Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar News: उड़ान भरते ही कांपने लगा था विमान, फ्लाइट में थे मंत्री संजय झा और दिग्गज सांसद; अटकी थी 187 यात्री की सांसें

IndiGo flight emergency landing पटना से दिल्ली जाने वाली इंडिगो फ्लाइट की बुधवार शाम को इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। बताया जा रहा है कि विमान हवा में जाने के साथ ही कांपने लगा था। इस विमान में बिहार सरकार के दो नेता भी मौजूद थे। उड़ान के थोड़ी देर बाद ही यात्रियों को कंपन के साथ तेज आवाज आने लगी।

By Prashant Kumar Edited By: Sanjeev KumarUpdated: Thu, 04 Jan 2024 08:19 AM (IST)
Hero Image
इंडिगो फ्लाइट में सवार थे नीतीश सरकार के मंत्री और सांसद (जागरण)

जागरण संवाददाता, पटना। पटना एयरपोर्ट से बुधवार की दोपहर दिल्ली के लिए रवाना हुआ इंडिगो एयरलाइन्स का विमान उड़ान टेक-आफ के बाद कांपने लगा। विमान का अगला पहिया बंद नहीं होने के कारण कंपन बढ़ता चला गया। हाइड्रोलिक सिस्टम ने भी काम करना बंद कर दिया।

इससे यात्री दहशत में आ गए। पायलट ने घटना की जानकारी एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) को दी। करीब 10 मिनट तक हवा मंडराने के बाद विमान की वापस पटना एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करायी गयी।

इंडिगो की इस फ्लाइट (6ई2074) में सीतामढ़ी के सांसद सुनील कुमार पिंटू और बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा समेत 187 यात्री सवार थे। पटना एयरपोर्ट के निदेशक अंचल प्रकाश ने बताया कि लैंडिग पूरी तरह सुरक्षित रही।

58 मिनट देर से रवाना हुई थी फ्लाइट

पटना-दिल्ली रूट पर इस विमान को दोपहर 12 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन इसने 58 मिनट की देर से टेकआफ किया। इसके थोड़ी देर बाद ही यात्रियों को कंपन के साथ तेज आवाज आने लगी। पायलट ने उद्घोषणा कर तकनीकी खराबी से संबंधित जानकारी साझा की।

फिर, बताया कि हमें पटना एयरपोर्ट पर वापस आपात लैंडिंग करनी होगी। पायलट बार-बार यात्रियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते रहे। विमान के उतरने के बाद यात्री कुछ देर अंदर ही बैठे रहे। जिन्होंने दिल्ली जाने से इन्कार कर दिया वे उतर कर चले गए।

यात्रियों को नहीं हुआ कोई नुकसान

यात्रियों ने बताया कि पायलट ने साहस बांधे रखा। एटीसी से बात होने की भी जानकारी दी। कहा कि हम वापस हो रहे हैं। विमान ने हवा में दो बार चक्कर लगाए। आपात लैंडिंग के प्रयास दो बार विफल रहे। सांसद सुनील कुमार पिंटू ने बताया कि विमान की सुरक्षित आपात लैंडिंग हुई। यात्रियों को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा।

पहले भी हो चुकी है आपात लैंडिंग

- अगस्त 2023 में इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई 2433 ने पटना से दिल्ली के लिए उड़ा भरी, लेकिन तीन मिनट बाद ही इंजन में खराबी आ गई थी। इस कारण फ्लाइट को वापस पटना एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करायी गयी।

- जुलाई 2023 में इंडिगो की दिल्ली की एक फ्लाइट में एक यात्री को चक्कर आने लगा था। इस कारण लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान की आपात लैंडिंग कराई गई थी।

- मई 2023 में बांग्लादेश से काठमांडू जा रही एक फ्लाइट में ईंधन की कमी होने के कारण पटना एयरपोर्ट पर उसे आपात लैंड कराया गया था।

- मार्च 2023 में दिल्ली से पटना के लिए रवाना हुए एक विमान को ब्रेक में गड़बड़ी आने के कारण वाराणसी में लैंड कराया गया था।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें