Move to Jagran APP

बिहार डाक सर्किल ने Ratan Tata पर जारी किया स्पेशल कवर, CM नीतीश बोले- उनकी विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करेगी

बिहार डाक सर्किल ने पद्म विभूषण से सम्मानित रतन टाटा को श्रद्धांजलि देते हुए एक विशेष आवरण (Ratan Tata Special Cover) जारी किया। यह आवरण उनके उद्योग समाज सेवा और राष्ट्रीय विकास में योगदान का प्रतीक है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

By Nalini Ranjan Edited By: Rajat Mourya Updated: Thu, 10 Oct 2024 09:24 PM (IST)
Hero Image
बिहार डाक सर्किल ने पतन टाटा पर जारी किया स्पेशल कवर।

जागरण संवाददाता, पटना। पद्म विभूषण से अलंकृत रतन नवल टाटा (Ratan Tata) को श्रद्धांजलि देते हुए बिहार डाक सर्किल (Bihar Postal Circle) ने गुरुवार को स्थानीय मेघदूत भवन के सभागार कक्ष में एक विशेष आवरण जारी किया। इस विशेष आवरण का अनावरण बिहार सर्किल, पटना के मुख्य डाक महाध्यक्ष अनिल कुमार ने किया।

डाक विभाग ने इस आवरण को रतन नवल टाटा के उद्योग, समाज सेवा और राष्ट्रीय विकास में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान का प्रतीक बताया। मुख्य डाक महाध्यक्ष ने कहा कि यह विशेष आवरण ना केवल श्रद्धांजलि है, बल्कि हमारे लिए उन मूल्यों को याद रखने और सराहने का एक तरीका है, जिन्हें टाटा ने अपने जीवन में अपनाया। उनकी दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता और समाज कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने देश के लाखों लोगों को प्रेरित किया है।

इस अवसर पर निदेशक (डाक सेवाएं, मुख्यालय) पवन कुमार ने कहा कि उनका निस्वार्थ समर्पण और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

प्रसिद्ध डाक टिकट संग्राहक प्रदीप जैन ने कहा कि यह विशेष आवरण डाक टिकट संग्राहकों के लिए अनोखी संग्रणीय वस्तु होगी। यह रतन नवल टाटा की विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक भी होगा। मौके पर एसएसआरएम राजदेव प्रसाद, एसएपीओ मनीष कुमार, डिप्टी सीपीएम अनिल कुमार, एडी बिजनेस नवीन कुमार, एडी फिलाटेली राबिन चंद्रा भी थे।

रतन टाटा की विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी: नीतीश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रख्यात उद्योगपति व टाटा संस के चेयरमैन रतन टाटा के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि रतन टाटा कि विरासत सदैव आने वाली पीढ़ियों काे प्रेरित करती रहेगी। उनके नेतृत्व में टाटा समूह ने वैश्विक स्तर पर विस्तार किया।

उन्होंने न केवल भारतीय उद्योग जगत में अपना अहम योगदान दिया, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों की सेवा में भी अपना जीवन समर्पित किया। वर्ष 2000 में उन्हें पद्म भूषण तथा 2008 में पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि रतन टाटा के निधन से औद्योगिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

राज्यपाल ने रतन टाटा के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उद्योगपति एवं पद्म विभूषण से सम्मानित रतन टाटा के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। राज्यपाल ने कहा कि रतन टाटा ने टाटा समूह को न सिर्फ नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाया, बल्कि भारतीय उद्योग को वैश्विक पहचान दिलायी।

ये भी पढ़ें- Ratan Tata Photos: रतन टाटा मजदूरों से भी पूछते थे; कंपनी कैसे आगे बढ़े? पूर्व DGM ने सुनाया दिलचस्प किस्सा

ये भी पढ़ें- कैसे Ratan Tata के जिगरी दोस्त बन गए Shantanu Naidu? बेस्ट फ्रेंड को आखिरी मैसेज लिखकर हुए भावुक

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें