Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Samrat Choudhary Interview: नीतीश के 'सुशासन' और 100 शहरों के मास्टर प्लान से आगे बढ़ेगा बिहार, पढ़ें सम्राट चौधरी के 'मन की बात'

Samrat Chaudhary एनडीए सरकार में उप मुख्यमंत्री का दायित्व संभाल रहे सम्राट चौधरी से दैनिक जागरण के विशेष संवाददाता रमण शुक्ला ने लंबी बातचीत की है। इस दौरान उन्होंने कई सवालों के जवाब दिए। उन्होंने बिहार के लिए अपना विजन भी बताया। उन्होंने शहरीकरण पर जोर देने की बात कही है। उन्होंने बिहार में बीजेपी की चुनौती को लेकर भी बात की है।

By Sunil Raj Edited By: Sanjeev Kumar Updated: Sun, 18 Feb 2024 11:08 AM (IST)
Hero Image
सम्राट चौधरी ने जागरण से की विशेष बातचीत (जागरण)

रमण शुक्ला, पटना। Samrat Choudhary: बिहार में सत्ता परिवर्तन के साथ ही विधि व्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन देखने को मिल रहा है। जनता-जनार्दन के बीच पंचायत से शासन स्तर तक के कामकाज के तरीके में भी बदलाव की नए सिरे से उम्मीद जगी है।

राजनीतिक दलों से जुड़े कार्यकर्ताओं के बोल भी बदल गए हैं। ऐसे समय में बिहार भाजपा अध्यक्ष के साथ राजग सरकार में उप मुख्यमंत्री का दायित्व संभाल रहे सम्राट चौधरी से दैनिक जागरण के विशेष संवाददाता रमण शुक्ला ने लंबी बातचीत की। पेश हैं सम्राट से संवाद के प्रमुख अंश... 

लोकसभा चुनाव घोषणा की उलटी गिनती शुरू हो गई है। चंद दिनों में चुनावी डुगडुगी बज जाएगी। आप दोहरे दायित्व का कितना दबाव महसूस कर रहे हैं? -

राष्ट्रहित में 18 घंटे काम करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह की डबल इंजन सरकार एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की टीम का एक छोटा सा कार्यकर्ता हूं। तीनों की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से मैं 12 से 16 घंटे का समय पार्टी व सरकार को दे रहा हूं।

जीवन के तीन दशक से ज्यादा समय विशुद्ध रूप से समाजसेवा एवं राजनीति को समर्पित रहा है। ऐसे में दोहरे दायित्व का बोझ मेरे लिए सौभाग्य की बात है। भाजपा मेरी मां है एवं सरकार में मिला दायित्व 14 करोड़ बिहारवासियों की उम्मीद। मैं भरोसा देता हूं कि दोनों ही कसौटियों पर खरा उतरूंगा। 

लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा की कितनी तैयारी है? 

भाजपा में छोटे से लेकर बड़े कार्यकर्ता 24 घंटे एवं सातों दिन काम करते हैं। भाजपा ही नहीं राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों पर पूरी तैयारी है। पार्टी के पन्ना समितियों से लेकर बूथ कमिटी एवं मंडल से लेकर लोकसभा क्षेत्रवार सघन संपर्क के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता जीत सुनिश्चित करने के लिए समर्पित भाव से लगे हुए हैं। भाजपा के साथ-साथ देश एवं प्रदेश की जनता भी पूरी तरह तैयार है। जनता तय कर चुकी है कि तीसरी बार नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएगी। 


उप मुख्यमंत्री के साथ ही नगर विकास समेत नौ विभागों का दायित्व है। जनता के बीच संदेश देने के लिए आपने कोई लक्ष्य तय किया है? 

मेरा सर्वोपरि लक्ष्य मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुशासन को नए सिरे स्थापित करना है। विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्पीडी ट्रायल की निगरानी बढ़ाई जाएगी। बतौर नगर विकास एवं आवास मंत्री, हमारा लक्ष्य आने वाले दिनों में शहरी लोगों को कम लागत का फ्लैट उपलब्ध कराना है। राज्य में शहरीकरण के विकास दर को 13 से बढ़ाकर 36 प्रतिशत पहुंचाना है।

इसके लिए सौ शहरों का मास्टरप्लान बनाकर नए सिरे से शहरों को विकसित करने की पहल शीघ्र शुरू होगी। देश के प्रमुख विकसित शहरों के मॉडल को अपनाने की पहल भी की जाएगी। राज्य के ए एवं बी श्रेणी के शहरों में लोगों को सस्ते दर पर फ्लैट उपलब्ध कराने की योजना लाने पर विचार किया जा रहा है। 

बिहार की 40 सीटों पर चुनाव में भाजपा का मुख्य एजेंडा क्या होगा? 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी ही चुनाव का मुख्य एजेंडा है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास एवं सबका विश्वास’ के संकल्प के आधार पर मोदी के विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की गारंटी ही भाजपा का मुख्य एजेंडा है। राजग सरकार के दौरान लिए गए निर्णय के तहत बंपर भर्तियां हुईं है।

केंद्र की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का बिहार में व्यापक असर है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत बिहार के 81 लाख किसान लाभान्वित हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत बिहार में 1.61 करोड़ शौचालय बनाए गए हैं। उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश में 1.2 करोड़ से ज्यादा गरीब महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए हैं।

गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत बिहार के 8.71 करोड़ गरीबों को हर महीने मुफ्त अनाज दिए जा रहे हैं। पीएम आवास योजना से राज्य में 53.49 लाख लोग लाभान्वित हुए हैं। आजादी के बाद पहली बार इस योजना के तहत 82 प्रतिशत मकानों का मालिकाना हक महिलाओं को दिया गया है। राज्य में अब तक 82.69 लाख आयुष्मान कार्डधारी है। 4.45 लाख गरीब इसका लाभ ले चुके हैं। जनधन योजना के तहत बिहार में 5.38 करोड़ खाते खोले गए हैं। यह सब मोदी की गारंटी का ही परिणाम है। 


पार्टी की सबसे बड़ी चुनौती क्या है? कोई रणनीति, कैसे निपटेंगे? 

भाजपा को अपने काम एवं अपने नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। भाजपा संगठनात्मक स्तर पर काफी मजबूत है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता जनता के बीच है और वह प्रधानमंत्री के 10 साल के कार्यों व उपलब्धियों को जनता तक पंहुचा रहा है। जनता भी पूरी तरह से भाजपा के साथ है। भाजपा विपक्ष के हर प्रपंच से निबटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। जनता के बीच विपक्ष की कोई विश्वसनीयता नहीं है।

2019 के लोकसभा चुनाव में राजद जीरो पर आउट हुआ था। इस बार भी बिहार में इंडी गठबंधन का खाता नहीं खुलने वाला है। भाजपा अपने सहयोगी पार्टियों के साथ बिहार की सभी लोकसभा सीटों पर अपनी जीत सुनिश्चित करेगी। कहीं, किसी स्तर पर कोई चुनौती नहीं है। 

आपके दायित्व वाले कई विभागों में बड़ी संख्या में नियुक्तियां फंसी हैं। कारण क्या है? 

अब विलंब नहीं होगा, शीघ्र ही नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी आएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर 30 हजार से अधिक पदों पर गत दिनों नियुक्तियों को लेकर मंजूरी दी गई है। कोशिश है कि संबंधित एजेंसी जल्द से जल्द नियुक्ति का प्रस्ताव भेजकर आगे की प्रक्रिया पूरी कराई जाए।

लालू यादव व राबड़ी देवी के मुख्यमंत्री रहते 15 वर्ष के शासन में एक लाख बेरोजगारों को नौकरी नहीं दे पाए, लेकिन नीतीश कुमार ने 2020 के चुनाव के समय 10 लाख नौकरी देने की घोषणा की थी। सात निश्चय-2 के तहत राजग सरकार पूरा कर रही है। इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए तेजी से नियुक्ति प्रक्रिया पर सरकार ध्यान दे रही है। 

नियोजित शिक्षकों को आपसे काफी उम्मीद है। विपक्ष में रहते हुए आपने शिक्षकों को बड़ा भरोसा दिया था। उनकी मांगों का क्या होगा?

मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से नियोजित शिक्षकों की कठिनाइयों को लेकर बात हुई है। कंप्यूटर पर जो शिक्षक परीक्षा नहीं देना चाहते हैं, उनके लिए लिखित परीक्षा का प्रविधान कर दिया गया है। अब पांच मौका दिया जाएगा, अन्य मांगों पर भी सरकार विचार कर रही है।

यह भी पढ़ें

Samrat Choudhary Pagdi: सम्राट चौधरी कब खोलेंगे पगड़ी? नीतीश सरकार में डिप्टी CM बनते ही बता दिया इसका 'सीक्रेट'

Bihar Budget Session: शिक्षित बिहार नौकरी अपार... अब प्रदेश में 20 लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य, यहां पढ़ें बजट की खास बात

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें