Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Patna: छठ पर डूबते सूर्य को अर्घ्‍य देने गंगा घाटों पर उमड़े श्रद्धालु, राज्‍यपाल और CM ने किया निरीक्षण

लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पटना में गंगा तट पर लाखों छठ व्रतियों ने श्रद्धा के साथ अर्घ्य अर्पित किया। अर्घ्य देने के लिए रविवार दोपहर से ही व्रतियों का‌‌ आना शुरू हो गया था। सायंकालीन अर्घ्‍य के दौरान राज्‍यपाल राजेंद्र विश्‍वनाथ आर्लेकर व मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने नासरीगंज घाट से पटना सिटी के गायघाट तक स्‍टीमर से छठ घाटों का निरीक्षण किया।

By Jagran NewsEdited By: Prateek JainUpdated: Sun, 19 Nov 2023 07:36 PM (IST)
Hero Image
पटना में घाटों का निरीक्षण करते हुए सीएम नीतीश कुमार।

जागरण संवाददाता, पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पटना में गंगा तट पर लाखों छठ व्रतियों ने श्रद्धा के साथ अर्घ्य अर्पित किया।

अर्घ्य देने के लिए रविवार दोपहर से ही व्रतियों का‌‌ आना शुरू हो गया था। घाटों पर छठ के गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया था। उधर, मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सरकारी आवास (एक अणे मार्ग, पटना) में स्‍वजनों के साथ छठ का अर्घ्‍य दिया।

सायंकालीन अर्घ्‍य के दौरान राज्‍यपाल राजेंद्र विश्‍वनाथ आर्लेकर व मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने दानापुर के नासरीगंज घाट से पटना सिटी के गायघाट तक स्‍टीमर से छठ घाटों का निरीक्षण किया। 

शाम में जैसे ही भगवान भास्कर पश्चिम दिशा में अस्त होने को चले, छठ व्रतियों ने नदी की धारा में स्नान कर अर्घ्य देना शुरू कर दिया। गंगा स्नान के दौरान हर-हर गंगे, जय छठी माई एवं हर हर महादेव के जय जयकारों से गंगा तट गूंज उठे।‌

इसके बाद छठव्रतियों के स्‍वजनों ने गाय के दूध एवं गंगाजल से उन्हें अर्घ्य दिलाया। व्रतियों ने बांस के सूप को फलों और पकवान से सजाया था। फलों में सेब, संतरा एवं केला आदि शामिल थे। इसके अलावा ठेकुआ आदि भी थे। नदी के घाट पर अर्घ्य देने के समय लोग एक दूसरा के सहयोग कर रहे थे। अर्घ्‍य देने का सिलसिला सूरज के अस्त होने तक जारी रहा। 

पटना में छठ व्रत के लिए सौ से अधिक घाट तैयार किए गए हैं। सायंकालीन अर्घ्‍य के दौरान राजधानी के दीघा घाट, कलेक्‍ट्रेट घाट, महेंद्रू घाट व गाया घाट पर सर्वाधिक भीड़ हुई।

इसके अलावा गोसाई टोला घाट, मंदिरी घाट, कालीघाट, कंगन घाट, नौजरघाट सहित कई अन्‍य घाटों पर भी छठ व्रतियों की भारी भीड़ लगी रही। इसके अलावा पोखरों में भी छठ व्रत किया जा रहा है।

बड़ी संख्‍या में लोग आवासीय परिसर में व छतों पर भी व्रत कर रहे हैं। छठ का दूसरा अर्घ्य सोमवार की सुबह उगते भगवान भास्कर को अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय महापर्व समाप्त हो जाएगा। 

पटना के एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि महापर्व को लेकर सभी घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्‍त इंतजाम किए गए हैं। घाटों पर वाच टावर बनाए गए हैं। वहां सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।

यह भी पढ़ें - IND Vs AUS Final: ईशान क‍ि‍शन की मां बोली- आज छठ है तो मैच में धमाल होना तय, डिप्‍टी CM तेजस्‍वी ने भी दि‍या बयान

यह भी पढ़ें - तेजस्वी यादव के नाम पर बना छठ घाट, लालू के साथ लगाई गई प्रतिमा, फिर राजद नेता ने मांग लिया गजब का आशीर्वाद

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें