Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

रामनवमी हिंसा के बीच CM आवास पर नीतीश कुमार की दावत-ए-इफ्तार, भाजपा समेत सभी पार्टियों को भेजा न्योता

बिहार में हिंसा के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने आवास पर इफ्तार पार्टी रखी है। भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक पार्टियों को इसमें न्योता भेजा गया। पिछले साल इफ्तार पार्टी के बाद नीतीश कुमार एनडीए से अलग हो गए थे। एक साल में काफी कुछ बदल गया है।

By Aditi ChoudharyEdited By: Aditi ChoudharyUpdated: Wed, 05 Apr 2023 04:06 PM (IST)
Hero Image
रामनवमी हिंसा के बीच CM आवास पर नीतीश कुमार की दावत-ए-इफ्तार, भाजपा समेत सभी पार्टियों को भेजा न्योता

पटना, जागरण डिजिटल डेस्क। बिहार में हिंसा के बीच इफ्तार पार्टी की खूब चर्चा हो रही है। सोमवार 3 अप्रैल को इफ्तार पार्टी में नीतीश कुमार की मौजूदगी से सूबे में सियासी घमासान छिड़ा है। विपक्ष ने उन्हें एक विशेष समुदाय का सीएम बता दिया है। इन सब से बेफिक्र नीतीश कुमार ने अब इफ्तार पार्टी की दावत देकर भाजपा की बैचेनी फिर से बढ़ा दी है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हर साल की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी अपने आवास पर इफ्तार की दावत देंगे। पटना के एक अणे मार्ग में स्थित सीएम आवास पर सात अप्रैल को आयोजित इफ्तार दावत में विभिन्न पार्टियों के नेता और कार्यकर्ता को न्योता भेजा है। पिछले साल नीतीश कुमार के आवास परृ दो साल बाद इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था, जिसमें भाजपा, राजद समेत कई पार्टियों के नेताओं ने शिरकत की थी। हालांकि, इसके तीन महीने बाद ही नीतीश कुमार भाजपा का साथ छोड़ राजद में शामिल हो गए।

एक साल में बदल गई राजनीतिक तस्वीर

इस दौरान एक साल में काफी कुछ बदल गया है। पिछले रमजान में नीतीश कुमार एनडीए के साथ थे। साल 2022 की इफ्तार पार्टी में राज्यसभा सांसद सुशील मोदी, तत्कालीन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, लोजपा (आर) सुप्रीमो चिराग पासवान सहित ऐसे कई चेहरे शामिल हुए थे, जो अभी नीतीश कुमार की सबसे ज्यादा आलोचना कर रहे हैं।

इफ्तार पार्टी में जाने के बाद शुरू हुआ विवाद

पिछले दिनों जब नीतीश कुमार इस्लामिया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की ओर से आयोजित इफ्तार पार्टी में पहुंचे, तो भाजपा की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया आने लगी। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तो यहां तक कह दिया कि नीतीश कुमार चाहे तो मस्जिद में ही अपना ऑफिस खोल दें, कौन मना करेगा। गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार बंगाल की राह पर चल पड़ा है। यहां अब हिंदू सुरक्षित नहीं है।

यह विडियो भी देखें

मध्य प्रदेश के मंत्री ने नीतीश कुमार पर साधा निशाना

वहीं, मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार में मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि नीतीश कुमार को इफ्तार की नौटंकी बंद कर देनी चाहिए। उन्होंने पूरे बिहार में दंगे फैलाए। गले लगाकर छुरा घोंपने का स्वांग किया। भाईचारा क्या होता है, यह देखना है तो मध्यप्रदेश आइए और देखिए, रामनवमी की यात्रा पर फूल बरसते हैं, आपके यहां की तरह पत्थर नहीं बरसते हैं। 

सात अप्रैल को होगा राजनीतिक महाजुटान

बिहार में रामनवमी के दौरान कई जिलों में भड़की हिंसा को लेकर नीतीश कुमार पर अल्पसंख्यक समुदाय के प्रति नरम रुख अपनाने के आरोप लग रहे हैं। ऐसे में सात अप्रैल को नीतीश कुमार की इफ्तार पार्टी पर सबकी नजर है। देखना दिलचस्प होगा कि इस पार्टी में भाजपा के कौन-कौन से चेहरे शामिल होते हैं।