Bihar Politics: बार-बार एक ही बात दोहरा रहे नीतीश के मंत्री, अब मोदी सरकार पर टिकी निगाहें!
नीतीश कुमार के मंत्री पिछले कुछ दिनों से लगातार बिहार को स्पेशल स्टेटस और विशेष पैकेज की बात दोहरा रहे हैं। अब मंत्री विजय चौधरी ने यही बात कही है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग की हालिया रिपोर्ट बिहार के लिए विशेष राज्य का दर्जा की मांग को औचित्य प्रदान करती है। विजय चौधरी ने यह भी कहा ऐतिहासिक व भौगोलिक कारणों की वजह से बिहार आज भी गरीब है।
राज्य ब्यूरो, पटना। Vijay Chaudhary On Bihar Special Status जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने मंगलवार को कहा कि नीति आयोग की हालिया रिपोर्ट बिहार के लिए विशेष राज्य का दर्जा या फिर विशेष आर्थिक सहायता की मांग को औचित्य प्रदान करती है। जदयू प्रदेश कार्यालय में जन सुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के क्रम में उन्होंने यह बात कही।
विजय चौधरी ने कहा ऐतिहासिक व भौगोलिक कारणों की वजह से बिहार आज भी गरीब है। इसकी भरपाई के लिए राज्यों को विशेष आर्थिक मदद का संवैधानिक प्रविधान किया गया है।
'बिहार भाग्यशाली प्रदेश नहीं है...'
उन्होंने कहा कि बिहार उस मायने में भाग्यशाली प्रदेश नहीं है कि उसके पास अकूत प्राकृतिक संसाधन हों। हमारे पर खनिज संपदा भी नहीं है। इसके बाद भी सीमित संसाधनों से हमने अपनी विश्वसनीयता प्रमाणित की है। विकास के कई मानकों में बिहार आज अधिकांश प्रदेशों से काफी आगे है।
'नीतीश कुमार ने लिया घटना का संज्ञान'
मुकेश सहनी के पिता की हत्या के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूरी घटना को संज्ञान में लिया है। तीव्र जांच के लिए उन्होंने आला पुलिस अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं। सरकार द्वारा एसआईटी का भी गठन हो गया है। अपराधी बहुत जल्द सलाखों के पीछे होंगे।
विजय चौधरी ने यह भी कहा कि आपराधिक घटनाओं पर विपक्ष को राजनीतिक रोटी सेंकने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। जन सुनवाई कार्यक्रम में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा व विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी भी मौजूद थे।
ये भी पढ़ें- Prashant Kishor: अंदर ही अंदर लालू के साथ 'खेला' कर रहे प्रशांत किशोर, 5 कद्दावर नेताओं को कर लिया अपनी साइड