Move to Jagran APP

Saran Pacs Election: पैक्स चुनाव को लेकर बढ़ी हलचल, 5 चरणों में होगा मतदान; 516811 मतदाता डालेंगे वोट

बिहार में पैक्स चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। 286 प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) के अध्यक्ष पद एवं प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य पदों के लिए 5 चरणों में चुनाव होगा। मतदाता सूची प्रकाशित हो चुकी है और दावा-आपत्ति की प्रक्रिया चल रही है। 26 नवंबर से 3 दिसंबर के बीच अलग-अलग चरणों में मतदान होगा। इस चुनाव में ईवीएम से नहीं बल्कि बैलेट पेपर पर वोट डाला जाएगा।

By Amritesh Kumar Edited By: Mukul Kumar Updated: Tue, 15 Oct 2024 01:16 PM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

जागरण संवाददाता, छपरा। सारण जिला में 286 प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) के अध्यक्ष पद एवं प्रबंधकारिणी समिति के सदस्य पदों के लिये चुनाव पांच चरणों में (नवंबर-दिसंबर माह) में होगा।

इसको लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव को लेकर नौ अक्टूबर को मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। सारण के 20 प्रखंडों के 859 मतदान केंद्रों पर 516811 मतदाता अपना वोट डालेंगे।

जिले में प्रकाशित मतदाता सूची में कोई गड़बड़ी दिखे तो 22 अक्टूबर तक दावा-आपत्ति किया जा सकता है। दावा-आपतियों के निराकरण के बाद 25 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

जिला सहकारिता पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने डीएम अमन समीर के निर्देश पर सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को निर्देशित किया है कि अपने अपने प्रखंड के प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी से मतदाता सूची प्राप्त कर पूर्व के मतदान केंद्र का भौतिक सत्यापन कर लें। साथ ही मतपेटिका की सर्विसिंग कराकर निर्धारित मानक के अनुसार मत पेटिका तैयार कर लें।

बिना निर्देश के अधिकारी नही छोड़ें मुख्यालय

पैक्स चुनाव को लेकर जिलाधिकारी अमन समीर ने निर्देश दिया है कि सभी नोडल पदाधिकारी और सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी बिना किसी विशेष कारण और बिना अनुमति लिए मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। विशेष परिस्थिति में जिलाधिकारी से अनुमति लेकर ही छुट्टी पर जाएंगे।

286 पैक्सों के लिए 859 बूथों पर डाले जाएंगे वोट

सारण के 20 प्रखंडों में 286 पैक्सों के लिए चुनाव होने हैं। इन 286 पैक्सों के चुनाव के लिए प्रशासनिक स्तर पर 859 मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं। 700 मतदाता पर एक मतदान केंद्र निर्धारित किया गया हैं।

26 नवंबर से शुरू होगा चुनाव

जिले में पैक्स का चुनाव 26 नवंबर से तीन दिसंबर के बीच अलग-अलग चरणों में होगा। निर्धारित तिथि पर सुबह 7:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक वोट डाले जाएंगे।

इस चुनाव में इवीएम से नहीं वैलेट पेपर पर वोट डाला जाएगा। मतदान समाप्ति के उपरांत उसी दिन मतगणना भी की जायेगी। इस चुनाव के लिये सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी निर्वाची पदाधिकारी होंगे।

पांच पदों के लिए पांच रंगों के मतपत्र

पैक्स चुनाव में अध्यक्ष का पद अनारक्षित होगा। शेष 11 पदों में से दो एससी-एसटी, दो ओबीसी, दो पद ईबीसी के लिए आरक्षित होंगे। शेष पांच पद सामान्य श्रेणी के होंगे।

छह आरक्षित पदों में से एक-एक और सामान्य श्रेणी के पांच में से दो पद महिलाओं के लिए रहेंगे। महिला के लिए कुल पांच पद आरक्षित हैं। सभी पांच पदों के लिए पांच रंगों लाल, आसमानी, सफेद, हरा, नारंगी रंग के मतपत्र होंगे।

सारण पैक्स चुनाव में किसी प्रखंड में कितने मतदाता व बूथ

प्रखंड मतदाता मतदान केंद्र
एकमा- 23808 40
मांझी- 36428 63
गड़खा- 49193 82
तरैया -21565-38 21565 38
जलालपुर - 34668 53
मकेर- 25105 37
परसा- 18739 31
अमनौर- 32434 51
नगरा - 15555 25
मशरक- 18208 32
दिघवारा - 14919 24
लहलादपुर- 16406 27
छपरा सदर - 31220 54
पानापुर - 14709 26
बनियापुर - 39821 70
सोनपुर - 26133 44
इसुआपुर  13132  25
मढ़ौरा-  28296 48
दरियापुर - 49960 76
रिविलगंज 6512 13
कुल 516811 859

यह भी पढ़ें-  

आरा में पैक्स चुनाव की तैयारी तेज, 26 नवंबर से पंचायतों में शुरू होगी वोटिंग; 11 से नामांकन

पैक्स चुनाव का बिगुल बजते ही पंचायतों में बढ़ी सरगर्मी, प्रत्याशियों ने शुरू किया डोर-टू-डोर अभियान

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें