Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Flood Affect: छत से बाढ़ के पानी में गिरी 5 साल की बच्ची, डूबने से मौत; 4 दिन में आधा दर्जन लोगों ने गंवाई जान

राघोपुर थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव में एक दर्दनाक घटना घटी जहां खेलने के दौरान छत से बाढ़ के पानी में गिरकर एक पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। बच्ची की पहचान स्थानीय सुरज राय की पुत्री अंशु कुमारी के रूप में हुई है। इस दुखद घटना के बाद बच्ची के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

By Ravikant Kumar Edited By: Mukul Kumar Updated: Sun, 22 Sep 2024 02:17 PM (IST)
Hero Image
बच्ची के शव को नाव से ले जाते ग्रामीण

संवाद सूत्र, राघोपुर। राघोपुर थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव में खेलने के दौरान छत से बाढ़ के पानी में गिरकर डूबने से पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की पहचान स्थानीय सुरज राय की पांच वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी के रूप में हुई है।

घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। बच्ची के परिवार वालों का रोते-रोते बुरा हाल है। घटना बीते देर शाम की है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर आस पास के लोग जुट गए। लोगों ने घटना की जानकारी राघोपुर थाना अध्यक्ष पंकज कुमार को दी।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। उन्होंने मृतक के परिवार वालों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

टना के संबंध में मृतक के परिवार वालों ने बताया कि बच्ची की मां छत पर खाना बना रही थी। इस दौरान बच्ची छत पर खेल रही थी। खेलने के दौरान बच्ची छत से अचानक नीचे बाढ़ के पानी में गिर गई। गिरने के दौरान किसी को पता नहीं चला।

देर रात तक बच्ची के परिवार वालों ने काफी खोजबीन की। सुबह में नाव के माध्यम से बच्ची की खोजबीन की गई। काफी खोजबीन के बाद बच्ची का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सबको पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। सृष्टि कुमारी दो बहन एक भाई में सबसे छोटी थी।

इन लोगों की भी बाढ़ के पानी में डूबने से हुई मौत

गौरतलब है कि बीते चार दिनों में राघोपुर प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ के पानी में डूबने से आधा दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है। राघोपुर थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव में बाढ़ के पानी में डूबने से 59 वर्षीय सुरेश दास, जगदीशपुर गांव में 16 वर्षीय एक किशोरी की मौत हो गई थी।

मृतक बिदुपुर थाना के माईल गांव निवासी सुशीला कुमारी थी। वहीं बीते शनिवार को जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में पानी में डूब रहे तीन बच्चे को बचाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई थी।

मृतक स्थानीय सत्य प्रकाश उर्फ राजीव कुमार थे। वहीं जुड़ावनपुर बरारी गांव में किराना दुकान से राशन लाने जाने के दौरान बाढ़ के पानी में डूबने से एक 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी। मृतक स्थानीय 10 वर्षीय दिलखुश कुमार थे।

राघोपुर प्रखंड अंतर्गत गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र तेरसिया पंचायत में मवेशी का चारा लाने के दौरान बाढ़ के पानी में डूबने से 55 वर्षीय विद्यार्थी राय की मौत हो गई। 

राघोपुर थाना अध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि चांद पुरा गांव में बाढ़ के पानी में एक बच्ची की डूबने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर मृतक के परिवार वालों से घटना की जानकारी ली गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। आवेदन मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।