Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

नगर निगम के पांच हजार कर्मचारियों का तबादला, पटना में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर हुई कार्रवाई

Patna Nagar Nigam News सफाई कर्मियों की हड़ताल के बीच नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई। पटना नगर निगम के पांच हजार सफाई कर्मियों का स्थानांतरण। सोमवार की रात ही जारी किया गया आदेश

By Shubh Narayan PathakEdited By: Updated: Tue, 06 Sep 2022 01:27 PM (IST)
Hero Image
पटना नगर निगम में बड़े पैमाने पर तबादला। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

जागरण संवाददाता, पटना। पटना नगर निगम के कर्मियों की हड़ताल 11वें दिन जारी है। इस बीच पटना नगर निगम ने तीन वर्षो से अधिक दिनों से कार्यरत करीब पांच हजार स्थायी और अस्थायी कर्मियों का स्थानांतरण कर दिया है। स्थानांतरण आदेश सोमवार की रात में ही निकल गया है। स्थानांतरण वाले स्थानों पर मंगलवार तक पदभार संभालने का निर्देश दिया गया है। पटना नगर निगम में 4200 स्थायी तथा 2000 हजार दैनिक कर्मी हैं। इसमें से तीन वर्ष से ज्यादा दिनों तक एक स्थान पर कार्य करने वालों का स्थानांतरण किया गया है। बड़े पैमाने पर सफाई कर्मियों का स्थानांतरण पहली बार हुआ है।

सोमवार की सुबह बनी सूची, रात तक तबादला 

पाटलिपुत्र अंचल के कर्मियों का स्थानांतरण नूतन राजधानी तथा नूतन राजधानी अंचल के कर्मियों का स्थानांतरण पाटलिपुत्र किया गया है इसी तरह कंकड़बाग अंचल के कर्मियों का पटना सिटी तथा पटना सिटी अंचल के कर्मियों का स्थानांतरण कंकड़बाग अंचल में किया गया है। बांकीपुर अंचल के कर्मियों का स्थानांतरण अजीमाबाद अंचल तथा अजीमाबाद अंचल के कर्मियों का स्थानांतरण बांकीपुर में किया गया है। सभी कर्मियों का स्थानांतरण चिन्हित कर वार्डों में किया गया है। बता दें कि कर्मियों की सूची सोमवार की सुबह से बनना शुरू हो गई थी।  

विभाग के निर्देश पर हुआ तबादला 

पटना नगर निगम के प्रशासक अनिमेश कुमार पराशर ने बताया कि नगर विकास एवं आवास विभाग और निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में स्थानांतरण किया गया है। सफाई कर्मियों का स्थानांतरण बंगल के अंचल में ही किया गया है। नगर निगम में चुनाव होना है। सफाई कर्मियों से अपील किया कि नये स्थान पर योग्यदान दें। कानून अपने हाथ में न लें। 

कर्मचारी मोर्चा ने जताया विरोध 

बिहार लोकल बाडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह ने वार्ड स्तर पर स्थानांतरण पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कहा कि स्थानांतरण से सफाई कर्मी डरने वाले नहीं हैं। स्थानांतरण वाले वार्ड में भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे रहेंगे। हड़ताल जारी रहेगी। निगम प्रशासन की पहल पर अनुमंडल दंडाधिकारी पटना नगर निगम मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन पर रोक लगाने के लिए धारा 144 लागू करा दिए हैं। हम अपनी बातें निगम मुख्यालय में क्यों नहीं रख सकते हैं।

वीआइपी क्षेत्र में वैकल्‍प‍िक व्‍यवस्‍था से कचरा उठाव 

बता दें कि हड़ताल के कारण पटना शहर की स्थिति बदहाल हो गयी है। शहर में जगह-जगह कचरा फैल गया है। बदबू के कारण मोहल्ले की सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है। पटना नगर निगम प्रशासन सभी अंचलों में टीम का गठन कर आउटसोर्स कर्मियों की सहायता से शहर की सफाई कराने में युद्ध स्तर पर जुट गया है। वीआइपी क्षेत्र और मुख्य सड़कों से कचरे का उठाव हो रहा है। मशीनों की सहायता से सड़कों की सफाई करा रहा है। 

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें