Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar New DGP : वो किस्सा.. जब अमृतसर प्लेन भेजकर लालू प्रसाद ने छुट्टी पर गए IPS भट्टी को पटना बुलाया

बिहार के नए डीजीपी बनाए गए आरएस भट्टी के साथ कई किस्से जुड़े हुए हैं जिन्हें लोग आज भी याद करते हैं। इनमें किस्सों में से एक किस्सा सिवान के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन का भी है जो काफी ज्यादा चर्चा में रहा था।

By BHUWANESHWAR VATSYAYANEdited By: Yogesh SahuUpdated: Sun, 18 Dec 2022 07:47 PM (IST)
Hero Image
जब अमृतसर प्लेन भेजकर लालू प्रसाद ने छुट्टी पर गए IPS भट्टी को पटना बुलाया

पटना, भुवनेश्वर वात्स्यायन। नब्बे के दशक के बाद की बात है यह। उन दिनों राजविंदर सिंह भट्टी गोपालगंज के पुलिस कप्तान हुआ करते थे। पड़ोस के जिले छपरा में तब एक डॉक्टर के पुत्र का अपहरण हो गया था। पूरे सूबे में इस अपहरण को लेकर सरकारी और निजी डॉक्टरों ने हड़ताल कर दी थी। तब प्रत्यय अमृत सारण के डीएम थे। डॉक्टरों के हड़ताल के ग्यारह दिन बीत गए थे।

बस एक ही मांग- ये केस भट्टी को दे दीजिए

दबाव यह था कि डॉक्टरों की हड़ताल खत्म हो जाए। आखिरकार डाॅक्टरों के प्रतिनिधिमंडल को तब के मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से मिलने के लिए बुलाया गया। लालू प्रसाद भी परेशान थे। डाॅक्टरों ने कहा कि बस एक मांग मान लीजिए। इस केस को आरएस भट्टी को दे दीजिए।

..और भट्टी पटना लैंड कर गए

लालू प्रसाद ने तुरंत बात मान ली। भट्टी को तलाशा जाने लगा तो पता चला कि वह छुट्टी पर हैं। इसके बाद उनके चंडीगढ़ स्थित आवास पर फोन लगाया गया। वहां मालूम हुआ कि वह अमृतसर में धार्मिक आयोजन में हैं। वहां उनसे संपर्क किया गया। राज्य सरकार ने विमान भेजा और भट्टी पटना लैंड कर गए।

लालू प्रसाद ने भट्टी को गोपालगंज वाले केस के बारे में बताया। बस भट्टी का ऑपरेशन शुरू हो गया। आसपास के पांच-छह जिलों से टॉप फाइन अपराधी की सूची ली। इसके बाद अपने अंदाज में उन्होंने टीम को सक्रिय किया। अब अपराधियों के गैंग तलाशने लगे अगवा हुए चिकित्सक के पुत्र को। क्योंकि उसके नहीं मिलने पर अपराधियों को अपने बच्चों की चिंता था। हफ्ताभर भी नहीं लगा कि डॉक्टर का अगवा पुत्र यूपी के मिर्जापुर से बरामद कर लिया गया।

केशो कुंवर की कहानी

आरएस भट्टी 1990 बैच के आईपीएस हैं। प्राेबेशनर के रूप में वह नवगछिया भेजे गए थे। तब वहां केशो कुंवर नाम के एक दुर्दांत का आतंक था। फिल्मी स्टाइल में भट्टी उसे केले से लदे ट्रक में छिपकर पकड़ने गए थे, पर बात नहीं बन पाई थी। बाद में उस अपराधी काे उन्होंने बाढ़ से पकड़ लिया था।

मुजफ्फरपुर का आइस ट्रीटमेंट

इसके बाद भट्टी मुजफ्फरपुर आए। मुजफ्फरपुर के अपराधियों का उन्होंने बर्फ के साथ जिस अंदाज में ट्रीटमेंट किया कि अपराधियों ने जिले से अपने को अलग कर लिया था।

बाढ़ में जब पहली बार एएसपी बने

आरएस भट्टी के कई किस्सों में एक किस्सा विधानसभा सत्र के दौरान एक बाहुबली विधायक को गिरफ्तार करने का भी है। बाढ़ से जुड़े एक मामले में पटना के बेली रोड से उन्होंने विधायक को गिरफ्तार कर कोतवाली पहुंचा दिया था। इसी तरह एक विधायक अशोक सिंह की हत्या के मामले में उन्होंने एक दबंग विधायक को परेशान कर दिया था।

विशेष विमान से पूर्णिया ले गए थे लालू

जिस समय पूर्णिया में विधायक अजीत सरकार की हत्या को लेकर हंगामा हो रहा था, उस वक्त लालू प्रसाद भट्टी को साथ लेकर पूर्णिया गए थे और जिले का एसपी बनाया था।

केजे राव का किस्सा आज भी लोग याद करते हैं

उन दिनों बिहार में 2005 का दूसरा विधानसभा चुनाव हो रहा था। चुनाव आयुक्त केजे राव थे। उन्होंने आरएस भट्टी को सीबीआई से वापस लेकर सिवान की कमान सौंपी थी। तब भट्टी डीआईजी हो गए थे। केजे राव ने सिवान के एसपी के पद को शिथिल कर भट्टी को तैनात कर दिया था। एक नई सब इंस्पेक्टर के नेतृत्व में टीम गठित कर शहाबुद्दीन को गिरफ्तार करा दिया था।

गौरी ने पकड़वाया था शहाबुद्दीन को

आरएस भट्टी ने एक नई सब इंस्पेक्टर गौरी के नेतृत्व में बिल्कुल ही नई टीम गठित कर शहाबुद्दीन को पकड़वा दिया था। यह वाकया भी खूब चर्चा में रहा था।

सितंबर 2025 तक सेवा में रहेंगे आरएस भट्टी

नव नियुक्त डीजीपी आरएस भट्टी सितंबर 2025 तक सेवा में रहेंगे। उनका जन्म 27 सितंबर 1965 को हुआ है। पंजाब के रहने वाले भट्टी 1990 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। पिछले वर्ष सितंबर में वह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली गए थे। आईपीस भट्टी चार्टर्ड एकाउंटेट रहे हैं। भारतीय पुलिस सेवा में आने के पूर्व वह लंदन में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम कर चुके हैं।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें