Move to Jagran APP

Bihar Monsoon Session: स्पेशल स्टेटस की मांग पर विधानसभा में विपक्ष का हंगामा, दो बार स्थगित हुआ सदन

बिहार विधानसभा के मानसून सत्र में मंगलवार को स्पेशल स्टेटस की मांग को लेकर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। विधानसभा अध्यक्ष के आसन के समक्ष हंगामा कर रहे विपक्ष के लोग रिपोर्टर टेबल पलटने की कोशिश करने लगे। इसे रोकने के लिए दस मार्शलों को बुलाना पड़ा। पूरी ताकत से मार्शलों ने टेबल को पकड़े रखा। विपक्ष के हंगामा करने के कारण स्पीकर ने दो बार सदन को स्थगित किया।

By BHUWANESHWAR VATSYAYAN Edited By: Rajat Mourya Updated: Tue, 23 Jul 2024 03:12 PM (IST)
Hero Image
स्पेशल स्टेटस की मांग पर विधानसभा में विपक्ष का हंगामा (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar Monsoon Session बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को विधानसभा में प्रश्नोत्तर काल के दौरान जबरदस्त हंगामा हुआ। नारेबाजी कर रहे विपक्ष ने अध्यक्ष के आसन के समक्ष खूब नारेबाजी की। इस मसले पर चर्चा की मांग करते रहे।

प्रश्नोत्तर काल में हंगामे के बीच केवल दो प्रश्नों का जवाब हो सका। विधानसभा की प्रथम पाली 11 बजे आरंभ हुई थी और 11.15 बजे 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी। इसके बाद जब 12 बजे विधानसभा की कार्यवाही आरंभ हुई तो शून्य काल शुरू हो गया।

शून्य काल में विपक्ष के लोग आसन के समक्ष आकर हंगामा करने लगे। मात्र 15 मिनट के भीतर पुन: विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

रिपोर्टर टेबल पलटने से रोकने के लिए दस मार्शल लगाए गए

विधानसभा अध्यक्ष के आसन के समक्ष हंगामा कर रहे विपक्ष के लोग रिपोर्टर टेबल पलटने की कोशिश करने लगे। इसे रोकने के लिए दस मार्शलों को बुलाना पड़ा। पूरी ताकत से मार्शलों ने टेबल को पकड़े रखा। इस बीच एक उम्रदराज सदस्य ने टेबल पर खड़ा होने की कोशिश की तो काफी सख्ती से विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें कार्रवाई की हिदायत दी। कहा कि विवश मत कीजिए।

झुनझुना लेकर पहुंचे कांग्रेस के शकील अहमद को कहा- यह बर्दाश्त नहीं

कांग्रेस के शकील अहमद व एक अन्य सदस्य प्लास्टिक का झुनझुना लेकर सदन में पहुंच गए थे। आसन के समक्ष पहुंचकर वे झुनझुना बजाने लगे। इस पर क्रोध में आ गए विधानसभा अध्यक्ष। उन्होंने कहा कि यह बर्दाश्त नहीं होगा। मार्शल को झुनझुना ले लेने का आदेश दिया।

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा- ये वही लोग हैं जिनके समय...

इस हंगामे के बीच संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने सदन में कहा कि ये वही लोग हैं जिनके समय सबसे पहले बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने के प्रस्ताव को खारिज किया गया था। सदन में वह इस मसले पर अभी जवाब के लिए तैयार हैं।

तीन कार्यस्थगन मंजूर

विपक्ष ने इस मसले पर तीन कार्यस्थगन प्रस्ताव दिए थे। विधानसभा अध्यक्ष ने अपने आसन के समक्ष हंगामा कर रहे विपक्ष को कहा कि अपने आसन पर जाकर पढ़िए। पर विपक्ष को यह स्वीकार नहीं था। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने तीनों कार्यस्थगन प्रस्ताव को अस्वीकृत किए जाने की सूचना पढ़ी।

ये भी पढे़ं- Budget 2024: 'सबकुछ धीरे-धीरे जान जाइएगा', Special Status नहीं मिलने पर आया Nitish Kumar का पहला रिएक्शन

ये भी पढ़ें- Budget 2024: 'यह सिर्फ झुनझुना है, इससे कुछ नहीं होगा'; आम बजट 2024 पर राबड़ी देवी की पहली प्रतिक्रिया

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।