Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'RJD के कई MLA हमारे संपर्क में', Nitish Kumar करने वाले हैं 'खेला'? पता चल गया पूरा प्लान

बिहार में इन दिनों सियासी पारा हाई है। वहीं नीतीश कुमार के खासमखास अशोक चौधरी के ताजा बयान ने राजनीति में नया तड़का लगा दिया है। उन्होंने कहा है कि उनके संपर्क में राजद के कई विधायक हैं और लालू यादव की पार्टी टूटने की कगार पर है। अशोक चौधरी ने यह भी कहा कि तेजस्वी यादव को त्याग करना होगा। केवल गमछा बदलने से कुछ नहीं होने वाला है।

By BHUWANESHWAR VATSYAYAN Edited By: Rajat Mourya Updated: Fri, 06 Sep 2024 09:21 PM (IST)
Hero Image
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू नेता व ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि राजद नेताओं को गलतफहमी है। दरअसल, जदयू नहीं राजद टूट रहा। राजद के कई विधायक हमारे संपर्क में हैं। पत्रकारों से बातचीत के क्रम में उन्होंने यह बात कही।

बता दें कि अशोक चौधरी ने हाल में ही दिल्ली यात्रा के क्रम में कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता से मुलाकात थी। इसी दौरान तेजस्वी यादव ने एक महत्वपूर्ण बैठक मे मुख्यमंत्री से भेंट की थी। इसके बाद कई तरह की चर्चा आरंभ हो गयी थी।

'हम बाइडेन और पुतिन के संपर्क में भी'

अशोक चौधरी ने इस बाबत कहा कि हम तो बाइडेन व पुतिन के संपर्क में भी हैं। खाली कांग्रेस के संपर्क में नहीं हैं।नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की यात्रा के संबंध में पूछे जाने पर उन्हाेंने कहा कि उन्हें त्याग करना होगा। केवल गमछा बदलने से कुछ नहीं होने वाला है। भगवा पहन लेने से कोई पंडित थोड़े हो जाता है।

लुट मचाने को सत्ता में वापसी का ख्वाब देख रहा लालू परिवार: उमेश

जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को कहा कि लूट मचाने की नीयत से सत्ता में वापसी का ख्वाब देख रहा। राजद सुप्रीमो ने परिवार मोह में जेपी-लोहिया के समाजवाद को कलंकित करने का काम किया।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता में बैठकर लूट और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना लालू परिवार का राजनीतिक स्वभाव रहा है। जब भी इन्हें बिहार की बागडोर मिली इन्होंने राज्य के सरकारी खजाने पर डाका डालने का काम किया। समाज के शोषित व वंचितों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का उन्होंने कभी काम नहीं किया। दलितों व पिछड़ों के प्रति उनकी हमदर्दी केवल चुनावी नारों और राजनीतिक भाषणो में दिखायी देती है। पर 2025 के चुनाव मे उनका सपना धरा का धरा रह जाएगा।

राजद का कुशवाहा-यादव समीकरण विफल साबित होगा: सुमित सिंह

विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुमित कुमार सिंह ने शुक्रवार को कहा कि राजद का कुशवाहा-यादव समीकरण विफल साबित होगा। जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के क्रम में उन्होंने यह बात कही।

सुमित ने कहा कि राजद का कुशवाहा-यादव समीकरण केवल राजनीतिक दिखावा के लिए है। समाज का हर वर्ग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मजबूती से खड़ा है। बिहार के लोग राजद के झांसे में कभी नहीं आने वाले। नीतीश कुमार की सरकार ने बिहार में संगठित अपराध पर पूरी तरह से पूर्ण विराम लगाया। वर्तमान में जो आपराधिक घटनाएं हो रहीं उसके जड़ में आपसी विवाद है।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को आपराधिक घटनाओं पर उपदेश देने से पहले अपने माता-पिता के शासनकाल की तुलना नीतीश कुमार के शासनकाल से करनी चाहिए। जन सुनवाई कार्यक्रम में जदयू नेता प्रो. नवीन आर्या चंद्रवंशी व प्रदेश महासचिव अरुण कुशवाहा भी मौजूद थे।