PM Modi in Bihar HIGHLIGHTS: पीएम मोदी बोले- बिहार ने भारत को दिया लोकतंत्र, तेजस्वी ने कर्पूरी के लिए रखी भारत रत्न की मांग
PM Modi in Bihar HIGHLIGHTS: झारखंड के देवघर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इसके बाद देर शाम पटना में बिहार विधानसभा स्मृति स्तंभ का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री के इस दौरे की पल-पल की जानकारी के लिए पढ़ें यह खबर।
पटना, जागरण टीम। PM Modi Bihar HIGHLIGHTS: बिहार विधानसभा भवन में शताब्दी स्मृति स्तंभ के लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पटना में थे। इसके पहले उन्होंने झारखंड के देवघर में देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने देवघर-कोलकाता की पहली पैसेंजर फ्लाइट को हरी झंडी भी दिखाई। देवघर में प्रधानमंत्री ने 16800 करोड़ की योजनाओं की सौगात भी दी। देवघर में बाबा वैद्यनाथ मंदिर जाकर वहां पूजा की। फिर, उन्होंने जनसभा को संबोधित किया।
बिहार पहुंच कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार विधानसभा भवन के सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बनाए गए 40 फीट ऊंचे शताब्दी स्मृति स्तंभ का लोकार्पण किया। ढाई टन वजन का कांसे से बना यह स्तंभ बिहार की सौ वर्षों की विधायी यात्रा की निशानी है। इसकी आधारशिला राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने 21 अक्टूबर 2021 को रखी थी। प्रधानमंत्री ने शताब्दी स्मृति उद्यान का नामकरण कर उसमें कल्पतरु का पौधा भी लगाया। उन्होंने विधानसभा संग्रहालय एवं अतिथिशाला की आधारशिला भी आनलाइन रखी। कार्यक्रम के दौरान बिहार की विधायी यात्रा पर एक पुस्तक का विमोचन भी किया।
PM Narendra Modi in Bihar-Jharkhand HIGHLIGHTS:
अब कुछ देर में दिल्ली लौटेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन समाप्त, अब कुछ देर में दिल्ली लौट जाएंगे।
जनप्रतिनिधयों को लेना है कर्तव्य पालन का संकल्प
प्रधानमंत्री बोले: आज भारत वैश्विक पटल पर कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इसके पीछे कोटि-कोटि भारतवासियों की कर्तव्यनिष्ठा और कर्तव्य भावना है। लोकतंत्र में हमारे सदन जनता की भावनाओं को प्रकट करते हैं। हम सदन में जैसा आचरण करेंगे, देशवासियों को भी उतनी ही उर्जा और प्रेरणा मिलेगी। सभी जनप्रतिनिधयों को कर्तव्य पालन का संकल्प लेना है।
भारत के लिए यह सदी कर्तव्यों की सदी
प्रधानमंत्री बोले: भारत के लिए यह सदी कर्तव्यों की सदी है। हमें इसी सदी में अगले 25 वर्षों में नए भारत के स्वर्णिम लक्ष्य तक पहुंचना है। 25 साल कर्तव्य पथ पर चलने का समय है। स्वयं को समर्पित करने का समय है। अपने देश और समाज के लिए कर्तव्य की कसौटी पर स्वंय को कसना होगा।
देश में हो रहा सकारात्मक बदलाव, बदलने पड़ते पुराने कानून भी
प्रधानमंत्री बोले: मुझे खुशी है कि देश में सकारात्मक बदलाव हो रहा है। पिछले कुछ वर्षों में संसद में सांसदों की उपस्थित में वृद्धि हुई है। विजय सिन्हा ने भी विधानसभा का ब्योरा दिया। हम लोकतांत्रिक विमर्श को आगे बढ़ा रहे हैं। जिन्होंने चुनकर भेजा है, उनकी बात को सदन में मजबूती से रखा जा रहा है। विश्वास बढ़ाना हम सबकी जरूरत है। जैसे-जैसे लोक बदलता है, लोकतंत्र को भी नया आयाम खोजते रहना प़ड़ता है। पुराने कानूनो को भी समय के साथ बदलना पड़ता है। बीते वर्षों में संसद में ऐसे करीब 15 सौ कानूनों को खत्म किया। इससे देश की प्रगति में रुकावटें होती थीं, उनका समाधान हुआ। राज्य स्तर पर भी ऐसे कई कानून हैं, जो वर्षों से चले आ रहे हैं। हमें मिलकर उन्हें खत्म करना है।
दुनिया में बजते रहना चाहिए बिहारवासियों का डंका
प्रधानमंत्री बोले: बिहारवासियों का दुनिया में डंका बजते रहना चाहिए। पाली में मौजूद ऐतिहासिक दस्तावेज भी प्रमाण है। बिहार के इतिहास को न कोई मिटा सकता है न कोई छुपा सकता है।
इसलिए मैं समझता हूं कि आज भी यह इमारत हम सभी के नमन की हकदार है। इससे बिहार की चेतना जुड़ी है, जिसने गुलामी में भी अपनी जनतांत्रिक मूल्यों को खत्म नहीं होने दिया।
श्रीबाबू ने अंग्रेजों के सामने शर्त रखी थी कि सरकार तभी बनाएंगे जब ब्रिटिश हुकूमत निर्वाचित सरकार के कामकाज में दखल नहीं देगा। इसी शर्त पर श्रीबाबू ने इस्तीफा दे दिया था।
आजादी के बाद भी बिहार अपनी लोकतांत्रिक आस्था को लेकर उतना ही प्रतिबद्ध है। बिहार ने राजेंद्र प्रसाद के रूप में पहला राष्ट्रपति दिया। जगजीवन राम, कर्पूरी ठाकुर जैसे विभूतियां दी।
बिहार की धरती ने दिखा दिया कि लोकतंत्र को दबाने की कोशिशें काफी कामयाब नहीं होगी।
बिहार जितना समृद्ध होगा। उतना ही भारत भी होगा। बिहार जितना सशक्त होगा, भारत भी उतना ही सशक्त होगा।
हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र, भारत मदर आफ डेमोक्रेसी
प्रधानमंत्री बोले: वेद में लाेकतंत्र की चर्चा की गइ है, हजारों साल पहले। आज भी हमारे संविधान में सांसदों व विधायकों का चयन इसी लोकतांत्रिक मूल्य पर टिका हुआ है। हमारे यहां लोकतंत्र इसलिए हजारों वर्षों से जीवित है, क्योंकि हम समता और समानता का माध्यम मानते हैं। भारत सहअस्तित्व में भरोसा करता है। हम सहकार और सामंजस्य में भरोसा करते हैं। समाज की संगठित शक्ति में भरोसा करते हैं। वेदों ने हमें बताया है कि हम मिलकर चलें। मिलकर बोलें। दूसरे के विचारों को जानें। इसी वेद मंत्र में आगे कहा गया है कि हम मिलकर समान विचार करें। हमारी समितियां हमारी सभाएं और सदन कल्याण भाव के लिए समान विचार के हों। हृदय से लोकतंत्र को स्वीकार करने की ऐसी विराट भावना एक राष्ट्र के रूप में भारत ही प्रस्तुत कर सकता है।
इसलिए हम जब भी अलग-अलग देशों में जाते हैं तो मैं गर्व से कहता हूं कि हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र हैं। विश्व में लोकतंत्र की जननी यह भारत है। भारत मदर आफ डेमोक्रेसी है।
बिहार ने देश को दिया लोकतंत्र
प्रधानमंत्री बोले: हमारे लोग भी कभी-कभी बोलते हैं कि भारत को लोकतंत्र विदेशी हुकूमत और विदेश सोच के कारण मिला। उन्हें बिहार के इतिहास और बिहार की विरासत पर नजर डालनी चाहिए। वैशाली में लोकतंत्र का संचालन हो रहा था। जब दुनिया के अधिकांश क्षेत्रों में जनतंत्र की समझ विकसित होने शुरू हुई थी, तब लिच्छवी में गणतंत्र स्थापित था।
शताब्दी उत्सव एक ऐसे समय में जब देश मना रहा आजादी का अमृत महोत्सव
प्रधानमंत्री बोले: शताब्दी उत्सव एक ऐसे समय में हो रहा है जब देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। यह समय का संयोग भर नहीं है। इसका साझा अतीत भी है और सार्थक संदेश भी है। एक ओर चंपारण सत्याग्रह जैसे आंदोलन हुए तो वहीं इस धरती ने लोकतंत्र के संस्कार और आदर्श पर चलने का रास्ता भी दिखाया।
सौ वर्षों में अनेक महान व्यक्तियों का साक्षी रहा है यह भवन
प्रधानमंत्री बोले: यह भी याद कर रहा हूं कि बीते सौ वर्षों में कितने महान व्यक्तियों का साक्षी रहा है। इस इमारत ने इतिहास के रचयिताओं को भी देखा है और खुद भी इतिहास रचा है। कहते हैं वाणी की ऊर्जा कभी समाप्त नहीं होती। इस सदन में कही गई बातें समय के साथ एक ऊर्जा बनकर आज भी उपस्थित है।आज भी वह वाणी और शब्द गूंज रहे हैं।
बिहार विधानसभा का अपना इतिहास, लिए कई साहसिक निर्णय
प्रधानमंत्री बोले- बिहार विधानसभा का अपना इतिहास रहा है। इसमें एक से एक बड़े साहसिक निर्णय लिए गए हैं। इसी सदन से प्रसन्न सिन्हा ने स्वदेशी चरखा को अपनाने की अपील की थी। इसी सदन में जमींदारी उन्मूलन कानून पास हुआ था। नीतीश कुमार की सरकार में बिहार पहला ऐसा राज्य बना, जिसने पंचायती राज में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। लोकतंत्र से लेकर सामान्य जीवन तक कैसे काम किया जा सकता है यह सदन इसका उदाहरण है।
बिहार की कोटि-कोटि आकांक्षाओं को प्रेरणा देगा शताब्दी स्मृति स्तंभ
प्रधानमंत्री बोले: मुझे कुछ समय पहले शताब्दी स्मृति स्तंभ के लोकार्पण का अवसर मिला। यह बिहार की कोटि कोटि आकांक्षाओं को भी प्रेरणा देगा। विकास कार्यों के लिए नीतीश कुमार और विजय सिन्हा को बधाई देता हूं। मुझे कल्पतरु का पौधा लगाने का भी मौका मिला। मान्यता है कि यह हमारी आकांक्षाओं को पूरा करने वाला वृक्ष है। आशा करता हूं कि बिहार विधानसभा अपनी इस भूमिका को इसी निरंतरता के साथ निभाती रहेगी। देश के विकास में योगदान देती रहेगी।
प्रधानमंत्री बोले: जो बिहार से स्नेह करता है, बिहार उसे कई गुना करके लौटाता है
प्रधानमंत्री बोले: बिहार का यह स्वभाव है कि जो बिहार से स्नेह करता है, बिहार उसे कई गुना करके लौटाता है। आज मुझे विधानसभा परिसर में आने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री होने का सौभाग्य मिला है। इसके लिए जनजन का नमन करता हूं।
बिहा विधानसभा ने किया है इतिहास का निर्माण
पीएम मोदी बोले- बिहार विधानसभा का अपना इतिहास रहा है। यहां एक से एक साहसिक फैसले लिए गए हैं। यहीं जमींदारी उम्मूलन का साहसिक फैसला लिया गया। बिहार पहला राज्य बना जिसने पंचायती राज में महिलाओं को 50 फीसद भागीदारी दी। इस भवन ने इतिहास का निर्माण किया है।
बिहार विधानसभा शताब्दी समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन आरंभ
बिहार विधानसभा शताब्दी समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन आरंभ। बोले- बिहार विधानसभा शताब्दी वर्ष की शुभकामनाएं दीं। बिहार विधानसभा आने वाले पहले प्रधानमंत्री होने का गौर मिला, इसके लिए मुख्यमंत्री व स्पीकर का आभार।
विधानसभा संग्रहालय व अतिथिशाला का शिलान्यास, पुस्तक का विमोचन
प्रधानमंत्री ने विधानसभा संग्रहालय एवं अतिथिशाला की आधारशिला भी आनलाइन रखी। उन्होंने बिहार की विधायी यात्रा पर एक पुस्तक इतिहास के झरोखे से का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का किया स्वागत
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। कहा कि बिहार विधानसभा के परिसर में पहली बार कोई प्रधानमंत्री आए। यह सबको याद रहेगा। बिहार के लिए यह खुशी की बात है। कहा कि बिहार विधानसभा शताब्दी समारोह मनाने के लिए जो पहली बैठक हुई थी, उसमें राष्ट्रपति को आमंत्रित किया गया था। उस अवसर पर यह बात हुई थी कि समापन समारोह में प्रधानमंत्री को बुलाया जाएगा। इसके लिए विधानसभा अधयक्ष ने काफी प्रयास किया। प्रधानमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार किया, इसकी खुशी है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का किया स्वागत
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।प्रधानमंत्री से जननायक कर्पूरी ठाकुर के लिए भारत रत्न की मांग की।
प्रधानमंत्री ने पटना में किया शताब्दी स्मृति स्तंभ का अनावरण, विधानसभा अध्यक्ष ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पटना में बिहार विधानसभा भवन के शताब्दी स्मृति स्तंभ का अनावरण किया। इस दौरान कल्पतरु का पौधा लगाकर शताब्दी स्मृति उद्यान की नींव रखी। इसके बाद प्रधानमंत्री विधानसभा संग्रहालय और अतिथिशाला की आधारशिला भी रखेंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने उनका स्वागत किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट किया
मंच पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी। जय श्रीराम, नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारों से गूंजा पंडाल। विधानसभा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंट किया।
पीएम मोदी ने शताब्दी स्तम्भ का किया लोकार्पण, लगाया कल्पतरू का पौधा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार विधानसभा परिसर में शताब्दी स्तंभ का लोकार्पण किया। विधानसभा भवन के सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 40 फीट ऊंचा शताब्दी स्मृति स्तंभ बनाया गया है। प्रधानमंत्री ने शताब्दी स्मृति उद्यान में कल्पतरु का पौधा लगाया।
बिहार विधानसभा पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
बिहार विधानसभा परिसर पहुंचा प्रधानमंत्री का काफिला। विधानसभा में प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया।
बिहार विधानसभा के लिए निकले प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना एयरपोर्ट से निकले। उनके काफिले की गाडि़यां एक-एक कर निकलती जा रहीं हैं। कुछ ही देर में वे बिहार विधानसभा पहुंच जाएंगे।
अब पटना एयरपोर्ट से निकलेगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला
अब पटना एयरपोर्ट से निकलेगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला। प्रधानमंत्री सीधे बिहार विधानसभा परिसर में आयोजित विधानसभा शताब्दी समापन समारोह में पहुंचेंगे। वे वहां शताब्दी स्मृति स्तंभ का लोकार्पण करेंगे। नरेंद्र मोदी बिहार विधानसभा पहुंचने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री होंगे। इस तरह वे नया इतिहास गढ़ेंगे।
पटना एयरपोर्ट पहुंचे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विमान पटना एयरपोर्ट पहुंच गया है। वहां राज्यपाल फागू चौहान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई मंत्रियों ने उनका स्वागत किया है। अब कुछ ही देर में वे बिहार विधानसभा के लिए प्रस्थान करेंगे।
पटना एयरपोर्ट पर पीएम का स्वागत करने पहुंचे राज्यपाल व मुख्यमंत्री
थोड़ी देर में पटना एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। स्वागत करने पहुंचे राज्यपाल फागू चौहान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार।
पीएम मोदी के फैन अशोक सहनी 'नमो चाय' बेचने पहुंचे
मुजफ्फरपुर के अशोक सहनी पीएम मोदी के बड़े फैन हैं। वे नमो चाय बेचते हैं। जहां-जहां पीएम मोदी जाते हैं, वे वहां चाय बेचने पहुंच जाते हैं। आज भी बिहार विधानसभा परिसर के बाहर चाय बेच रहे हैं।
आरजेडी सांसद मनोज झा व पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी पहुंचे
बिहार विधानसभा परिसर में कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों का आना जारी है। आरजेडी सांसद मनोज झा, बीजेपी के सांसद राकेश सिन्हा तथा पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी पहुंच गए हैं।
पीएम के आगमन को लेकर पटना एयरपोर्ट पर फ्लाइट आपरेशन बंद
पीएम के आगमन को लेकर पटना एयरपोर्ट पर फ्लाइट आपरेशन बंद कर दिया गया है।
आधा घंटा पहले फ्लाइट आपरेशन बंद कर दिया गया है।
पटना एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन से एंट्री गेट तक कड़ी सुरक्षा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देवघर से पटना रवाना होंगे। पटना एयरपोर्ट पर एंट्री गेट से दोपहर से ही प्रवेश बंद कर दिया गया है। एक्जिट गेट से ही यात्रियों की एंट्री भी हो रही है। किसी भी गाड़ी की पार्किंग सुबह से ही बंद है। एक्जिट गेट पर ही गाड़ी छोड़कर अंदर जाने दिया जा रहा है। किसी को भी वीवीआईपी एरिया में जाने की इजाजत नहीं है। टर्मिनल भवन से लेकर एंट्री गेट तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
शताब्दी समापन समारोह में अभी तक कोई मंत्री नहीं पहुंचे
शताब्दी समापन समारोह में सांसद रमा देवी, प्रिंस राज, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सुनील कुमार पिंटू, रामकृपाल यादव भी पहुंचे। अभी तक कोई मंत्री नहीं पहुंचे।
राधामोहन सिंह, कौशलेंद्र कुमार, व नंदकिशोर यादव भी पहुंचे
पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह, सांसद कौशलेंद्र कुमार, पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव भी पहुंचे बिहार विधानसभा। कार्ड के आधार पर सीटें तय हैं। सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त है।
कई सांसद व विधायक पहुंचे बिहार विधानसभा
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। सांसद रामनाथ ठाकुर, आरजेडी विधायक ललित यादव, सांसद गोपाल जी ठाकुर समेत कई विधायक और पूर्व विधायक पहुंचे।
यहां देखिए देवघर में पीएम मोदी का लाइव संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देवघर के कालेज मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। इसके बाद वे पटना में बिहार विधानसभा शताब्दी समापन समारोह को भी संबोधित करेंगे। देवघर में उनके संबोधन को लाइव देखने के लिए बने रहिए हमारे साथ।
(यहां क्लिक कर देखिए पीएम का संबोधन लाइव)
बिहार विधानसभा शताब्दी समापन समारोह में आने लगे अतिथि
पटना में बिहार विधानसभा शताब्दी समापन समारोह के लिए अतिथियों का प्रवेश प्रारंभ हो चुका है। कड़ी सुरक्षा जांच के बाद उन्हें जगह दी जा रही है।
देवघर में जनसभा को संबोधित करने के बाद पटना के लिए प्रस्थान करेंगे माेदी
देवघर में एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने बाबा धाम में पूजा की। अब वे कालेज मैदान में जनसभा को संबोधित करने जा रहे हैं। इसके बाद वे पटना के लिए प्रस्थान करेंगे।
देवघर में रोड शो करते हुए बाबा मंदिर पूजा करने जा रहे मोदी, देर शाम पहुंचेंगे पटना
देवघर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो। वे बाबा मंदिर पूजा करने जा रहे हैं। वहां पूजा करने के बाद देर शाम पटना के लिए प्रस्थान करेंगे।
देवघर एयरपोर्ट का बिहार के शहरों को भी मिलेगा लाभ
देवघर में एयरपोर्ट बनने के बाद आसपास के बिहार के शहरों को भी लाभ मिलेगा। बांका, मुंगेर, लखीसराय, जमुई आदि देवघर के पास के बिहार के जिले के लोगों को फ्लाइट के लिए घंटों का सफर कर पटना या दरभंगा नहीं जाना पड़ेगा।
कुछ देर में देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
अब कुछ देर में पीएम मोदी देवघर एयरपोर्ट का करेंगे उद्घाटन। देवघर के बाद पटना पहुंचेंगे पीएम नरेंद्र मोदी।
हमने 2010 में देखा था देवघर में एयरपोर्ट का सपना
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा- देवघर में एयरपोर्ट का सपना हमने 2010 में देखा था। आज अनेक योजनाओं का शिलान्यास होना है।
सीएम हेमंत सोरेन: सपनों को साकार करने आए हैं प्रधानमंत्री
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा- आज देवघर ही नहीं, पूरे झारखंड के लिए ऐतिहासिक दिन है। हम सपने देखते हैं। उसके साकार होने पर खुशी होती है। आज उन सपनों को साकार करने प्रधानमंत्री आए हैं। आज देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे।
रांची के बाद झारखंड का दूसरा प्रवेश द्वार बनेगा देवघर
ज्योतिरादित्य सिंधिया: हमारा संकल्प है कि रांची के बाद देवघर झारखंड का दूसरा प्रवेश द्वार बनेगा। आज कोलकाता की फ्लाइट शुरू हो रही है। आने वाले दिनों में देवघर को रांची सहित देश के कई शहरों से जोड़ा जाएगा।
योतिरादित्य सिंधिया: हवाई अड्डा से घूमने शुरू हो जाते हैं आर्थिक प्रगति के पहिए
देवघर में बोले ज्योतिरादित्य सिंधिया: देवघर को कामना धाम ऐसे ही नहीं कहा जाता है। क्षेत्र के लोगों ने जा सपना देखा था, आज 16000 करोड़ की योजनाओं से आज साकार हाेने जा रहा है। जहां हवाई अड्डा होता है, वहीं से आर्थिक प्रगति के पहिए घूमने शुरू हो जाते हैं।
पीएम मोदी का राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
पीएम मोदी के स्वागत में देवघर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। मौसम सुहाना है। रह-रहकर हल्की बूंदा-बांदी हो रही है। झारखंड के राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
दिल्ली से देवघर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष विमान दिल्ली से देवघर पहुंच गया है। अब कुछ ही देर में वे मंच पर नजर आएंगे। देवघर में वे एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। वे बाबा नगरी में भगवान भोलेनाथ के मंदिर में पूजा भी करने जाएंगे।
दिल्ली से देवघर रवाना हुए पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वायुसेना के विशेष विमान से देवघर के लिए रवाना हो चुके हैं। वे वहां देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। वहां से वे पटना आएंगे।
शाम छह बजे बिहार विधानसभा पहुंचेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपराह्न 1.15 बजे वायुसेना के विशेष विमान से देवघर एयरपोर्ट पर उतरेंगे। वे शाम 5.20 बजे पटना के जयप्रकाश नारायण इंटरनेशल एयरपोर्ट पर लैंड करेंगे। पटना में वे करीब 1.45 घंटे रहेंगे। पीएम बिहार विधानसभा परिसर शाम 6.00 बजे पहुंच कर शाम 6.05 बजे विधानसभा शताब्दी स्तंभ का लोकार्पण करेंगे। फिर, शाम 6.30 बजे उनका संबोधन होगा। वे शाम 7.05 बजे पटना एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
बिहार के राजस्व व भूमि सुधार मंत्री राम सूरत राय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से नाराज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पटना आने के दिन भी बिहार सरकार में राजस्व व भूमि सुधार मंत्री राम सूरत राय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से नाराज हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर लिए गए निर्णय पर उन्होंने पद छोड़ने तक की बात कह डाली थी।
कोरोना संक्रमित होने की वजह से पीएम मोदी का स्वागत नहीं कर पाएंगे डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम पटना आ रहे हैं। इसको लेकर सारी तैयारियां पूरी ली गई हैं। लेकिन डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद कोरोना संक्रमित होने की वजह से पीएम मोदी का स्वागत नहीं कर पाएंगे।
चार साल पहले मृत विधायक को भेजा पीएम के कार्यक्रम का निमंत्रण पत्र
क्या बिहार विधानसभा के शताब्दी वर्ष समापन समारोह में चार साल पूर्व मृत विधायक भी शिरकत करेंगे? पीएम नरेंद्र मोदी के आगमन के मौके पर होने वाले कार्यक्रम के लिए बिहार विधानसभा सचिवालय ने जो आमंत्रण पत्र भेजा है, उससे तो यही लगता है। बिहार विधान सभा के सदस्य रहे व चार साल पहले मृत अब्दुल हई पायामी को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रण भेजा गया है।
पीएम मोदी बिहार को देंगे चार सौगात
पीएम मोदी आज शाम पांच बजे पटना पहुंचेंगे, जिसके बाद वो बिहार को चार सौगात देंगे।पटना आने के बाद ऐतिहासिक स्मृति, उद्यान, संग्रहालय व अतिथिशाला की पीएम मोदी आधारशिला रखेंगे।
बिहार विधानसभा आने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री बनने जा रहे पीएम मोदी
बिहार विधानसभा आज वाले देश के पहले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं पीएम मोदी। पीएम मोदी आज बिहार विधानसभा के शताब्दी समारोह के समापन के अवसर पर पटना आ रहे हैं।
बिहार को चालू वित्तीय वर्ष में 8,460 करोड़ रुपये का ऋण देगी मोदी सरकार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के विकास के लिए बड़ी मदद देने जा रहे हैं। इसी वित्तीय वर्ष में मिलने वाले करीब साढ़े आठ हजार करोड़ रुपयों का इस्तेमाल बिहार की नीतीश सरकार सड़क, पुल-पुलिया और बिजली सुविधाओं के विकास के लिए कर सकेगी। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और बीजपी के राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने बताया कि इसके लिए राज्य को योजना बनाकर केंद्र की स्वीकृति हेतु भेजनी होगी। केंद्र सरकार से बिहार को चालू वित्तीय वर्ष में 8,460 करोड़ रुपये का अतिरिक्त ऋण मिलेगा, जिसका भुगतान 50 वर्ष में किया जा सकेगा।
पटना एयरपोर्ट से विधानसभा तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर पटना में सुरक्षा-व्यवस्था चाक-चौबंद है। पुलिस मुख्यालय स्तर से इसकी मानीटरिंग हो रही है। पीएम के कार्यक्रम को लेकर 1600 अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। चार एसपी व छह डीएसपी रैंक के अधिकारी विशेष तौर पर सुरक्षा-व्यवस्था की मानीटरिंग कर रहे हैं। पटना एयरपोर्ट से विधानसभा तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है।
(यहां पढ़ें पूरी खबर)
पीएम मोदी करेंगे बाबा मंदिर में पूजा, कार्यक्रम का होगा लाइव प्रसारण
पीएम मोदी देवघर के बाबा मंदिर में पूजा करेंगे, जिसका लाइव प्रसारण होगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गयी है। पीएम मोदी के स्वागत के लिए सड़क किनारे करीब डेढ़ लाख लोग मौजूद रहेंगे।
देवघर में डीएवी के दो सौ बच्चे करेंगे पीएम मोदी का स्वागत
देवघर में डीएवी भंडारकोला के दो सौ बच्चे मानव श्रृंखला बनाकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करेंगे। देवघर के कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी पटना पहुंचेंगे।
पीएम मोदी के बिहार आगमन क ठीक पहले बीजेपी का बड़ा दावा
पीएम मोदी के बिहार आगमन क ठीक पहले बीजेपी ने बड़ा दावा किया है। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और बीजेपी के राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने कहा है कि बिहार के विकास के लिए केंद्र सरकार बड़ी मदद देने जा रही है। इसी वित्तीय वर्ष में मिलने वाले करीब साढ़े आठ हजार करोड़ रुपयों का इस्तेमाल बिहार सरकार सड़क, पुल-पुलिया और बिजली सुविधाओं के विकास के लिए कर सकेगी। इसके लिए राज्य योजना बनाकर केंद्र की स्वीकृति हेतु भेजनी होगी।
प्रधानमंत्री का देवघर व पटना में इंतजार, तैयारियां पूरी
प्रधानमंत्री का देवघर व पटना में इंतजार जारी। पटना में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि पीएम मोदी के आगमन को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री विधानसभा के शताब्दी स्मृति स्तंभ का लोकार्पण करेंगे।
पीएम मोदी के बिहार दौरा के पहले पोस्ट की उनकी आपत्तिजनक तस्वीर, गिरफ्तार
पीएम नरेंद्र मोदी के बिहार दौरा के कुछ पहले उनकी आपत्तिजनक फोटो बनाकर एक युवक ने फेसबुक पर पोस्ट कर दिया। फाेटो पोस्ट करने वाले गोपालगंज के युवक अरमान अली को स्थानीय पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में बीजेपी के जिला मंत्री शुभनरायण सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया विधानसभा का निरीक्षण
पीएम नरेंद्र मदी के पटना दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीती शाम विधानसभा का निरीक्षण किया। उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा भी थे।
जेडीयू के बाद आरजेडी ने भी रखी विशेष राज्य के दर्जे की मांग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पटना आगमन से पहले जेडीयू के बाद आरजेडी ने भी विशेष राज्य के दर्जा की मांग रखी है। आरजेडी के प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा कि बिहार के लोगों की नजरें प्रधानमंत्री पर होगी कि क्या वे विशेष राज्य के दर्जे का ऐलान करेंगे। आरजेडी की मांग पर बीजेपी ने कहा है कि पीएम मोदी बिहार को गौरवान्वित करने आ रहे हैं और इन लोगों को विशेष राज्य के दर्जे की बात याद आ रही है।
देवघर में 16,800 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार और झारखंड के दौरे को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि वे विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए झारखंड और बिहार जा रहे हैं। वे देवघर में 16,800 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे।
पीएम मोदी के आने के ठीक पहले जेडीयू ने उठाया विशेष राज्य का मुद्दा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पटना आने के ठीक पहले जेडीयू ने उनसे बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का आग्रह किया है। जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने अपने फेसबुक पोस्ट में कहा है कि उम्मीद है कि पीएम मोदी बिहार को विशेष राज्य का दर्जा अवश्य देंगे। पीएम के बिहार आगमन से पहले जेडीयू ने विशेष राज्य का मुद्दा दोबारा उठाया है।
पीएम के कार्यक्रम को देखते हुए पटना में 10 सड़कें बंद, जानें वैकल्पिक व्यवस्था
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को बिहार-झारखंड के दौरे पर रहेंगे। देवघर में अपने कार्यक्रम के बाद वे पटना पहुंचेंगे। इसे देखते हुए पटना के 10 रास्ते अपराह्न चार बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक आम यातायात के लिए बंद रहेंगे।
(यहां पढ़ें: कौन-कौन रास्ते बंद रहेंंगे और क्या होगी वैकल्पिक व्यवस्था)
बिहार विधानसभा परिसर में आने वाले पहले प्रधानमंत्री बनने जा रहे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को बिहार विधानसभा भवन के सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में निर्मित 40 फीट ऊंचे शताब्दी स्मृति स्तंभ का लोकार्पण करने पटना आ रहे हैं। वे झारखंड के देवघर में एयरपोर्ट के उद्घाटन व अन्य कार्यक्रमों के बाद सीधे पटना पहुंचेंगे। बिहार विधानसभा परिसर में देश के किसी भी प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा है। पीएम मोदी शाम छह बजे विधानसभा परिसर पहुंचेंगे तथा 07.05 बजे तक रहेंगे। स्मृति स्तंभ के अनावरण के बाद वे शताब्दी स्मृति उद्यान का नामकरण करेंगे तथा उसमें कल्पतरु का पौधा भी लगाएंगे। प्रधानमंत्री विधानसभा संग्रहालय और अतिथिशाला की आधारशिला भी आनलाइन रखेंगे। इस दौरान बिहार के विधायी सफर पर एक पुस्तक का विमोचन भी होगा।