Move to Jagran APP

Bihar Cold Day Alert: उत्तर बिहार में अगले दो-तीन दिन रहेगी प्रचंड ठंड, सामान्य से काफी नीचे पहुंचेगा तापमान

मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर बिहार के जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 28 तक के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले दो से तीन दिनों तक कुछ जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। अन्य जिले में भी सामान्य तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे रहने के कारण प्रचंड ठंड रहने का अनुमान है।

By Jagran NewsEdited By: Rajat Mourya Updated: Tue, 23 Jan 2024 05:36 PM (IST)
Hero Image
उत्तर बिहार में अगले दो-तीन दिन रहेगी प्रचंड ठंड, सामान्य से काफी नीचे पहुंचेगा तापमान

जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Bihar Weather News अगले-दो तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम बिहार में प्रचंड ठंड पड़ेगी। कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। सामान्य से काफी नीचे तापमान रहेगा। सोमवार की रात का तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया है। इसमें और गिरावट आ सकती है। जबकि दिन के तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। यह कहना है मौसम विभाग का।

डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर बिहार के जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 28 तक के लिए जारी मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले दो से तीन दिनों तक कुछ जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी।

सामान्य से काफी नीचे जाएगा तापमान

अन्य जिले में भी सामान्य तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे रहने के कारण प्रचंड ठंड रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 3 से 5 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से पछिया हवा चलने की संभावना है। इस दौरान सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 90 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर में 50 से 55 प्रतिशत रहने की संभावना है।

बता दें कि सीतामढ़ी जिला नेपाल से सटा हुआ है। ऐसे में अन्य जगहों की अपेक्षा यहां ठंड ज्यादा पड़ने की संभावना है। जेट हवा के प्रभाव एवं पछुआ हवा चलने के कारण यह स्थिति बनी हुई है। मंगलवार दिन का तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 8.1 डिग्री सेल्सियस कम है। जबकि रात का तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम है। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से रात का तापमान सामान्य के करीब रह रहा था। ऐसे में दिन के साथ-साथ रात का तापमान गिरने से ठंड ज्यादा बढ़ गई है।

कोहरे में लिपटा रहा शहर और गांव

एक दिन पहले खिली धूप से लोगों ने जहां राहत की सांस ली। वहीं मंगलवार को प्रचंड ठंड ने लोगों को परेशान कर दिया। शहर से लेकर गांव तक घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा। इससे सड़कों पर आवागमन तो प्रभावित हुआ ही, ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। रक्सौल-दरभंगा खंड पर सीतामढ़ी खंड होकर चलने वाली लंबी दूरी की कई गाड़ियों का परिचालन घने कोहरे की वजह से प्रभावित हुआ है। ट्रेनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है।

अलाव के सहारे कट रही लोगों की जिंदगी

प्रचंड ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। जिला प्रशासन एवं नगर निगम की ओर से शहर में जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की गई है। लोग अलाव के सहारे ठंड से बचने की कोशिश किसी तरह कर रहे हैं। एक दिन पहले सुबह से ही धूप खिली थी। धूप में गर्मी देखकर लोगों को लगा कि अब ठंड कम हो जाएगी, मगर यह खुशी एक दिन बाद ही काफूर हो गई। ठंड से आम जनजीवन बुरी तरह परेशान हो गया है। बच्चे, बूढे, जवान सभी ठंड की चपेट में आ रहे हैं।

ये भी पढे़ं- Weather Update: अगले 3-4 दिन और सताएगी ठंड, दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में घना कोहरा करेगा परेशान; IMD का अलर्ट

ये भी पढ़ें- Bihar Weather: चार डिग्री तक गिरा गया का पारा, पटना सहित पूरे बिहार में 26 जनवरी तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड; अलर्ट जारी

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें