Move to Jagran APP

Bihar Eid Ul Fitr 2023: बिहार में कल मनाई जाएगी ईद, राजधानी पटना में हाई अलर्ट, 48 कंपनी अतिरिक्त बल तैनात

बिहार में ईद के मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 48 कंपनी अतिरिक्त बल तैनात करने के साथ राजधानी पटना हाई अलर्ट पर है। 29 बीसैप कंपनियां 12 कंपनी क्षेत्रीय रिजर्व बल 7 कंपनी केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल 5700 होमगार्ड के जवान को तैनात किया गया है।

By Kumar RajatEdited By: Yogesh SahuUpdated: Fri, 21 Apr 2023 09:24 PM (IST)
Hero Image
Bihar Eid Ul Fitr 2023: बिहार में कल मनाई जाएगी ईद, राजधानी पटना में हाई अलर्ट

राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar Eid Ul Fitr 2023 बिहार में ईद के मौके पर शांति-व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था को लेकर राज्य के सभी जिलों में सुरक्षा बलों की चार दर्जन कंपनियां तैनात की गई हैं।

वहीं, प्रदेश की राजधानी पटना को हाई अलर्ट पर रखा गया है। यहां सर्वाधिक पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

पुलिस मुख्यालय के एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने शुक्रवार को बताया कि सभी जिलों में संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों को चिह्नित कर दंडाधिकारी, मेडिकल टीम, एंबुलेंस, अग्निशमन सेवा के साथ क्विक रिस्पांस टीम की तैनाती की गई है।

बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल की 29 कंपनी, क्षेत्रीय रिजर्व बल की 12 कंपनी के साथ केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की सात कंपनियों की भी तैनाती की गई है।

पटना, रोहतास, नालंदा, गया, सिवान और दरभंगा जैसे जिलों में केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल भेजा गया है। 5700 गृहरक्षकों की भी ड्यूटी लगाई गई है।

पटना में दंगा निरोधक दस्ता तैनात, गांधी मैदान में बना कंट्रोल रूम

ईद को लेकर सबसे अधिक पुलिस बल की तैनाती पटना में की गई है। यहां बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की चार कंपनी के साथ राज्य दंगा निराधक दस्ता की एक कंपनी भी लगाई गई है।

इसके अलावा अर्द्धसैनिक बल की एक कंपनी, 300 गृहरक्षक लगाए गए हैं। गांधी मैदान में आयोजित होने वाली ईद की नमाज को लेकर कंट्रोल रूम बनाया गया है।

यहां पांच डीएसपी और 54 पदाधिकयारियों के साथ 200 बल को विशेष तौर पर रखा गया है। अनुमंडल स्तर पर भी आधा दर्जन नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं।

पटना में नमाज के साथ अन्य महत्वपूर्ण 350 स्थलों पर 995 स्टेटिक बलों की प्रतिययुक्ति की गई है। इसके अलावा वज्र वाहन, वाटर कैनन, अग्निमशन वाहनों आदि का इंतजाम रखा गया है।

पटना: गांधी मैदान में बना चार बेड का अस्थायी अस्पताल

ईद की नमाज पर गांधी मैदान में किसी चिकित्सकीय आपात स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर सिविल सर्जन डा. श्रवण कुमार ने चार बेड के एक अस्थायी अस्पताल समेत छह एंबुलेंस और मेडिकल टीमें तैनात की हैं।

शुक्रवार को सभी मेडिकल टीम ने जीवन रक्षक दवाएं व जांच उपकरण मुख्य भंडारगृह से प्राप्त कर लिए हैं। डाक्टर से लेकर चतुर्थ श्रेणी चिकित्सीय कर्मचारी तक को निर्धारित पोशाक में रहने को कहा गया है, ताकि लोग दूर से उन्हें पहचान कर मदद प्राप्त कर सकें।

सिविल सर्जन ने बताया कि चार बेड का अस्थायी अस्पताल बनाया गया है। यहां दो डाक्टर, एक ए ग्रेड समेत तीन नर्स, एक फार्मासिस्ट और दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को प्रतिनियुक्त किया गया है।

इसके अलावा रिजर्व बैंक गेट, रेडक्रास के सामने, मैदान के बीचोबीच झंडोतोलन स्थल पर, उद्योग भवन के पास एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम तैनात रहेगी।

जिला नियंत्रण कक्ष पर एंबुलेंस के साथ एक मेडिकल टीम तैनात रहेगी। अस्थायी अस्पताल में बेड, आवश्यक उपकरण, दवाओं की व्यवस्था महामारी पदाधिकारी प्रशांत कुमार करेंगे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दिए जाने वाले खाद्य व पेय पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए एक डा. अवधेश कुमार व खाद्य संरक्षा पदाधिकारी अजय कुमार को तैनात किया गया है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश व देशवासियों को ईद की मुबारकबाद दी

