Move to Jagran APP

National Education Day: बिहार के इस व्यक्ति का ज्ञान का प्रकाश फैलाने का अनूठा है अंदाज

कृष्णा पहले विश्व मानव सेवा आश्रम में काम करते थे वहीं से उन्हें मानव सेवा की प्रेरणा मिली और वे जरूरतमंद बच्चों के बीच ज्ञान का प्रकाश फैलाने लगे। कृष्णा पासवान आदर्श पोखरा चौक के दर्जनों बच्चों को दे रहे निशुल्क अक्षर ज्ञान। सभ्य नागरिक बनने का सिखाते गुर।

By Jagran NewsEdited By: Ajit kumarUpdated: Fri, 11 Nov 2022 11:06 AM (IST)
Hero Image
बस्ती में पढ़ाई-लिखाई का घोर अभाव है। फोटो: जागरण

नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण), [सुधाकर कुमार मिश्र]। शिक्षा का अधिकार हर किसी को है। इसमें जाति और धर्म की दीवार नहीं होती। इस सोच के तहत पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज, पुरानी बाजार निवासी कृष्णा पासवान शिक्षा से वंचित बच्चों को नैतिकता का पाठ पढ़ा रहे हैं। बीते छह माह से ये रोज सुबह पांच बजे आदर्श पोखरा चौक स्थित बस्ती में पहुंच जाते हैं। घर-घर जाकर बच्चों को जगाते हैं। फिर उन्हें आदर्श पोखरा तट पर ले जाकर शिक्षा के साथ स्वस्थ रहने का गुर सिखाते हैं। कृष्णा पहले विश्व मानव सेवा आश्रम में काम करते थे, वहीं से उन्हें मानव सेवा की प्रेरणा मिली और वे जरूरतमंद बच्चों के बीच ज्ञान का प्रकाश फैलाने लगे। बस्ती में पढ़ाई-लिखाई का घोर अभाव है। बच्चे पूरे दिन इधर-उधर घूमते हैं। बड़े होने पर शिक्षा के अभाव में ये अनैतिक कार्यों में संलिप्त हो जाते हैं। उनमें शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागृति आए, इस उद्देश्य से इन बच्चों को शिक्षा दे रहे हैं।

बच्चों को मानते ईश्वर का रूप

पचास वर्षीय कृष्णा पासवान बच्चों के बीच बाबा जी के नाम से प्रसिद्ध हैं। कृष्णा वर्तमान में लोरिया चीनी मिल में अस्थाई रूप से वायरिंग हाउस में मैग्मा आपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। नरकटियागंज विश्व मानव सेवा आश्रम में काम करने के दौरान उन्हें हर व्यक्ति को ईश्वर का रूप मानकर सेवा करने की प्रेरणा मिली। तभी से उन्होंने शिक्षा से वंचित इन बच्चों को पढ़ाने का बीड़ा उठा लिया। आदर्श पोखरा चौक के दर्जनों बच्चों को ये अक्षर ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, चारित्रिक ज्ञान व मानवता का पाठ पढ़ा रहे हैं। ये उन किशोरों को भी शिक्षा का दान दे रहे हैं, जिन्होंने पैसे के अभाव या अन्य कठिनाइयों की वजह से बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी। ऐसे बच्चों को ये दोपहर में पढ़ते हैं।

बदल रहा बच्चों का व्यवहार

कृष्णा से शिक्षा प्राप्त कर रहीं छात्रा अनु कुमारी, पूजा कुमारी, ज्योति कुमारी, नीतीश कुमार और नंदनी कुमारी ने बताया कि बाबा जी द्वारा हमें सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा दी जाती है। बड़ों का आदर करने के साथ ही अच्छी-अच्छी बातें बताई जाती हैं। जीवन में कैसे कामयाबी हासिल करें इसके बारे में भी बताते हैं। अभिभावक घनश्याम खटीक ने बताया कि कृष्णा बच्चों को सभ्य नागरिक बनने का गुर सिखाते हैं। अभिभावक मनोज पटेल ने बताया कि उनके प्रयास से बच्चों का घर में भी अच्छा व्यवहार देखने को मिल रहा है। किशोर चौधरी कहते हैं कि कृष्णा पासवान हमारे बच्चों को बेहतर इंसान बनने को प्रेरित कर रहे हैं। 

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।