Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

G-20 के रात्रि भोज में शामिल होने दिल्ली जाएंगे नीतीश कुमार, निमंत्रण पत्र पर विपक्षी दलों ने जताया है ऐतराज

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी-20 के विदेशी मेहमानों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दिए जा रहे रात्रि भोज में शामिल होने नई दिल्ली जाएंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी इस विशेष रात्रि भोज में आमंत्रित किया है। यह भोज नौ सितंबर को आयोजित है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नौ सितंबर को ही दिल्ली जाएंगे।

By Jagran NewsEdited By: Mohit TripathiUpdated: Fri, 08 Sep 2023 01:17 AM (IST)
Hero Image
लंबे समय बाद PM मोदी से मुलाकात करेंगे CM नीतीश। (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, पटना: जी-20 के विदेशी मेहमानों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दिए गए रात्रि भोज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे। यह भोज नौ सितंबर को आयोजित है।

राष्ट्रपति ने देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी इस विशेष रात्रि भोज में आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री नौ सितंबर को ही दिल्ली जाएंगे।

लंबे समय बाद PM मोदी से मुलाकात करेंगे CM नीतीश

लंबी अवधि के बाद यह मौका होगा, जब किसी आयोजन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुलाकात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से किसी कार्यक्रम में होगी।

पिछले वर्ष मई में जब प्रधानमंत्री विधानसभा के कार्यक्रम में पटना पहुंचे थे, तब उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री से हुई थी।

निमंत्रण पत्र पर विपक्षी दलों ने जताया ऐतराज

राष्ट्रपति द्वारा जी-20 के विदेशी मेहमानों को दिए जा रहे भोज के लिए जो निमंत्रण पत्र बंटा है, उस पर विपक्ष ने इस बात को लेकर आपत्ति जता रखी है कि उसमें प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया की जगह प्रेसिडेंट ऑफ भारत लिखा है। कांग्रेस सहित विपक्ष के सभी दलों ने इस पर एतराज जताया है।

CM आज रखेंगे गया जी धाम में धर्मशाला निर्माण की आधारशिला

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को गया में गया जी धाम धर्मशाला निर्माण की आधारशिला रखेंगे। इसके पूर्व गुरुवार को पर्यटन सचिव अभय कुमार, प्रबंध निदेशक नंद किशोर, पर्यटन निदेशक विनय कुमार ने शिलान्यास स्थल का मुआयना किया।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा गया धाम

गया जी धाम में आधुनिक सुविधाओं से युक्त धर्मशाला बनने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों को उच्च गुणवत्तापूर्ण पर्यटकीय सुविधा मिल सकेंगी। इससे पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, सरकार को राजस्व की प्राप्ति होगी, साथ ही आसपास के स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिल सकेगा।

120 करोड़ की लागत की लागत से होगा निर्माण

मंत्रिमंडल ने पांच सितंबर को 120 करोड़ की लागत वाली आधुनिक धर्मशाला के निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया है। धर्मशाला चार मंजिला होगी। जिसमें एक हजार 80 बेड होंगे। यहां चार लिफ्ट, आठ सीढिय़ां, बस, कार पार्किंग और डायनिंग हाल के साथ किचन, जनरल स्टोर, सुधा स्टोर और आइसक्रीम पार्लर भी होगा।

सोलर पावर जेनरेशन सिस्टम से होगा लैस

इस धर्मशाला में सोलर पावर जेनरेशन सिस्टम भी लगाया जाएगा, ताकि बिजली की निर्बाध आपूर्ति हो सके। योजना के तहत पूरे परिसर में चारदीवारी का निर्माण किया जाना है। इस पूरी योजना का कार्यान्वयन बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लि. द्वारा किया जाएगा।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गया जाएंगे, जहां वे इस प्रस्तावित आधुनिक धर्मशाला के निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर