Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar Politics: सम्राट चौधरी की जिम्मेदारी ट्रांसफर, अब दिलीप जायसवाल के हाथों में बिहार BJP की कमान

बिहार बीजेपी में बड़ा फेरबदल हुआ है। शीर्ष नेतृत्व ने सम्राट चौधरी से प्रदेश अध्यक्ष जिम्मेदारी दिलीप जायसवाल को ट्रांसफर कर दी है। अब दिलीप जायसवाल के हाथों में बिहार बीजेपी की कमान है। वैश्य में कलवाड़ समुदाय से आने वाले दिलीप जायसवाल पूर्व में पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर टॉप लीडरशिप का धन्यवाद किया है।

By Raman Shukla Edited By: Rajat Mourya Updated: Fri, 26 Jul 2024 07:28 AM (IST)
Hero Image
बिहार BJP के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और डिप्टी CM सम्राट चौधरी। (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, पटना। भाजपा ने विधान पार्षद (MLC) व राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल को नया प्रदेश अध्यक्ष (Bihar BJP President Dilip Kumar Jaiswal) मनोनीत किया है। गुरुवार की देर रात पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर भाजपा के मुख्यालय प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने जायसवाल के नाम मनोनयन पत्र जारी कर दिया है।

वैश्य में कलवाड़ समुदाय से आने वाले दिलीप जायसवाल पूर्व में पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। दिलीप जायसवाल को अध्यक्ष बनाए जाने के निर्णय के बाद उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है।

प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद जायसवाल ने राष्ट्रीय नेतृत्व को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि हमें प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व देने के लिए प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व को धन्यवाद।

लगातार चार बार से पिछड़ा पर दांव

कांग्रेस पृष्ठभूमि वाले नीतीश सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल सीमांचल इलाके में अब भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता हैं।

अहम यह है कि पार्टी ने लगातार चौथी बार पिछड़ा समुदाय के व्यक्ति को बिहार की कमान दी है। इससे पहले सम्राट चौधरी, संजय जयसवाल और नित्यानंद राय भी पिछड़ा वर्ग से ही अध्यक्ष बनाए गए थे।

लंबे समय तक कोषाध्यक्ष भी रह चुके दिलीप जायसवाल

मूल रूप से खगड़िया जिले के रहने वाले दिलीप त्रिस्तरी पंचायत क्षेत्र से विधान परिषद के सदस्य रूप में लगातार तीसरी बार चुनकर आए हैं। बिहार भाजपा के लंबे समय तक कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

कुशवाहा समाज से आने वाले सम्राट चौधरी के बाद अब वैश्य नेता को भाजपा की कमान सौंपी गई है। वैसे सम्राट चौधरी से पहले वैश्य में कलवाड़ समुदाय के संजय जायसवाल प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभाल चुके हैं।

बता दें, 23 मार्च 2023 को सम्राट चौधरी को बिहार भाजपा का दायित्व गया था। आलाकमान ने उन्हें बिहार भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। तब सम्राट चौधरी विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में थे। अब वे भाजपा विधान मंडल दल के नेता हैं। साथ ही उप मुख्यमंत्री हैं। संजय जायसवाल के बाद सम्राट चौधरी को पार्टी की कमान सौंपी गई थी।

ये भी पढ़ें- Tejashwi Yadav: तेजस्वी यादव ने अचानक बुलाई विधायक दल की बैठक, सभी MLA को दिया नया आदेश; CM नीतीश की बढ़ेगी टेंशन?

ये भी पढ़ें- Bihar Politics: नई पार्टी बनाएंगे आरसीपी सिंह? खुद दे दिया जवाब; अचानक करने लगे नीतीश कुमार की भी तारीफ