'मछली मारना, बेचना और खाना...', फिश पॉलिटिक्स से सहनी का किसे इशारा; बिहार में फिर मचेगा सियासी बवाल!
Bihar Politics लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई है। सभी पार्टियां अपनी-अपनी जीत की तैयारी को लेकर रणनीति तैयार करने में जुट गई है। इसी बीच विकासशील इंसान पार्टी चुनाव की तैयारियां को लेकर भागलपुर में गंगा क्रूज पर बैठक की। इस दौरान 43 किलो वजनी मछली के साथ मुकेश सहनी बैठक करने पहुंचे।
राज्य ब्यूरो, पटना। लोकसभा चुनाव बीतने के बाद अब विकासशील इंसान पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। चुनावी तैयारियों को लेकर पार्टी नेताओं के साथ विचार-विमर्श करने पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी भागलपुर में गंगा क्रूज पर पहुंचे। इस बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के अध्यक्ष और कमेटी के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
सहनी ने बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं से आह्वान किया कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। सहनी ने बैठक की टेबल पर दो कतला मछली भी रखी, जिसका वजन 43 किलो था। उन्होंने कहा कि मेरे साथ मछली देखकर कई लोग परेशान हो जाते हैं, लेकिन मेरा कर्म और धर्म मछली बेचना, मछली मारना और मछली खाना है। मैं मछुआरा का बेटा हूं।
वीआइपी के साथ महागठबंधन का वोट शेयर बढ़ा- सहनी
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भले पार्टी ने सीट नहीं जीती हो, लेकिन वीआइपी के साथ महागठबंधन का वोट शेयर बढ़ा है, जो आने वाले चुनाव के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई अभी भी निषाद आरक्षण की है। जब तक बिहार, झारखंड और यूपी में निषादों को आरक्षण नहीं मिल जाता उनका संघर्ष जारी रहेगा।
मुकेश सहनी ने कहा कि आज लोग देश और बिहार की सरकार से ऊब गए है। इसका साफ संकेत लोकसभा चुनाव परिणाम ने दे दिया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में हम अच्छा परिणाम भी देगा।
ये भी पढ़ें-
Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव में NDA को कितनी सीटें आएंगी? ललन सिंह ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी