Move to Jagran APP

Bihar Politics: विपक्ष के प्रतिरोध मार्च में लालू परिवार क्यों नहीं आया नजर? ये बड़ी वजह आई सामने

Bihar Political News आईएनडीआईए गठबंधन ने राज्य में बढ़ती अपराध दर के खिलाफ पूरे बिहार में विरोध मार्च निकाला। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेतृत्व में छह दलों ने राज्य में विफल कानून-व्यवस्था को लेकर बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर और सभी 38 जिलों के जिलाधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा। हालांकि इस मार्च में खुद लालू परिवार शामिल नहीं हो सका। इसकी बड़ी वजह भी सामने आई है।

By Arun Ashesh Edited By: Sanjeev Kumar Updated: Sat, 20 Jul 2024 08:58 PM (IST)
Hero Image
तेजस्वी यादव, लालू यादव और राबड़ी देवी (जागरण)

राज्य ब्यूरो, पटना। I.N.D.I.A Alliance Protest: राज्य में बढ़ते अपराध के विरूद्ध शनिवार को पटना में आयोजित आइएनडीआइए के प्रतिरोध मार्च में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद परिवार के कोई सदस्य शामिल नहीं हुए। मार्च में इस गठबंधन के सभी घटक दलों-राजद, कांग्रेस, भाकपा, माकपा, भाकपा माले और विकासशील इंसान पार्टी के नेताओं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। ये सब आयकर गोलंबर से डाकबंगला चौराहे तक प्रदर्शन लेकर गए। वहां सभा हुई।

प्रतिनिधिमंडल ने पटना के डीएम को ज्ञापन दिया। यह पहला अवसर है जब विपक्ष के किसी बड़े कार्यक्रम में लालू परिवार के कोई सदस्य शामिल नहीं हुए। प्रसाद स्वयं अस्वस्थ हैं। लेकिन, उनके परिवार के अन्य सदस्यों की सेहत अच्छी है।

विपक्षी दलों ने राज्यव्यापी प्रतिरोध मार्च का आयोजन विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या एवं बढ़ते अपराध के विरोध में किया। प्रतिरोध मार्च की तैयारी के लिए आयोजित बैठक में भी लालू परिवार (Lalu Yadav) के सदस्य नहीं थे। लालू प्रसाद किसी सदन के सदस्य नहीं हैं।

उनके परिवार में एक सांसद और तीन विधायक-विधान परिषद सदस्य हैं। तेजस्वी यादव विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। विधान परिषद में यही दर्जा पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को मिला है। तेज प्रताप यादव राजद के विधायक हैं। जबकि लालू प्रसाद की बड़ी पुत्री डा. मीसा भारती पाटलिपुत्र लोकसभा क्षेत्र से राजद की सांसद हैं।

तेजस्वी यादव सपरिवार देश से बाहर की यात्रा पर

राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद को 24 घंटे देखरेख की जरूरत पड़ती है। इसलिए राबड़ी देवी उन्हें छोड़ कर कहीं नहीं जाती हैं। तेजस्वी यादव सपरिवार देश से बाहर की यात्रा पर हैं। राजद के एक पदाधिकारी ने बताया कि सांसद डा. मीसा भारती लोकसभा सत्र के कारण नई दिल्ली में हैं।

तेज प्रताप यादव धार्मिक यात्रा पर

सत्र 22 जुलाई को है और मार्च शनिवार को हुआ। इसमें कांग्रेस के सांसद डा. अखिलेश सिंह शामिल थे।  विधायक तेज प्रताप यादव के बारे में बताया गया कि वह कहीं धार्मिक यात्रा पर निकले हुए हैं। इससे पहले लालू प्रसाद के परिवार को उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी की शादी में एकसाथ देखा गया था।

ये भी पढ़ें

Bihar Cabinet Meeting: पंचायत के टेंडर में मुखिया का पावर खत्म; अब इस नियम का होगा पालन; पढ़ें कैबिनेट के 10 फैसले

Giriraj Singh: बिहार के इन 4 शहरों पर मेहरबान हुए गिरिराज, बेगूसराय को भी बड़ी सौगात देने का एलान; बढ़ेगा रोजगार

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।