Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

पत्‍नी गई थी मायके घर में अकेले था युवक, रात में अपराधियों ने गला रेतकर मार डाला, सारण की घटना

सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात अपराधियों ने घर में सोए एक युवक की गला रेतकर हत्‍या कर दी। पत्‍नी मायके गई हुई थी इस कारण युवक घर में अकेले था। इसी दौरान यह हादसा हुआ है।

By Vyas ChandraEdited By: Updated: Thu, 26 Aug 2021 01:48 PM (IST)
Hero Image
सारण में गला रेतकर युवक की हत्‍या। प्रतीकात्‍मक फोटो

सारण, जागरण संवाददाता। परसा थाना क्षेत्र के बहलोलपुर दियारा में बुधवार देर रात एक युवक की गला रेतकर हत्‍या कर दी गई। मृतक स्थानीय स्व कृष्णा कुमार राय का 35 वर्षीय पुत्र मनोहर राय था। सुबह खेत की ओर निकली महिलाओं ने शव देखा तब बात फैली। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। मनोहर राय की पत्‍नी मायके गई हुई है। वर्तमान में वह अकेले ही रहता था। इसी बीच यह घटना हुई है। हत्‍या की घटना से सनसनी फैल गई है।  

ग्रामीणों के अनुसार देर रात कुत्‍ते काफी भौंक रहे थे। मनोहर की आवाज भी सुनाई दी जब वह कुत्‍तों को हड़का रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि शायद उसी समय अपराधी उसके घर के आस पास जमा हुए होंगे और घटना का अंजाम दिया गया होगा। ग्रामीणों ने बताया कि वह घर मे अकेला ही रहता था। उसकी पत्‍नी को एक ही बार दो लड़के हुए। वह अपने मायके झारखंड करीब एक वर्ष पहले चली गयी थी। तब से वह अकेला ही रहता था । घटना की सूचना मिलते ही झारखंंड से उसकी पत्‍नी रवाना हो गई है।  

इधर पुलिस घटना स्थल से लेकर जहां वह सोया था वहां तक की छानबीन कर रही है। आशंका है कि हत्‍या के बाद हत्‍यारे उसका शव नदी में फेंकने ले जा रहे होंगे लेकिन किसी कारण खेत में ही शव छोड़ फरार हो गए होंगे। इधर पुलिस को यह भी आशंका है कि शायद घर में ही मनोहर पर हमला हुआ होगा। इसके बाद वह बचने के लिए भागा और खेत में गिर गया। वहां अपराधियों ने उसकी हत्‍या कर दी। घर का बिछावन भी खून से लथपथ है।  

घटना की सूचना पर विधायक प्रतिनिधि अखिलेश कुमार, मुखिया प्रतिनिधि राज किशोर राय,विनोद राय, राजेश राय, पूर्व पैक्स अध्यक्ष वीरेंद्र राय,आदि ने शोक संतप्त स्वजनों से मिलकर सांत्वना दी और  मदद करने का हरसंभव प्रयास बताया । प्रशिक्षु डीएसपी ज्योति कश्यप ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया गया है। वही डॉग टीम के माध्यम से पुलिस छानबीन कर रही है।  

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर