Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Bihar Weather Today बिहार में सुस्त पड़ा मानसून, बारिश की रफ्तार पर लगी ब्रेक; जानें कब हो सकती है वर्षा

Rain in Bihar बिहार में मानसून की स्थिति काफी कमजोर हो गई है। बारिश की रफ्तार पर ब्रेक लग चुकी है। इसका सबसे बुरा असर खेती पर देखने को मिल रहा है। अगले दो दिन तक मानसून के सक्रिय होने के आसार नहीं हैं। ऐसे में किसानों की परेशानी बढ़ सकती है। पिछले चौबीस घंटे में दो-चार जगहों पर छिटपुट बारिश हुई है।

By Niraj Kumar Edited By: Mohit Tripathi Updated: Sun, 28 Jul 2024 07:45 AM (IST)
Hero Image
बिहार में मानसून की स्थिति हुई कमजोर ।

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में एक बार फिर बारिश की रफ्तार पर ब्रेक लग गई है। राज्य में मानसून की स्थिति काफी कमजोर हो गई है।

वर्षा नहीं होने से किसानों की परेशानी काफी बढ़ गई है। वर्षा के अभाव में राज्य में धान की रोपनी बुरी तरह से प्रभावित हो रही है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य में मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद नहीं है।

शनिवार को कैसा रहा मौसम ?

शनिवार को राज्य में सबसे ज्यादा तापमान गोपालगंज और सीतामढ़ी में दर्ज किया गया। दोनों जगहों पर 39 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।

राज्य में न्यूनतम तापमान बांका में 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजधानी में अधिकतम तापमान 36.7 एवं न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

पिछले चौबीस घंटे में स्थानीय कारणों से नवीनगर, चकाई एवं मनेर सहित आसपास के इलाकों में हल्की वर्षा रिकार्ड की गई।

कब होगी बारिश ?

वर्तमान में मानसून की रेखा राजस्थान के श्रीगंगानगर, सीकर, ग्वालियर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। उसके धीरे-धीरे ऊपर की ओर ऊठने की उम्मीद है, तभी बिहार में वर्षा के आसार बन सकते हैं।

उमस ने छुड़ाया राजधानीवासियों का पसीना

राजधानी में उमस ने परेशानी काफी बढ़ा दिया है। सुबह से रात तक लोग पसीना पोछते रहे। उमस से लोगों को न तो घर में राहत मिल रही है न ही बाहर। भीषण उमस के समक्ष पंखों से भी राहत नहीं मिल रही है।

सुबह आठ बजे ही तीखी धूप और उमस से लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है। दोपहर बारह बजे तो वातावरण में उमस इस कदर बढ़ गई कि लोगों को खुले में खड़ा होने पर पसीना बहना शुरू हो गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि फिलहाल उमस से राहत नहीं मिलने वाली है।

यह भी पढ़ें: जब मियां बीवी राजी तो क्या करेगा काजी! 80 साल के बुजुर्ग ने 25 साल की दुल्हन से रचाई शादी

पूर्व राजद विधायक के बेटे समेत 14 कुख्यातों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित, सूचना देने वालों को दी जाएगी पुरस्कार राशि