Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

अंतरिक्ष के दुनिया की जानकारी लेने ISRO जाएंगे सरकारी स्कूल के टॉप बच्चे, 9 जिलों के शिक्षक भी रहेंगे साथ

सरकारी स्कूलों के टॉपर छात्रों के लिए खुशखबरी है। कक्षा 9वीं 10वीं और 11वीं के 100 टॉपर छात्र को अंतरिक्ष की दुनिया के बारे में जानकारी दी जाएगी। सभी छात्र अंतरिक्ष के बारे में जानकारी लेने के लिए बेंगलुरु के इसरो केंद्र जाएंगे। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि इसरो जाने वाले बच्चों के साथ 20 शिक्षक भी जाएंगे।

By Ravi Kumar(Patna) Edited By: Mukul Kumar Updated: Mon, 09 Sep 2024 10:57 AM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार के सरकारी स्कूलों की नौवीं, 10वीं और 11वीं कक्षा के 100 बच्चे अंतरिक्ष की जानकारी लेने इसरो केंद्र, बेंगलुरु जाएंगे। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने इसरो जाने वाले बच्चों की सूची सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को शीघ्र उपलब्ध कराने को निर्देशित किया है।

राज्य परियोजना निदेशक द्वारा जारी पत्र में कहा गया कि इस अभियान में उन बच्चों को शामिल किया जाएगा, जो नौवीं की वार्षिक परीक्षा और 10वीं के बोर्ड में जिला स्तर पर टापर रहे हैं। इस अभियान में पूरे राज्य से कुल सौ बच्चों को शामिल किया जाएगा। प्रत्येक जिले से एक छात्र और छात्रा टीम शामिल होंगे।

पत्र में कहा गया कि जिन जिलों में प्रखंडों की संख्या 18 से अधिक है, वहां से दो छात्र, दो छात्राएं शामिल होंगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना है। परिषद की ओर से बच्चों के चयन के लिए सभी जिलों को फारमेट भेज दिया गया है।

बच्चों के साथ नौ जिलों से 20 शिक्षक जाएंगे

पत्र में कहा गया इसरो के भ्रमण पर जा रहे बच्चों के साथ शिक्षक भी रहेंगे। बड़े नौ जिले, यथा पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सारण, सहरसा, मुंगेर, भागलपुर, पूर्णिया और गया जिले से 20 शिक्षकों का चयन किया जाएगा। पटना से चार और शेष आठ जिले से दो-दो शिक्षक शामिल होंगे।

राज्य के अन्य जिलों से एक शिक्षक और एक शिक्षिका चुनी जाएंगी। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से जानकारी दी गई कि उन्हीं शिक्षकों को बच्चों के साथ इसरो जाने का अवसर मिलेगा, जिन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में प्रदर्शनी, सेमिनार, क्विज का संचालन और पुरस्कार आदि में योगदान दिया हो।

पटना के जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि बिहार शिक्षा परियोजना परिषद से पत्र मिलने के बाद सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सूची शीघ्र भेजने के लिए निर्देशित किया गया है।

यह भी पढ़ें-

शिक्षा विभाग BPSC टीचरों पर मेहरबान, दे दी बड़ी खुशखबरी

BPSC शिक्षक नियुक्ति को लेकर आया नया अपडेट, सभी जिलों के DEO तक पहुंच गए नए दिशा-निर्देश