Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बिहार के स्कूलों में घटी छुट्टियां, गिरिराज का आरोप- कल संभव है शरिया लागू हो और हिंदू पर्व मनाने पर रोक लगे

Giriraj Singh Attack On Nitish Kumar Govt बिहार सरकार ने इस वर्ष के शेष महीनों के लिए स्कूलों में छुट्टियां घटा दी हैं। अब इसे लेकर सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। छुट्टियां घटाए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने नीतीश सरकार को आड़े हाथों लिया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इसे लेकर जमकर हमला बोला है।

By Jagran NewsEdited By: Yogesh SahuUpdated: Wed, 30 Aug 2023 09:02 AM (IST)
Hero Image
बिहार: स्कूल में घटी छुट्टियां, गिरिराज बोले- कल संभव है शरिया लागू हो और हिंदू पर्व मनाने पर रोक लगे

जागरण डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में स्कूलों की छुट्टियां घटाए जाने को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बता दें कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष के शेष महीनों के लिए स्कूलों में छुट्टियां घटाई हैं।

छुट्टियां घटाए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने नीतीश सरकार को आड़े हाथों लिया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इसे लेकर जमकर हमला बोला है। 

उन्होंने हमला बोलते हुए कहा है कि कल संभव है कि बिहार में शरिया लागू कर दी जाए और हिंदू त्योहार मनाने पर रोक लग जाए।

बिहार सरकार के छुट्टियां घटाए जाने को लेकर गिरिराज सिंह ने बुधवार को अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट साझा की है।

इसमें उन्होंने लिखा है कि शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पूजा की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। कल संभव है कि बिहार में शरिया लागू कर दी जाए। और हिंदू त्योहार मनाने पर रोक लग जाए।

कल संभव है कि बिहार में शरिया लागू कर दी जाये और हिंदू त्योहार मनाने पर रोक लग जाये।— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) August 30, 2023

बिहार के सरकारी स्कूलों में रक्षाबंधन पर अवकाश नहीं

राज्य के विद्यालयों में अब रक्षाबंधन की छुट्टी नहीं रहेगी। माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में 31 अगस्त को छुट्टी घोषित थी, जिसमें अब बदलाव कर दिया गया है।

शिक्षा विभाग ने मंगलवार को सितंबर से दिसंबर तक विद्यालयों की छुट्टी की नई तिथि जारी की है। अभी से दिसंबर तक विभिन्न पर्व-त्योहारों पर स्कूलों में 23 छुट्टियां थीं, जिसे घटाकर 11 कर दिया गया है।

हाल के दिनों में राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में सुधार के संबंध में कई निर्णय लेकर चर्चा में आए विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक के निर्देश पर प्रारंभिक से उच्च माध्यमिक तक के स्कूलों में छुट्टियों की नई तिथि जारी की गई है।

दुर्गापूजा में स्कूलों में छह दिनों की छुट्टी थी, जिसे अब रविवार जोड़कर तीन दिनों का कर दिया गया है। पूर्व की घोषणा के अनुसार दिवाली से छठ पूजा तक 13 नवंबर से 21 नवंबर तक छुट्टी थी।

अब दिवाली पर 12 नवंबर, चित्रगुप्त पूजा पर 15 नवंबर को तथा छठ पूजा पर 19 और 20 नवंबर को छुट्टी रहेगी।

विभाग ने कहा है कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 में पहली से पांचवीं तक के लिए कम से कम 200 दिन तथा छठी से आठवीं तक की कक्षा के लिए कम से कम 220 दिनों के कार्य दिवस का प्रविधान है।

रक्षाबंधन पर अब सरकारी छुट्टी गुरुवार को होगी

रक्षाबंधन के मौके पर राज्य सरकार ने बुधवार की जगह गुरुवार को छुट्टी की घोषणा की है। सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को इस आशय का संशोधित आदेश जारी किया।

सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना में कहा गया है कि राजकीय संस्कृत महाविद्यालय, काजीपुर, पटना के पत्र के अनुसार 30 अगस्त यानी बुधवार को रक्षाबंधन की छुट्टी पर सरकारी दफ्तरों के लिए प्रतिबंधित अवकाश घोषित था।

अब यह सूचना दी गई है कि रक्षाबंधन 31 अगस्त यानी गुरुवार को है। प्रतिबंधित अवकाश 31 अगस्त, गुरुवार को रहेगा।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर