक्तों का सैलाब, एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

ये भी पढ़ें- बिहार का वो मंदिर जहां हिंदू-मुस्लिम एक साथ टेकते हैं माथा, 18वीं सदी से चली आ रही परंपरा; पढ़ें रोचक बातें