Move to Jagran APP

गोलियों की आवाज से थरथराया समस्तीपुर! जमीनी विवाद में हुई कई राउंड फायरिंग, 1 शख्स बुरी तरह से जख्मी; इलाके में पुलिस तैनात

समस्तीपुर के पटोरी थाना क्षेत्र में गुरुवार को भूमि विवाद में कई राउंड फायरिंग की गई। इस फायरिंग में एक शख्स को पैर में गोली लगी। वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया और वहां से पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। इलाके में भारी पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है।

By Deepak PrakashEdited By: Rajat MouryaUpdated: Thu, 23 Nov 2023 03:37 PM (IST)
Hero Image
गोलियों की आवाज से थरथराया समस्तीपुर! जमीनी विवाद में हुई कई राउंड फायरिंग, 1 शख्स बुरी तरह से जख्मी

संवाद सूत्र, शाहपुर पटोरी (समस्तीपुर)। पटोरी थाना क्षेत्र के चांदपुर धमौन गांव में भूमि विवाद को लेकर गोलियां चली। इस घटना में एक व्यक्ति बुरी तरह जख्मी हो गया। जख्मी व्यक्ति की पहचान चांदपुर धमौन निवासी विश्वनाथ राय के पुत्र राहुल कुमार (26) के रूप में की गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण वहां जमा हो गए और घायल अवस्था में उसे पटोरी के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी प्रारंभिक चिकित्सा करने के बाद उसे तत्काल गंभीर अवस्था में पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया गया है।

घटनास्थल पर पटोरी थाना पुलिस कैंप कर रही है। पुलिस के अनुसार स्थिति सामान्य तथा काबू में है। राहुल को गोली जांघ में लगी है।

क्या है पूरा मामला?

घटना के संबंध में पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल तथा उसके पट्टीदारों के बीच पूर्व से भूमि विवाद चल रहा था, जिसका निपटारा पंचायत के द्वारा कर लिया गया था। गुरुवार की सुबह राहुल अपना एक दूसरा खेत जोतवा रहा था। घायल राहुल तथा उसके स्वजनों के अनुसार खेत के समीप ही किसी मकान की छत से उस पर चार राउंड गोली चलाई गई।

तीन गोलियां तो निशाने पर नहीं लगीं, लेकिन एक गोली उसकी जांघ में लगी। गोली लगने के बाद वह वहीं पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर काफी संख्या में ग्रामीण वहां जमा हो गए और उसे घायलावस्था में पटोरी के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।

थानाध्यक्ष पीके मिश्रा ने बताया कि स्थिति सामान्य है और मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस द्वारा बयान लेने या लिखित आवेदन की प्रतीक्षा की जा रही है।

ये भी पढ़ें- Supaul News: देह व्यापार के मामले में आया बड़ा अपडेट! पुलिस ने 7 लोगों को किया नामजद; मुख्य सरगना को पहले ही काबू कर चुकी है पुलिस

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: नशे में चूर शख्स बना हैवान... पहली बीवी की तरह दूसरी को भी उतारा मौत के घाट, हत्या की वजह जान चौंक जाएंगे आप

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।