Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Lalu Yadav: '...तब तो लालू कभी नहीं छोड़ते CM का पद', सम्राट ने निकाला RJD सुप्रीमो का केजरीवाल कनेक्शन

चंद्रवंशी ललकार सम्मेलन में भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व आयुष्मान भारत मुफ्त अनाज योजना की उपलब्धियां गिनाई गईं और राजद व कांग्रेस पर भी तीखे हमले किए गए। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राजद सुप्रीमो को यदि पता होता कि जेल जाने के बाद भी केजरीवाल की तरह मुख्यमंत्री बने रह सकते हैं तो वे कभी पद नहीं छोड़ते।

By Vyas Chandra Edited By: Rajat Mourya Updated: Mon, 23 Sep 2024 02:22 PM (IST)
Hero Image
अरविंद केजरीवाल, लालू यादव और सम्राट चौधरी। (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, पटना। चंद्रवंशी ललकार सम्मेलन से भाजपा ने अतिपिछड़ों को साधने का प्रयास किया। श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में रविवार को हुआ आयोजन एक तरह से 2025 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के अभियान की शुरुआत का मंच बना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व, आयुष्मान भारत, मुफ्त अनाज योजना की उपलब्धियां गिनाई गईं और राजद व कांग्रेस पर भी तीखे हमले किए गए। इस आयोजन से चंद्रवंशी चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सदस्य डा. भीम सिंह अपना दम दिखाने में सफल रहे।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह मंत्री डा. दिलीप जायसवाल ने अन्य अतिथियों के साथ सम्मेलन का शुभारंभ किया। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राजद सुप्रीमो को यदि पता होता कि जेल जाने के बाद भी केजरीवाल की तरह मुख्यमंत्री बने रह सकते हैं तो वे कभी पद नहीं छोड़ते। वे भले कहते थे कि रानी के पेट से राजा पैदा नहीं होता, लेकिन राजद में तो एक राजा, एक रानी, दो राजकुमार और सात राजकुमारियां हैं। सम्राट ने कहा कि चंद्रवंशी समाज के आराध्य जरासंध की भव्य प्रतिमा राजगीर में स्थापित की जाएगी। उन्होंने डा. भीम सिंह की भी प्रशंसा की। कहा, वे सिद्धांतवादी नेता हैं।

भाजपा ही अतिपिछड़ों की सबसे बड़ी हितैषी : डॉ. भीम सिंह

राज्यसभा सदस्य डा. भीम सिंह ने राजद, सपा, बसपा को टुटपुंजिया कहा। समझाया कि ये लोग भाजपा पर सवर्णों की पार्टी होने, संविधान बदलने, आरक्षण खत्म करने की अफवाह फैलाते हैं। इनके फेर में मत फंसिएगा। इनके सहयोगी दलों के भी चक्कर में मत पड़िएगा। भाजपा ही अतिपिछड़ों की सबसे बड़ी हितैषी है। यही हर वर्ग का विकास करेगी। भाजपा ने ही चारों सदनों में चंद्रवंशी समाज को प्रतिनिधित्व दिया।

बिहारी को कलंकित करने वालों से रहें सावधान: विजय सिन्हा

उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने चंद्रवंशी समाज से अपनी समृद्ध विरासत पर गर्व करने की अपील की। कहा कि बिहारी शब्द को अपमानित और कलंकित करने वालों से सावधान रहें। भाजपा वंशवादियों की पार्टी नहीं है। राजद और कांग्रेस में परिवारवाद है। वहां सिर्फ परिवार के लोगों को ही बढ़ावा दिया जाता है।

2020 में तेजस्वी को हो गया था सीएम बनने का भ्रम: नित्यानंद

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि 2025 में बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने राजद, लालू एवं तेजस्वी पर चंद्रवंशी समाज को ठगने का आरोप लगाया। कहा, 2020 के विधानसभा चुनाव परिणाम के दौरान तेजस्वी यादव को सीएम बनने का भ्रम हो गया था।

एक वर्ग की बढ़ती आबादी चिंता का विषय : गिरिराज

भाजपा के फायरब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने हिंदुओं की घटती आबादी और एक वर्ग की बढ़ती आबादी पर चिंता जाहिर करते हुए 2025 के चुनाव में एमवाइ गठबंधन को धूल चटाने का आह्वान किया। कहा कि चंद्रवंशी समाज पर हिंदुओं की रक्षा की जिम्मेदारी है। राजगीर में जरासंध की प्रतिमा स्थापित करने के साथ स्थान का नाम राजा जरासंध राजगृह करने की मांग कर डाली। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, सांसद डा. संजय जायसवाल ने भी सम्मेलन में विचार रखे।

चंद्रवंशी समाज के लोग भाजपा के प्रति समर्पित: जायसवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने सम्मेलन को संबोधित हुए कहा कि सम्राट जरासंध के वंशजों ने आज पटना में एकता दिखाई है। उन्होंने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि आप सभी भाजपा के साथ हैं, यह बड़ी खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि चंद्रवंशी समाज के लोग भाजपा के प्रति समर्पित रहे हैं और आगे भी रहेंगे। भाजपा आज सभी लोगों की पसंद बन चुका है। भाजपा के सदस्यता अभियान में चंद्रवंशी समाज के लोग बड़ी संख्या में जुड़ रहे हैं।

सम्मेलन में 25 किलो का केक कटा

सम्मेलन में 25 किलो का केक काटा गया। सम्राट जरासंध की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया। नेताओं को गदा भेंटकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय महामंत्री सुभाष प्रसाद चंद्रवंशी एवं प्रदेश अध्यक्ष जीत कुमार चंद्रवंशी ने संचालन किया। प्रदेश महामंत्री जेपी चंद्रवंशी, पप्पू कुमार, सुबोध वर्मा, सिद्धनाथ चंद्रवंशी, दिलीप चंद्रवंशी, रंजन चंद्रवंशी, अमित चंद्रवंशी आदि ने भी विचार रखे।

ये भी पढ़ें- Bihar Politics: चिराग की पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर लिया बड़ा फैसला, 243 सीटों के लिए बनाई खास रणनीति

ये भी पढ़ें- Bihar Politics: तेजस्वी यादव पर बरसे BJP प्रवक्ता, कहा- 10वीं फेल आदमी समीक्षा बैठक के मायने नहीं समझ सकता