Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

जंक्शन पर चार घंटे पानी गायब, यात्री रहे बेचैन

बेतिया। पूर्व मध्य रेलवे के स्थानीय जंक्शन पर सोमवार को करीब चार घंटे तक पानी की आपूर्ति बं

By JagranEdited By: Updated: Wed, 07 Apr 2021 12:25 AM (IST)
Hero Image
जंक्शन पर चार घंटे पानी गायब, यात्री रहे बेचैन

बेतिया। पूर्व मध्य रेलवे के स्थानीय जंक्शन पर सोमवार को करीब चार घंटे तक पानी की आपूर्ति बंद रही जिससे यात्री परेशान व बेचैन रहे। सूचना पर रेल प्रशासन की आंखें खुली और फूटे हुए पाइप को दुरुस्त कर पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई। तब जाकर राहत मिली।

सहायक मंडल अभियंता एके मिश्रा ने बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पाइप फूट गया था, जिसे ठीक करा दिया गया है। अब यात्रियों को पानी मिलना शुरू हो गया है। बता दें कि सोमवार को जंक्शन पर एकाएक नल सूख गए। वेंडरों को समस्या होने लगी। रेल कर्मियों में भी बेचैनी छा गई। ट्रेनों के पहुंचने पर यात्री पानी लेने के लिए एक नलका से दूसरे नलका की ओर भटकने लगे। पेयजल के लिए स्टेशन पर हाहाकार मच गया। सक्षम यात्रियों ने तो पानी बोतल खरीद कर अपनी प्यास बुझाई मगर आम यात्रियों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ा। अति व्यस्त प्लेटफॉर्म संख्या 1 और 2 पर भी पानी नदारद रहा।

उल्लेखनीय है कि यहां आए दिन जलापूर्ति व्यवस्था बाधित होती है। रेल अधिकारियों का कहना है कि पुराने पाइप होने से कहीं-कहीं फूट जा रहे हैं। हद तो तब हो गई जब सस्ते दाम पर यात्रियों को पानी मुहैया कराने के लिए लगे स्टॉल भी उस दौरान बंद रहे। स्थानीय कई यात्रियों ने बताया कि स्टेशन पर तीन से चार स्टॉल लगाए गए हैं, मगर शायद ही ये खुलते हैं। ऊपर से रेलवे द्वारा आपूर्ति की जाने वाली व्यवस्था रह-रह कर दगा दे रही है। गर्मी के मौसम में यात्रियों को इससे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कुछ कर्मियों ने बताया कि सत्याग्रह और बांद्रा एक्सप्रेस के यात्रियों को स्टेशन पर पानी नहीं मिला। उनकी पीड़ा स्पष्ट झलक रही थी। इसकी सूचना स्टेशन प्रशासन ने आइओडब्ल्यू कार्यालय को दी जिसके बाद तकनीकी गड़बड़ी खोजी गई और फूटे हुए पाइप की मरम्मत कर पानी की आपूर्ति शुरू की गई।

बताया जाता है कि यहां रेल परिसर में लगा अंडरग्राउंड पाइप काफी पुराना हो गया है, जिसके चलते पानी के प्रेशर से कहीं ना कहीं टूट-फूट जाता है और पानी की आपूर्ति बाधित हो जाती है। बावजूद इसके नई पाइप बिछाने और जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू करने की दिशा में विभाग ने अब तक कोई पहल नहीं की है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें