Move to Jagran APP

बिहारः ग्रामीण विकास की बागडोर संभालते ही बदले गिरिराज सिंह के बोल, कहा-पीएम के भरोसे पर उतरूंगा खरा

केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायतीराज मंत्री गिरिराज सिंह शनिवार को बिहार पहुंचने के बाद बदले-बदले नजर आए। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया के सवालों के जवाब देने से बेगूसराय से सांसद गिरिराज कन्नी काटते दिखे। जानें पत्रकारों के सवालों का क्या दिया उन्होंने जवाब।

By Akshay PandeyEdited By: Updated: Sat, 10 Jul 2021 03:42 PM (IST)
Hero Image
केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायतीराज मंत्री गिरिराज सिंह। जागरण आर्काइव।
राज्य ब्यूरो पटना। भाजपा के फायर ब्रांड नेताओं में शुमार और विवादित बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाले केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायतीराज मंत्री गिरिराज सिंह शनिवार को बिहार पहुंचने के बाद बदले-बदले नजर आए। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया के सवालों के जवाब देने से बेगूसराय से सांसद गिरिराज कन्नी काटते दिखे। बस केवल इतना कहा कि जनता काम देखती है। एयरपोर्ट से सीधे बेगूसराय के लिए रवाना ही गए ।

एकजुटता की नहीं, काम की जरूरत

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से जब कामन सिविल कोड को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने बोलने से परहेज किया। गिरिराज सिंह ने केवल इतना कहा कि सरकार अपना काम करेगी। यह पूछे जाने पर कि तेजस्वी यादव विपक्षी एकजुटता की बात कर रहे हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि अब एकजुटता की नहीं, काम की जरूरत है। 

जो काम करेगा वही सरकार में रहेगा

बकौल गिरिराज सिंह, लोग केवल काम चाहते हैं और जो काम करेगा वही सरकार में रहेगा। केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की बात पर गिरिराज सिहं ने कहा कि कोई भी जिम्मेदारी बड़ी या छोटी नहीं होती है। पहले भी जिम्मेदारी मिली थी उसको निभाया और अब जो जिम्मेदारी मिली है उसको भी आगे निभाऊंगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भरोसा को पूरा करने का दावा किया।

मंत्रिमंडल विस्तार में मिली नई जिम्मेदारी

बिहार में बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह के पास पहले डेयरी, मत्स्य एवं पशुपालन विभाग की जिम्मेदारी थी कैबिनेट में विस्तार के बाद अब ग्रामीण विकास और पंचायतीराज मंत्री बनाया गया है। नए मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने के बाद वह पहली बार पटना पहुंचे थे।

दुग्ध उत्पादन में देश में सर्वोच्च स्थान पर होगा बेगूसराय

संवाद सूत्र, बछवाड़ा (बेगूसराय) : केंद्रीय ग्रामीण विकास सह पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि जब राजग सत्ता में आया था तो देश में 137 मिलियन टन दूध का उत्पादन होता था। आज 200 मिलियन टन दूध का उत्पादन हो रहा है। सरकार पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। आने वाले समय में बेगूसराय दुग्ध उत्पादन में सर्वोच्च स्थान पर होगा। वे बछवाड़ा प्रखंड के बछवाड़ा गांव में शनिवार को बछवाड़ा महिला दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति लिमिटेड की ओर से पशुपालन विभाग द्वारा स्थापित बायोगैस संयंत्र के लोकार्पण एवं जैविक खाद सह बोनस वितरण कार्यक्रम में आए लोगों को संबोधित कर रहे थे।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।