Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

अब समस्तीपुर में भी हाईटेक रेल थाना

परेशानियों से जूझ रहे रेल पुलिस कर्मियों के लिए अच्छी खबर है।

By JagranEdited By: Updated: Fri, 19 Jan 2018 12:15 AM (IST)
Hero Image
अब समस्तीपुर में भी हाईटेक रेल थाना

समस्तीपुर। परेशानियों से जूझ रहे रेल पुलिस कर्मियों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें रहने में कोई परेशानी नहीं होगी। तेज बारिश हो या हाड़ कंपाने वाली ठंड। वे ड्यूटी ऑफ करने के बाद आराम से नींद ले सकेंगे। मुजफ्फरपुर रेल थाना को जहां आदर्श बनाया जाएगा वहीं समस्तीपुर रेल थाना को हाईटेक। इसमें महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग बैरेक का निर्माण होगा। वहीं डीएसपी कार्यालय व आवास का भी निर्माण होगा। साथ ही बेतिया, नरकटियागंज, सीतामढ़ी, रक्सौल और सुगौली में भी रेल थाना व बैरेक का निर्माण कराया जाना है। इतना ही नहीं समस्तीपुर व सोनपुर रेल मंडल द्वारा पर्याप्त जमीन भी मुहैया कराई गई है। अधिकांश थाना के लिए राशि भी स्वीकृत कर दी गई है। शीघ्र ही निर्माण कार्य भी शुरू होगा। वहीं रेल पुलिस अधीक्षक ने हसनपुर, मसरक और झंझारपुर के लिए भी रेल थाना व बैरेक निर्माण का प्रस्ताव भेजा है। समस्तीपुर जंक्शन के निकट मालगोदाम के समीप राजकीय रेल थाना, बैरक, डीएसपी कार्यालय व आवास के लिए रेलवे की ओर से पांच कट्ठा जमीन का आवंटन किया गया है। इससे समस्तीपुर रेल थाना हाईटेक दिखेगा। सरकार की ओर से निर्माण के लिए एक करोड़ की राशि भी स्वीकृत कर दी गई है। इसमें थाने का अपना हाजत और मालखाना होगा। साथ ही महिला व पुरुष कांस्टेबल के लिए अलग-अलग बैरेक और अधिकारियों के रहने की व्यवस्था होगी। वहीं ऑफिस के कागजात व रिकॉर्ड रखने की भी अलग से बेहतर व्यवस्था की जाएगी। इसमें कंप्यूटर सेक्शन भी बनाया जाएगा।

रेल पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर बीएन झा ने कहा कि ट्रेनों की सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों को जब तक बेहतर सुविधाएं नहीं मिलेंगी, तब तक उनसे बेहतर काम की उम्मीद नहीं की जा सकती है। पुलिस कर्मियों को सुख सुविधा प्रदान के लिए ही रेल थानों को आदर्श बनाया जा रहा है। मुजफ्फरपुर रेल थाना को आदर्श बनाया जाएगा। इसके अलावा समस्तीपुर सहित अन्य रेल थाना व बैरक का निर्माण किया जाना है। इसके लिए रेलवे की ओर जमीन भी आवंटित कर दी गई है।