Move to Jagran APP

दीवाली-छठ को लेकर पुलिस अधिकारियों को मिल गया नया टास्क, अब थानाध्यक्षों को जल्द से जल्द देनी होगी रिपोर्ट

दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर एसपी सुशांत कुमार सरोज ने सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में छठ घाटों का निरीक्षण करने और रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने नदियों और नालों की स्थिति का जायजा लेने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की भी कहा है। इसके अलावा उन्होंने खतरनाक घाटों की सूची तैयार करने का भी आदेश दिया है।

By Tufani Chaudhary Edited By: Mukul Kumar Updated: Wed, 23 Oct 2024 03:42 PM (IST)
Hero Image
एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को दिया निर्देश
संवाद सहयोगी, बगहा। दीपावली व छठ को देखते हुए सभी पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने थाना क्षेत्र के छठ घाटों का निरीक्षण कर उसकी रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराएं। एसपी सुशांत कुमार सरोज ने यह निर्देश दिया। 

उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान नदी-नालों की स्थिति से अवगत हो जाएं। जिससे कि छठ के दिन वैसे जगहों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा सके।

निरीक्षण के दौरान यह भी देखा जाय कि जिस क्षेत्र में प्राइवेट नाव का संचालन हो रहा है। उसे संबंधित नाव चालक से नाव को बंद करने का आदेश दिया जाय। साथ ही शराब के धंधेबाज सहित शराबियों के खिलाफ अभियान चलाया जाय।

एसपी सुशांत कुमार सरोज मंगलवार की शाम एसपी जिले के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक को संबोधित कर रहे थे। एसपी ने बताया कि छठ पूजा के लिए चिह्नित जगहों का निरीक्षण थानाध्यक्ष स्वयं करें।

इस दौरान सुरक्षा की दृष्टिकोण से देखा जाय कि अगर श्रद्धालु घाट पर पहुंचेगे तो उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

खतरनाक घाटों की सूची तैयार करें थानाध्यक्ष

एसपी ने यह भी निर्देश दिया कि सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने थाना क्षेत्र के खतरनाक घाटों की सूची तैयार करें। जिससे कि पूजा शुरू होने से पहले उस घाट की घेराबंदी संबंधित विभाग से कराई जा सके।

एसपी ने बताया कि दीपावली के अवसर पर जुआ खेलने का प्रचलन भी होता है। इस लिए सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में अभी से चौकसी बरतें। जिससे कि किसी भी क्षेत्र में जुआ के प्रचलन पर रोक लगाई जा सके। साथ ही शराब के धंधेबाज सहित शराबियों पर भी कारवाई करें।

इसके लिए सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान जारी रखे। बैठक में बगहा व रामनगर एसडीपीओ के साथ पुलिस निरीक्षक व थानाध्यक्ष मौजूद रहे।

छठ को ले कर निगम क्षेत्र में घाटों की साफ-सफाई का काम शुरू

उधर, सीतामढ़ी में छठ पर्व के मद्देनजर निगम क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न घाटों की साफ-सफाई का काम शुरू हो गया है। निगम क्षेत्र के सभी पोखर, तालाब व नदी के घाटों की साफ-सफाई कार्य किया जा रहा है। घाटों की साफ-सफाई के साथ वहां तक पहुंचने के लिए संपर्क पथों को दुरुस्त किया जाएगा।

साथ ही, छठ के मौके पर रोशनी की भी व्यवस्था की जाएगी। इसको लेकर नगर आयुक्त द्वारा संबंधित कर्मियों को निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य करने का निर्देश दिया गया है। वही, संबंधित अधिकारी इसका निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और गोताखारों की भी तैनाती की जाएगी।

इसके अलावा घाटों पर चेंजिंग रूम की सुविधा भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए नगर निगम के संबधित अधिकारियों और कर्मियों को आदेश जारी किया गया है।

बतातें चलें कि शहर से गुजरने वाली लखनदेई नदी के किनारे विभिन्न घाटों के अलावा फुलमत माता मंदिर घाट, बाजार समिति मंदिर घाट, रीगा रोड स्थित कोवाही पोखर, राधेकृष्ण मंदिर स्थित कृत्रिम छठ घाट, राम घाट, सीता सेतु पुल घाट के अलावा निगम क्षेत्र में शामिल बरियारपुर, मधुबन, खड़का, भवदेपुर, पुनौरा, कैलाशपुरी, डुमरा बड़ी बाजार घाट के अलावा विभिन्न छठ घाटों पर व्रती अघ्र्य देने के लिए पहुंचते हैं।

नगर आयुक्त प्रमोद कुमार पांडेय के अनुसार, समय सीमा के अंदर सभी घाटों की साफ-सफाई का काम पूरा कर लिया जाएगा। घाटों पर रोशनी का भी इंतजाम किया जाएगा। घाट तक जाने वाले रास्ते को भी दुरुस्त किया जा रहा है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।