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद के मौके पर प्रदेश व देशवासियों विशेषकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद की बधाई दी है।

मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि पवित्र रमजान के महीने में रोजेदारों द्वारा की गई इबादतों से उनके घर-परिवार के साथ-साथ प्रदेश और देश में शांति एवं, समृद्धि आएगी।

मेरी कामना है कि समाज में अमन-चैन, भाईचारा कायम रहे। ईद का दिन ईनाम का दिन है। खुदा इस मुबारक दिन पर अपने नेक बंदों को ईनाम से नवाजते हैं। हम सब पर वह अपनी रहमतों की बारिश करें। हम सबों का जीवन सुख, शांति, समृद्धि से भरा रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत एक महान देश है। यहां विभिन्न धर्मों, संप्रदायों एवं मतावलंबियों के बीच पारस्परिक सौहाद्र, प्रेम और सहिष्णुता बेमिसाल है।

यहां सभी लोग एक दूसरे के पर्व त्योहारों में शामिल होकर खुशियां बांटते हैं। एक दूसरे के धर्म का सम्मान करते हैं। इसी से प्रदेश एवं देश को मजबूती मिलती है।

बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष ने दी ईद की शुभकामनाएं

बिहार कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य डा. अखिलेश प्रसाद सिंह ने ईद-उल-फितर के मौके पर पूरे राष्ट्र तथा राज्यवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

उन्होंने कहा कि यह शुभ अवसर समाज में एकता, भाईचारा और सभी के अंदर प्रेम की भावना का संचार करे और संपूर्ण राष्ट्र एवं बिहार प्रदेश को भाईचारे तथा सद्भावना के बंधन में बांधे। यह पर्व चारों ओर सुख, शांति और समृद्धि लाए।

ईद शांति, सदभाव व भाईचारे का त्योहार : पारस

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री पशुपति कुमार पारस ने देशवासियों को ईद के शुभ अवसर पर शुभकामनाएं दी हैं। ईद शांति, सद्भाव, आपसी भाईचारा का त्योहार है।

पारस ने कहा कि ईद के मौके पर यही दुआ है कि सभी देशवासी हमेशा स्वस्थ रहें, खुश रहें और सलामत रहें। सभी के लिए खुशियों, समृद्धि के दरवाजे को खुलें।

मुजफ्फरपुर जंक्शन: सुबह 7 से नौ बजे तक 19 से 21 नंबर लाइन तक नहीं गुजरेगी ट्रेन

ईद की नमाज को लेकर मुजफ्फरपुर जंक्शन पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। शनिवार को सुबह सात से नौ बजे तक 19 से 21 नंबर लाइन में मालगाड़ी या अन्य ट्रेनों को नहीं गुजारा जाएगा।

इसको लेकर आरपीएफ ने जंक्शन के परिचालन विभाग को पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि वहां एक धार्मिक स्थल है, जहां ईद पर नमाज के लिए काफी संख्या में लोग आते हैं।

इसको लेकर एतियात बरती जाए। इसके अलावा जंक्शन पर आने वाली ट्रेनों को भी धीमी गति से गुजारने के लिए कहा गया है।

भोजपुर: ईद को ले 125 मजिस्ट्रेट व सैकड़ों पुलिस बल तैनात

भोजपुर जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्वक ईद पर्व मनाए जाने को लेकर प्रशासन पूरी तरह से एलर्ट मोड में है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में कुल 125 स्थानों पर मजिस्ट्रेट व सैकड़ों पुलिस बल को तैनात किया गया है।

डीएम-एसपी ने संयुक्त आदेश जारी करते हुए जिले के सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती किए जाने के साथ-साथ 35 ओपी और थाना क्षेत्रों में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट की तैनाती की है।

सभी पदाधिकारियों को 21 अप्रैल की शाम से लेकर 22 अप्रैल की शाम तक ड्यूटी पर तैनात रहने का निर्देश दिया गया है

नवादा: 237 स्थानों पर दंडाधिकारी की हुई प्रतिनियुक्ति

जिलाधिकारी उदिता सिंह व पुलिस अधीक्षक अम्ब्रीष राहुल ने ईद त्योहार पर जिलावासियों को बधाई दी। साथ ही ईद त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्तादेश जारी किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि ईद त्योहार पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु जिले के 237 स्थानों पर दण्डाधिकारी, सशस्त्र बल एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी को त्योहार के दिन स्थिति सामान्य होने तक कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।