Move to Jagran APP

हकीकत: सात लाख गिरफ्तारियां, ढाई लाख लीटर शराब बरामद; बिहार में छह साल की हुई शराबबंदी

बिहार में शराबबंदी के छह साल पूरे हो चुके हैं। इसके बाद भी लोग शराब पीने में पीछे नहीं हैं। आंकड़े इस बात की गवाही दे रहे हैं। बिहार में शराब तस्करी में अब तक सात लाख गिरफ्तारी की जा चुकी हैं।

By Kumar RajatEdited By: Yogesh SahuUpdated: Wed, 04 Jan 2023 08:00 PM (IST)
Hero Image
हकीकत : सात लाख गिरफ्तारियां, ढाई लाख लीटर शराब बरामद; बिहार में छह साल की हुई शराबबंदी

कुमार रजत, पटना। राज्य में अप्रैल 2016 में पूर्ण शराबबंदी लागू की गई। इसके बाद से उत्पाद अधिनियम के तहत सात लाख से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि करीब दो करोड़ 46 लाख से अधिक लीटर शराब बरामद की गई है। वर्ष 2022 में सर्वाधिक कार्रवाई हुई।

मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अनुसार, अप्रैल 2016 से 2021 के बीच उत्पाद अधिनियम के तहत चार लाख 24 हजार 512 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं एक जनवरी से 31 दिसंबर 2022 के बीच दो लाख 79 हजार 262 लोगों को पकड़ा गया है। यह अब तक हुई कुल गिरफ्तारी का 40 प्रतिशत है। हालांकि जुर्माने का प्रावधान होने के कारण शराब पीने के अपराध में पकड़े गए अधिसंख्य लोगों को तय जुर्माना राशि लेकर छोड़ दिया गया।

एक साल में पकड़ी गई 43 लाख लीटर शराब

एक जनवरी से 31 दिसंबर के बीच 43 लाख 83 हजार 232 लीटर शराब जब्त की गई है। इसमें 21 लाख 17 हजार 363 लीटर विदेशी जबकि 22 लाख 65 हजार 869 लीटर देसी शराब शामिल है। वर्ष 2022 में ड्रोन और मोटरबोट से भी छापेमारी कर शराब बरामद की गई।

जांच में हर 12वां व्यक्ति शराबी

वर्ष 2022 में ब्रेथ एनालाइजर से की गई जांच में 100 में प्रत्येक 12वें व्यक्ति में शराब पीने की पुष्टि हुई। विभाग के अनुसार, पिछले साल जनवरी से दिसंबर के बीच ब्रेथ एनालाइजर से 13 लाख 68 हजार 837 लोगों की जांच की गई। इनमें एक लाख 70 हजार 97 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव पाई गई।

सिर्फ दिसंबर में पुलिस ने 10 हजार को पकड़ा

बिहार पुलिस की एंटी लिकर टास्क फोर्स (एएलटीएफ) ने दिसंबर में आपरेशन प्रहार के तहत शराब की 2664 भट्ठियों को ध्वस्त करते हुए 10 हजार 688 लोगों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 69 हजार लीटर देसी और 61 हजार लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। दिसंबर के दौरान एएलटीएफ की कार्रवाई में गिरफ्तारी के मामले में भागलपुर, बक्सर, मुजफ्फरपुर, सारण और कैमूर जिले शीर्ष पांच में शामिल रहे। वहीं शराब बरामदगी में मधुबनी, कैमूर, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली शामिल है।

वर्ष 2016-2021 तक कार्रवाई

  • 1,30,96,887 लीटर विदेशी शराब बरामद
  • 71, 42,593 लीटर देसी शराब बरामद
  • 4,24,512 अभियुक्त हुए गिरफ्तार

वर्ष 2022 में कार्रवाई

  • 21,17,363 लीटर विदेशी शराब बरामद
  • 22,65,869 लीटर देसी शराब बरामद
  • 2,79,262 अभियुक्त किए गए गिरफ्तार

ड्रोन से कार्रवाई

  • 3,35,473 लीटर शराब की गई जब्त
  • 144.53 लाख किलो जावा गुड़ बरामद
  • 527 अभियुक्त किए गए गिरफ्तार

मोटरबोट से कार्रवाई

  • 1,46,356 लीटर शराब की गई जब्त
  • 68.90 लाख किलो जावा गुड़ बरामद
  • 330 अभियुक्त किए गए गिरफ्तार

हैंडहेल्ड स्कैनर से कार्रवाई

  • 43,500 वाहनों को किया गया स्कैन
  • 1640 लीटर शराब की गई जब्त
  • 39 अभियुक्त किए गए गिरफ्तार
लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें