Move to Jagran APP

कांग्रेस की नजर में गिरिराज की हिंदू स्वाभिमान यात्रा 'नौटंकी', JDU बोली- नीतीश राज में मंदिर-मस्जिद गुलजार

गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) की हिंदू स्वाभिमान यात्रा को लेकर कांग्रेस ने आलोचना की है जबकि जदयू ने सांकेतिक विरोध किया है। कांग्रेस ने इसे पाखंड करार दिया है और पूछा है कि क्या बिहार में हिंदू स्वाभिमान खतरे में है? जदयू ने कहा है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में मंदिर-मस्जिद गुलजार हैं और विकास हो रहा है।

By Arun Ashesh Edited By: Rajat Mourya Updated: Mon, 14 Oct 2024 08:34 PM (IST)
Hero Image
केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह (फाइल फोटो- PTI)

राज्य ब्यूरो, पटना। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) की प्रस्तावित हिंदू स्वाभिमान यात्रा की कांग्रेस ने खुल कर आलोचना की है, जबकि जदयू ने सांकेतिक रूप में इसका विरोध किया है।

जदयू के मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री नीरज कुमार ने सोमवार को अपने एक्स हैंडल पर लिखा-ग्लोबल थिंकर व क्लाइमेट लीडर की उपाधि पा चुके मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भीषण ठंड में भी जनता से संवाद करते रहे हैं। अंग प्रदेश हो या सीमांचल सभी जगह मंदिर हो या मस्जिद सबको गुलजार किया और बिहार में खुशनुमा माहौल के साथ विकास की नई इबारत लिखी है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय मिडिया पैनलिस्ट और और पूर्व विधान पार्षद प्रेम चंद्र मिश्रा ने गिरिराज सिंह की यात्रा को पाखंड करार दिया है। उन्होंने पूछा कि क्या बिहार में हिंदू स्वाभिमान खतरे में है? बिहार में तो उन्हीं लोगों की सरकार है फिर ऐसी यात्रा क्यों ?

उन्होंने गिरिराज सिंह को बांग्लादेश जाकर वहां रह रहे हिंदुओं के हितों की सुरक्षा और उनके स्वाभिमान जगाने हेतु यात्रा निकालने की सलाह दी।

स्मार्ट मीटर के विरुद्ध कांग्रेस का जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन

ऊर्जा विभाग के द्वारा लगाए जा रहे प्रीपेड स्मार्ट मीटर के विरुद्ध कांग्रेस ने बुधवार को सभी जिला मुख्यालयों में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने प्रत्येक जिले के प्रभारियों को निर्देश दिया है कि जिलाध्यक्ष के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं को लेकर ऊर्जा विभाग के कार्यालय तक मार्च और उसके बाहर प्रदर्शन करेंगे।

कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने बताया कि इससे पहले नालंदा और कैमूर जिला मुख्यालयों में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी मोहन प्रकाश और प्रदेश अध्यक्ष ने जनजागरण अभियान का नेतृत्व किया था।

कांग्रेस की सरकारों ने बिहार की बाढ़ समस्या को कभी गंभीरता से नहीं लिया : सम्राट चौधरी

उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि भारी वर्षा के बाद नेपाल से आने वाले लाखों क्यूसेक वर्षा जल से हर साल उत्तर बिहार की नदियों में आने वाली भीषण बाढ़ की समस्या को कांग्रेस की सरकारों ने कभी गंभीरता से नहीं लिया। वहीं, अटल बिहारी वाजपेयी और अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने बाढ़-नियंत्रण और जल प्रबंधन को उच्च प्राथमिकता दी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार से गुजरने वाली गंगा के जल का उचित प्रबंधन कर एक मॉडल पेश किया, जिससे आज गंगा जल मोक्षधाम गया, नवादा और राजगीर को भी मिलने लगा है।

ये भी पढ़ें- Bihar Politics: 'लालू-राबड़ी शासनकाल में अपराधी कानून को...', मंत्री मंगल पांडेय का तेजस्वी यादव पर पलटवार

ये भी पढ़ें- Bihar Politics: IAS से लेकर IFS तक... विधानसभा चुनाव से पहले नौकरशाहों पर चढ़ा खादी का रंग; लिस्ट में ये दिग्गज भी शामिल

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें