Nabinagar Vidhan Sabha Seat 2025: नबीनगर में सिंचाई की सुविधा बढ़ी, सड़क की नहीं हुई मरम्मत
Nabinagar Vidhan Sabha Seat 2025 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ राजद की सरकार बनने पर विधायक ने अपने क्षेत्र में कई विकास योजनाएं स्वीकृत कराई। सिंचाई क्षेत्र में नबीनगर विधानसभा क्षेत्र के गांव आत्मनिर्भर होते गए लेकिन सड़क निर्माण में अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई है। नबीनगर-टंडवा पथ समेत कई महत्वपूर्ण सड़कें बदहाल स्थिति में हैं जहां वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
सनोज पांडेय, औरंगाबाद। समाजवादी पार्टी के बाद लोक जनशक्ति पार्टी से वर्ष 2005 में राजनीति की शुरुआत करने वाले नबीनगर प्रखंड के कालापहाड़ गांव निवासी विजय कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह ने वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार के रूप में भाग लिया। लालू परिवार के करीबी माने जाने वाले डब्लू ने जदयू के वीरेंद्र कुमार सिंह को पराजित किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ राजद की सरकार बनने पर विधायक ने अपने क्षेत्र में कई विकास योजनाएं स्वीकृत कराई।
सिंचाई के क्षेत्र में नबीनगर विधानसभा क्षेत्र के गांव आत्मनिर्भर होते गए हैं, लेकिन सड़क निर्माण में अपेक्षित सफलता नहीं मिल पाई है।
नबीनगर-टंडवा पथ समेत कई महत्वपूर्ण सड़कें बदहाल स्थिति में हैं, जहां वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। हालांकि, ग्रामीण सड़कों का निर्माण हुआ है, लेकिन यह गति अपेक्षित नहीं रही।
वर्तमान में नबीनगर में दो बिजली परियोजनाओं से 2,960 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है, जिससे देश के विभिन्न हिस्सों में विद्युत की आपूर्ति की जा रही है।
30 मई 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नबीनगर एनटीपीसी परियोजना परिसर में 800 मेगावाट के तीन बिजली घरों का शिलान्यास किया था, जिससे यहां से 5,360 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा।
इसके अलावा, इंद्रपुरी बराज के पास 500 मेगावाट का सोलर प्लांट प्रस्तावित है, जिसका शिलान्यास विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर सकते हैं।
नबीनगर विधानसभा क्षेत्र 377 चयनित योजनाओं में 237 पूर्ण, बिजली की दो परियोजनाओं से इलाके में 2,960 मेगावाट बिजली का उत्पादन नबीनगर का राजनीतिक परिदृश्य नबीनगर विधानसभा क्षेत्र से बिहार विभूति डा. अनुग्रह नारायण सिंह एवं पूर्व में बिहार के मुख्यमंत्री रहे सत्येंद्र नारायण सिन्हा उर्फ छोटे साहब चुनाव लड़े थे जिस कारण जिले का यह हाट सीट माना जाता है।
वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में राजद के विजय कुमार सिंह उर्फ डब्लू ने जदयू के वीरेंद्र कुमार सिंह को 20,121 मतों से पराजित किया था।
डब्लू को 64,943 एवं वीरेंद्र को 44,822 मत मिले थे। रालोसपा के प्रत्याशी रहे धर्मेंद्र कुमार ने यहां एनडीए का खेल बिगाड़ दिया था। इससे पहले वर्ष 2010 एवं 2015 में जदयू से वीरेंद्र कुमार सिंह विधायक थे।
पांच वर्षों में विधायक को मिले 1,639.62 करोड़ कोरोना काल के बावजूद, विधायक को अपने क्षेत्र में विकास के लिए 1,639.62 करोड़ की निधि मिली, जिसमें से 377 योजनाओं का चयन किया गया। इनमें से 339 योजनाएं स्वीकृत हुईं, जिनमें से 237 का कार्य पूर्ण हो चुका है।
विधायक का दावा विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डब्लू ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भी उन्होंने अपने क्षेत्र में विकास का जो कार्य कराया है, वह पिछले 10 वर्षों में नहीं हुआ।
उन्होंने ग्रामीण सड़कों का निर्माण कराया और बारा-फाल से बबलू लाइन होटल तक 100 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण की स्वीकृति दिलाई।
इसके अलावा, 14 करोड़ की लागत से रेफरल अस्पताल भवन, चेक डैम और चार स्टेडियम के निर्माण की स्वीकृति भी दिलाई।
पांच वर्षों में विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डब्लू ने नबीनगर विधानसभा क्षेत्र में जो विकास की लकीर खिंची है उसे जनता हमेशा याद रखेगी। चुनाव में विधायक को मेहनत का फल मिलेगा। सिंचाई, सड़क, चेक डैम, स्कूल, अस्पताल, कृषि एवं विद्युत के क्षेत्र में बेहतर काम हुए हैं। युवा विधायक 24 घंटे जनता की सेवा में उपलब्ध रहते हैं।
सोनू तिवारी, तिवारीडीह
10 वर्षों के अपने कार्यकाल में विकास के जो कार्य जदयू के वीरेंद्र कुमार सिंह ने कराए थे उसे वर्तमान विधायक मेंटेन नहीं रख सके। सड़कों का हाल यहां क्या है किसी से छिपी नहीं है। नबीनगर शहर का हाल बेहाल है। विधायक के कार्यकाल का एक भी योजना गिनाने लायक नहीं है। इस बार जनता इसका जवाब देगी।
मुकेश कुमार सिंह, नबीनगर
पांच वर्षों में नहीं हुए काम पिछले पांच वर्षों में नबीनगर में कोई ऐसा कार्य नहीं हुआ है, जिसे विधायक जनता के बीच जाकर बता सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक को क्षेत्र की बजाय अपने विकास की चिंता रहती है, जिससे नबीनगर के गांव विकास में 10 वर्ष पीछे चले गए हैं।
वीरेंद्र कुमार सिंह, पूर्व विधायक, जदयू नेता।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।