Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar Politics: नीतीश कुमार '74+68' के फॉर्मूले पर फुल कॉन्फिडेंट! तेजस्वी और लालू को ऐसे देंगे चुनौती

बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों को लेकर जदयू की नई कमेटी की पहली बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए 2010 से भी अधिक सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार देश के आखिरी समाजवादी नेता हैं और उनकी सोच है कि पूरा बिहार मेरा परिवार है।

By BHUWANESHWAR VATSYAYAN Edited By: Rajat Mourya Updated: Mon, 16 Sep 2024 07:59 PM (IST)
Hero Image
लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव।

राज्य ब्यूरो, पटना। 'मिशन 2025' यानी अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2025) की तैयारी को ले जदयू की नयी कमेटी की पहली बैठक सोमवार को जदयू प्रदेश कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पार्टी के स्तर पर आम लोगों को यह बताया जाए कि रील और रियल नेता में क्या अंतर है।

उन्होंने कहा, लोग यात्रा कर रील बना रहे, जबकि नीतीश कुमार निरंतर लोगों की सुविधा बढ़े इसके लिए काम कर रहे। संगठन की इस बड़ी बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों को यह टास्क दिया गया कि आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए खुद को तैयार करें।

'एनडीए 2010 से भी अधिक सीटें जीतेगी'

संजय झा ने कहा कि एक समय जदयू के राजनीतिक रूप से समाप्त होने की बात कही गई, मगर नीतीश कुमार नए राजनीतिक अवतार के साथ सामने आए। आने वाले विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए 2010 से भी अधिक सीटें जीतेगी। आज पूरे देश में जाति आधारित गणना की बात हो रही। इसकी शुरुआत नीतीश कुमार ने ही की है। नीतीश कुमार देश के आखिरी समाजवादी नेता हैं। पूरा बिहार मेरा परिवार उनकी सोच है। पार्टी को इंटरनेट मीडिया पर अपनी सक्रियता बढ़ाने की जरूरत है।

74+68 का फॉर्मूला!

जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने इस अवसर पर कहा कि पार्टी से जुड़े लोगों को वर्तमान चुनौतियों के अनुरूप अपने को तैयार करना होगा। हमें शत प्रतिशत सफलता के लिए काम करना है। जिन्हें जिस क्षेत्र का प्रभार मिला है उन्हें अपने प्रभार वाले क्षेत्र में अधिक से अधिक समय देना होगा। लोकसभा चुनाव के आंकड़े हैं कि 243 विधानसभा क्षेत्रों में जदयू 74 सीटों पर तथा भाजपा 68 सीटों पर आगे थी। आंकड़े यह बताते हैं कि जनता क्या चाहती है?

पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में जातीय गणना कराकर कर्पूरी ठाकुर के सपनों को पूरा करने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है। एक शिल्पी के भांति बिहार की तस्वीर बदली है।

ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि कोई विरोधी भी यह नहीं कह सकता कि नीतीश कुमार बेईमान हैं। आज भ्रष्टाचार में डूबे लोग राजनीति की बात करते हैं। बिहार आज हर क्षेत्र में विकास कर रहा। हमें अपने नेता की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना है।

जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार की विचारधारा ही पार्टी की विचारधारा है। समाजवाद की बुनियाद बिहार में पड़ी और वहीं से जदयू की विचारधारा निकली है। नीतीश कुमार ऐसे समाजवादी नेता हैं जिन्होंने यह उपाधि अपनी कार्यशैली और मेहनत से हासिल की है। बैठक मंत्री श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार, विधान पार्षद ललन सर्राफ, चंदन कुमार सि्ंह, डा. भारती मेहता व अंजुम आरा भी मौजूद थीं।

ये भी पढ़ें- Lalu Yadav: लालू यादव जाएंगे दिल्ली, तेजस्वी रहेंगे पटना में; 19 सितंबर को कुछ बड़ा होने वाला है?

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर