Move to Jagran APP

आरा में टहलने निकली चार महिलाओं के लिए काल बनकर आई स्‍कार्पियो, टक्‍कर के बाद 20 फीट दूर मिले शव

Big Breaking भोजपुर जिले के पीरो थानान्तर्गत देवचंदा पुल के समीप बिहियां - बिहटा स्टेट हाइवे पर अनियंत्रित स्कार्पियो ने चार महिलाओं को रौंदा। मौके पर चारों की मौत हो गई। हादसा इतना वीभत्स हुआ है कि महिलाओं के शव दूर खेत में चला गया।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Updated: Fri, 29 Oct 2021 12:25 PM (IST)
Hero Image
भोजपुर जिले के पीरो में बड़ा सड़क हादसा। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर
आरा, जागरण टीम। Road Accident in Piro, Ara, Bhojpur: भोजपुर (आरा) जिले के पीरो में शुक्रवार की सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। पीरो थाना क्षेत्र के अंतर्गत देवचंदा पुल के समीप बिहियां - बिहटा स्टेट हाइवे (Bihia - Bihta State Highway) पर अनियंत्रित स्कार्पियो ने चार महिलाओं को रौंद दिया। हादसा इतना वीभत्स हुआ है कि महिलाओं के शव वाहन की टक्‍कर से उड़कर दूर खेत में जा गिरे थे। मरने वाली सभी महिलाओं की पहचान हो गई है। हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। घटनास्‍थल पर सैकड़ों की भीड़ जुट गई थी। लोगों ने करीब पांच घंटे तक सड़क को जाम कर यातायात बाधित रखा। अधिकारियों के समझाने के बाद अब यातायात सामान्‍य कर दिया है।

सड़क जाम कर हंगामा कर रहे थे लोग

दुर्घटना से गुस्साए ग्रामीण सड़क पर उतर गए और बिहियां - बिहटा हाइवे को जाम कर दिया था। यह हादसा सुबह पांच बजे के आसपास हुआ। एसडीएम और डीएससी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। थानेदार नंदकिशोर सिंह ने बताया कि दाेपहर 11 बजे सड़क जाम समाप्त करा दिया गया। उन्‍होंने बताया कि प्रत्‍येक परिवार को 20 हजार रुपये परिवारिक लाभ के तहत प्रखंड कार्यालय की ओर से दिए जाएंगे। तीन हजार रुपए कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत नगर परिषद की ओर से दिए गए हैं।

सुबह पहर टहलने निकली थीं महिलाएं, तभी हुआ हादसा

बताया जाता है कि ओझवलिया सहित अन्य गांवों के लोग मार्निंग वाक के लिए प्रतिदिन देवचंदा पुल की तरफ जाते हैं। इनमें महिलाओं की तादाद काफी रहती है। शुक्रवार की अहले सुबह उक्त चारों महिलाएं भी टहलने निकली थीं। इसी दौरान पीरो की ओर से जा रही स्कार्पियो ने चारों महिलाओं को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही चारों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में पीरो के ओझवलिया निवासी अशोक कुमार सिंह की 51 वर्षीय पत्नी सरस्वती देवी, शिक्षक हरिप्रसाद सिंह की 62 वर्षीय पत्नी उर्मिला देवी, डीलर वकील सिंह की 52 वर्षीय पत्नी मोतीझारो देवी तथा बरौली निवासी राम सुंदर सिंह की 66 वर्षीय पत्नी मालती देवी शामिल हैं।

सड़क जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस

इधर, दुर्घटना के बाद  आसपास के गांवों के ग्रामीण जुट और हो-हंगामा करना शुरू दिया। बिहियां - बिहटा को जाम कर दिया, जिससे वाहनों का परिचालन अवरुद्ध हो गया। इधर, सूचना मिलने  पर पीरो थाना पुलिस भी वहां पहुंच गई। पीरो सहित आसपास के थानों की पुलिस कैंप कर रही है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।