Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'आंख के तारे', जदयू ने भाजपा को बताया परिवारवाद की सबसे बड़ी पोषक पार्टी, पूछे पांच सवाल

JDU Attack On BJP जदयू प्रदेश कार्यालय में शनिवार को आयोजित किए गए एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने परिवारवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कुछ नामों को गिनाते हुए पांच सवाल भी पूछे। जदयू के प्रदेश प्रवक्ता हिमराज राम तथा डा. सुनील कुमार सिंह भी इस मौके पर उनके साथ मौजूद थे।

By BHUWANESHWAR VATSYAYANEdited By: Yogesh SahuUpdated: Sat, 19 Aug 2023 08:19 PM (IST)
Hero Image
'आंख के तारे', जदयू ने भाजपा को बताया परिवारवाद की सबसे बड़ी पोषक पार्टी, पूछे पांच सवाल

JDU Attack On BJP : राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने शनिवार को कहा कि दूसरों पर परिवारवाद व अपराध का आरोप लगाने वाली भाजपा इसके सबसे बड़े पाेषक दल के रूप में है।

बिहार से लेकर केंद्र तक खास परिवारों के चिराग आज भाजपा की आंख के तारे बने हुए हैं। जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने यह बात कही। जदयू के प्रदेश प्रवक्ता हिमराज राम तथा डा. सुनील कुमार सिंह भी इस मौके पर मौजूद थे।

परिवारवादी अहम पदों पर काबिज

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के पुत्र जयंत सिन्हा, पूर्व मंत्री ठाकुर प्रसाद के पुत्र रविशंकर प्रसाद, वेदप्रकाश गोयल के पुत्र पीयूष गोयल, प्रेम कुमार धूमल के पुत्र अनुराग ठाकुर, राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह, प्रमोद महाजन की पुत्री पूनम महाजन आदि परिवारवादी परंपरा के कारण ही महत्वपूर्ण पदों पर काबिज हैं।

जदयू ने पूछे पांच सवाल

जदयू प्रवक्ताओं ने भाजपा से पांच सवाल पूछे हैं। उन्होंने यह पूछा कि अपने नेताओं के पुत्र-पुत्रियों को ऊंचे पदों पर रखना क्या परिवारवाद नहीं? भाजपा बताए कि एक खास परिवार से ताल्लुक रखने के अलावा इन नेताओं की योग्यता क्या है?

केंद्र व राज्य में मंत्री बने उनके नेताओं के बाल-बच्चों का पार्टी के लिए योगदान सामान्य राजनीतिक कार्यकर्ता से अधिक कैसे? क्या यह राजनीतिक पृष्ठभूमि से आए आम कार्यकर्ताओं की हकमारी नहीं है।

जदयू प्रवक्ताओं ने कहा कि भाजपा कानून व्यवस्था को लेकर झूठी बातें फैला रही है। महागठबंधन की सरकार बनने के बाद हत्या के मामले में 32, डकैती में 30, चोरी में 17, दंगों में 79 तथा अपहरण के मामले में 10 फीसद कमी आई है।

शासन पर सरकार का नियंत्रण समाप्त: रालोजद

इधर, राष्ट्रीय लोक जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश सिंह कुशवाहा एवं राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता ई. शम्भू नाथ सिन्हा ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों का तांडव हो रहा है।

समाज का कोई भी ऐसा वर्ग नहीं बचा, जिन्हें अपराधियों ने निशाना नहीं बनाया। अररिया में पत्रकार विमल कुमार यादव एवं समस्तीपुर के एक थानाध्यक्ष नन्द किशोर यादव की हत्या यह दर्शाने के लिए पर्याप्त हैं कि बिहार में कानून व्यवस्था की हालत कितनी चिंताजनक है।

नेताओं ने कहा कि राजधानी पटना में ही प्रतिदिन हत्या, लूट एवं डकैती की घटनाएं हो रही हैं। लगता है सरकार का शासन पर नियंत्रण समाप्त हो गया है।