Move to Jagran APP

Vaishali News: पावर हाउस के पास हाई टेंशन तार की चपेट में आने से 7 व्यक्ति झुलसे, दो पटना रेफर

वैशाली के पावर हाउस के पास एक हाई-टेंशन तार की चपेट में आने से बस में सवार सात लोग बुरी तरह झुलस गए। इस दर्दनाक घटना में दो लोगों की हालत गंभीर है और उन्हें पटना रेफर किया गया है। सभी घायल मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के चढुआ गांव के रहने वाले हैं। घटना के संबंंध में पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है।

By Ravikant Kumar Edited By: Rajat Mourya Updated: Thu, 17 Oct 2024 05:16 PM (IST)
Hero Image
वैशाली में हाई-टेंशन तार की चपेट में आने से सात झुलसे। जागरण

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। नगर थाना क्षेत्र के पावर हाउस के निकट हाई टेंशन तार के संपर्क में आने से बस पर सवार सात व्यक्ति बुरी तरह झुलस गए। इस मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर आसपास के लोग जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर है।

डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी झुलसे हुए व्यक्ति मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के चढुआ गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

झुलसे हुए लोगों की पहचान सोनू कुमार पिता किशोर राय, सुरेश राय पिता निथन राय, सेत नाथ राय, रिशु कुमार, पिता अंटू राय, विनय कुमार पिता राज कुमार राय, राजा कुमार पिता राम पुकार राय, दिलीप राय पिता बरन राय बताई गई है। घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस पदाधिकारी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, सदर अस्पताल पहुंचकर थाना अध्यक्ष ने सभी घायलों से घटना की जानकारी ली।

मिली जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के चढुआ गांव निवासी शंकर सिंह की पत्नी के निधन के पश्चात सभी दाह संस्कार में शामिल होने बस से हाजीपुर के कोनहारा घाट आए थे। कोनहारा घाट पर दाह संस्कार के पश्चात सभी लोग बस पर सवार हो गए। इसी दौरान एक युवक ने कहा कि बस को धोया नहीं गया है।

बस पर सवार लोगों ने उसे समझाया कि बस को धो दिया गया है, लेकिन वह बस धोने की जिद करने लगा और गंडक नदी से पानी लाने के लिए चला गया। तब तक चालक बस लेकर पावर हाउस के निकट चला आया। वह लड़का पानी लेकर आया और गुस्सा होकर बस की छत पर चढ़ गया। उसके साथ आधा दर्जन से अधिक लोग बस की छत पर चढ़ गए।

इसी दौरान 11 हजार वायर की संपर्क में आने से बस पर सवार आधा दर्जन से अधिक लोग बुरी तरह झुलस गए। हालांकि, बस में नीचे बैठे लोगों को कुछ नहीं हुआ। सभी बाल-बाल बच गए। मौके पर अफरातफरी मच गई। बस पर सवार सभी लोग नीचे उतर कर इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना पर जुटे स्थानीय लोगों की मदद से सभी झुलसे हुए लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। सदर अस्पताल में इलाज के पश्चात दो लोगों को पटना रेफर किया गया।

घटना के संबंध में बस पर सवार बैजनाथ राय ने बताया कि बस में हम करीब 50 लोग बैठे हुए थे। बस की छत पर कुछ युवक बैठने गए, इसी दौरान अचानक ऊपर से करंट लगने के कारण कई लोग नीचे गिर गए। मौके पर अफरातफरी मच गई। उन्होंने कहा कि बस के अंदर बैठे हुए लोगों को कुछ नहीं हुआ। जो लोग छत पर बैठे हुए थे, वही लोग झुलस गए। हम लोग दाह संस्कार में शामिल होने के बाद घर लोट रहे थे।

ये भी पढ़ें- Bihar Train News: छठ-दिवाली पर घर लौटने के लिए किस ट्रेन में सीट उपलब्ध, पढ़ें सभी गाड़ियों की लिस्ट

ये भी पढ़ें- Arwal News: अरवल में 19 लोगों को क्यों किया गया गिरफ्तार, बड़ी वजह आई सामने

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।