Move to Jagran APP

'बेरोजगार हैं गिरिराज, सारा काम मोदी और अमित शाह करते हैं'; तेजस्वी यादव ने छोड़े 'शब्दबाण'

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर निशाना साधा है। तेजस्वी ने कहा कि गिरिराज सिंह के पास कोई काम नहीं है इसलिए वे हिंदुओं को जगाने के लिए यात्रा पर निकल रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का सारा काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह करते हैं। बाकी मंत्रियों के पास कोई काम नहीं रहता है। ये सब बेरोजगार हैं।

By Arun Ashesh Edited By: Rajat Mourya Updated: Tue, 15 Oct 2024 08:15 PM (IST)
Hero Image
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और राजद नेता तेजस्वी यादव। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, पटना। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कहा है कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) के पास कोई काम नहीं है, इसलिए ये हिंदुओं को जगाने के लिए यात्रा पर निकल रहे हैं, लेकिन इस यात्रा में जनता ही उन्हें जगा देगी।

तेजस्वी मंगलवार को अपने दूसरे चरण की यात्रा के लिए निकलने से पहले यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का सारा काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह करते हैं। केंद्र सरकार के बाकी मंत्रियों के पास कोई काम नहीं रहता है। ये सब बेरोजगार हैं।

'हिंसा फैलाना इनका मुख्य उद्देश्य'

उन्होंने कहा कि भाजपा जरूरी मुद्दे पर चर्चा नहीं कर सकती है। शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य जैसे मुद्दे जनता से जुड़े हैं। भाजपा इनके बारे में नहीं बोलेगी। उसके नेता नफरत फैलाने वाले विषयों को उठाते हैं। दंगा कराने का प्रयास करते हैं। हिंसा फैलाना इनका मुख्य उद्देश्य रहता है।

तेजस्वी ने कहा कि बिहार विधानसभा की चार सीटों पर उप चुनाव की घोषणा हो गई है। सभी सीटों पर हमारे गठबंधन की जीत होगी। जहां तक झारखंड का प्रश्न है, इसबार भी वहां हमलोगों की सरकार बनेगी। झारखंड सरकार में राजद भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में पांच साल पहले हुए विधानसभा चुनाव में भी हम लोगों की जीत हुई थी। भाजपा परास्त हुई थी। इस बार भी वही परिणाम दोहराया जाएगा। तेजस्वी राजद कार्यकर्ताओं से संवाद करने के लिए दूसरे चरण की यात्रा पर निकल गए हैं। बुधवार से बांका से उनकी यात्रा शुरू होगी। यह 26 अक्टूबर तक चलेगी। इस दौरान वे 56 विधानसभा क्षेत्र के राजद कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।

तेजस्वी की यात्रा का पूरा शेड्यूल

तेजस्वी यादव 16 को बांका में अमरपुर, घोरैया, बांका, कटोरिया एवं बेलहर विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। 17 को जमुई में सिकन्दरा, जमुई, झाझा एवं चकाई, 18 को मुंगेर में तारापुर, मुंगेर एवं जमालपुर,19 को खगड़िया जिला के अलौली, खगड़िया, बेलदौर एवं परवत्ता एवं 20 को बेगूसराय में चेरिया बरियारपुर, बछबाड़ा, तेघड़ा, मटिहानी, बेगुसराय, बखरी एवं साहेबपुर कमाल विस के कार्यकर्ताओं से विमर्श करेंगे।

21 को लखीसराय में सूर्यगढा, लखीसराय, शेखपुरा एवं बरबीघा , 22 को नवादा में रजौली, हिसुआ, नवादा, गोविंदपुर एवं वारसलीगंज, 23 को राजगीर में अस्थावां, बिहारशरीफ, राजगीर, इस्लामपुर, हिलसा, नालंदा एवं हरनौत, 24 को जहानाबाद में जहानाबाद, मखदुमपुर, घोसी ,अरवल एवं कुर्था तथा 25 अक्टूबर को बोधगया में बाराचट्टी, बोधगया, गया शहर, बेलागंज एवं वजीरगंज कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।

26 अक्टूबर को इमामगंज, गुरुआ, टेकारी,अतरी एवं शेरघाटी के कार्यकर्ताओं से संवाद करने के साथ दूसरे चरण की यात्रा का समापन हो जाएगा।

ये भी पढ़ें- कांग्रेस की नजर में गिरिराज की हिंदू स्वाभिमान यात्रा 'नौटंकी', JDU बोली- नीतीश राज में मंदिर-मस्जिद गुलजार

ये भी पढ़ें- Bihar Politics: 'लालू-राबड़ी शासनकाल में अपराधी कानून को...', मंत्री मंगल पांडेय का तेजस्वी यादव पर पलटवार

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें