Move to Jagran APP

West Champaran Accident: पश्चिमी चंपारण में रफ्तार का कहर, अलग-अलग सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत

पश्चिमी चंपारण जिले में सड़क हादसों ने चार लोगों की जान ले ली है। इनमें एक महिला भी शामिल है। हादसे में जान गंवाने वालों में श्रीनगर थाना क्षेत्र के राजन कुमार कालीबाग थाना क्षेत्र के सूरज कुमार मनुआपुल थाना क्षेत्र के सिकंदर राम और लौरिया थाना क्षेत्र की चंद्रकली देवी शामिल हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

By Jagran News Edited By: Mohit Tripathi Updated: Sat, 12 Oct 2024 03:59 PM (IST)
Hero Image
पश्चिमी चंपारण के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सड़क हादसे में एक महिला समेत चार लोगों की मौत। (सांकेतिक फोटो)

जागरण संवाददाता, बेतिया। पश्चिमी चंपारण जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सड़क हादसे में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई है।

मृतक श्रीनगर थाना क्षेत्र के भवानीपुर जगदंबापुर गांव निवासी राजन कुमार (18), कालीबाग थाना क्षेत्र के पश्चिम करगहिया निवासी सूरज कुमार (23), मनुआपुल थाना क्षेत्र के नौका टोला लपटही निवासी सिकंदर राम (40) और लौरिया थाना क्षेत्र के सिसवनिया धांगड़ टोली निवासी चंद्रकली देवी (70) शामिल है।

घटना शुक्रवार और शनिवार की है। वहीं, सूचना पर संबंधित थाने की पुलिस पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया है। घटना को लेकर परिवार जनों में कोहराम मचा हुआ है।

इधर, अस्पताल ओपी प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को फर्द बयान भेजा गया है।

केस नंबर - 01

अज्ञात वाहन की चपेट में आए युवक की इलाज के दौरान मौत

श्रीनगर थाना क्षेत्र के जगदंबापुर भवानीपुर गांव निवासी चंद्रिका राउत के पुत्र राजन कुमार (18) की मौत गुरुवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से इलाज के दौरान जीएमसीएच में हो गई।

घटना की जानकारी मृतक के बड़ा भाई विक्की कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि मृतक चार भाई दो बहन में माझिल था।

उन्होंने बताया कि तीन अक्टूबर को मिश्रौली अपने दोस्त के यहां न्योता में गया था। उसी रात में बाइक से वापस घर आ रहा था। तभी पोखरा चौक पर मुड़ने के दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दिया और फरार हो गया।

घटना की सूचना पर परिजन पहुंच और इलाज के लिए जीएमसीएच में भर्ती कराया। जहां गुरुवार की शाम करीब सात बजे मौत हो गई।

केस नंबर - 02

मेला देखकर घर लौट रहे युवक की बाइक टक्कर में मौत

कालीबाग थाना क्षेत्र के पश्चिम करगहिया वार्ड 02 निवासी वाल्मिकी साह के पुत्र सूरज कुमार (23) की मौत गुरुवार की शाम बाइक की टक्कर से हो गई।

मृतक के बड़े भाई जितेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक छह भाई एक बहन में पांचवें स्थान पर था। घटना गुरुवार की रात करीब 01 बजे की है।

उन्होंने बताया कि गुरुवार की रात सूरज शहर से मेला देख देर रात को वापस घर लौट रहा था। जैसे ही गांव के चौक पर पहुंचा तभी पीछे से तेज रफ्तार अपाची बाइक सवार साइड लेकर निकला।

निकलने के दौरान संतुलन बिगड़ गया और बाइक से टक्कर हो गई। जिसमें सूरज पास के नाले के स्लैब से जा टकरा गया। जिसमें उसका दाहिना हाथ टूट गया तथा सर फट गया। जिसके चलते उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

केस नंबर - 03

बाइक की ठोकर से राज मिस्त्री की मौत

मनुआपुल थाना क्षेत्र के नौका टोला लपटही निवासी स्व. शिवदयाल राम के पुत्र सिकंदर राम (40) की मौत शुक्रवार की शाम जीएमसीएच में इलाज के दौरान हो गई।

परिजनों ने बताया कि सिकंदर राम राज मिस्त्री का काम करता है। घटना को लेकर मृतक की पत्नी मीरा देवी, तीन लड़के व तीन लड़की पूजा कुमारी(16), पम्मी कुमारी(14), प्रियंका कुमारी(12) तथा मंटू कुमार(18) हरिओम कुमार(10) का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक के ममेरा भाई कैलाश कुमार ने बताया कि सिकंदर राम गुरुवार की शाम अपने मामा नरेश राम के लड़के विपिन कुमार को बाइक से बरकु टोला गुरवलिया पहुंचाने जा रहे थे।

रास्ते में पेट्रोल भरवा कर बाइक को जब रोड पर लाए, तभी विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। जिसमें सिकंदर राम व ममेरा भाई विपिन राम गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

घटना की सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम दोनों को जीएमसीएच में भर्ती कराया। जहां शुक्रवार की रात सिकंदर राम की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि, विपिन राम का पैर टूटा हुआ है। उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

केस नंबर - 04

तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मौत

लौरिया थाना क्षेत्र के सिसवनिया धांगड़ टोली गांव निवासी रामरत्न महतो की पत्नी चंद्रकली देवी (70) की मौत शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से हो गई।

घटना की जानकारी देते हुए मृतका के स्वजनों ने बताया कि चंद्रकली देवी शुक्रवार की संध्या अपनी नतनी सोना कुमारी (04) को शौच कराने के लिए निकली थी। इस बीच तेज रफ्तार बाइक ने ठोकर मार दिया। मृतका के तीन लड़का एक लड़की है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें