Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Nifty 50: स्टॉक मार्केट में हाहाकार, क्या है SBI, टाटा मोटर्स और रिलायंस जैसे बड़े शेयरों का हाल

Share Market Crash सोमवार को जापान चीन और सिंगापुर समेत दुनियाभर के शेयर मार्केट में भारी गिरावट आई। भारत का स्टॉक मार्केट भी इससे अछूता नहीं रहा। एक वक्त सेंसेक्स और निफ्टी 3 फीसदी से अधिक गिर गए थे। सेंसेक्स टॉप-30 और निफ्टी 50 में शामिल ज्यादातर कंपनियों के स्टॉक लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। सिर्फ गिनी-चुनी कंपनियों में ही तेजी को मिल रही है।

By Suneel Kumar Edited By: Suneel Kumar Updated: Mon, 05 Aug 2024 02:45 PM (IST)
Hero Image
एक वक्त सेसेंक्स और निफ्टी 3 फीसदी से अधिक गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे थे।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका और जापान जैसे वैश्विक बाजारों से कमजोर संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को भारी गिरावट दिखी। सेंसेक्स प्री-ओपन सेशन में ही करीब 2.5 फीसदी की गिरावट के साथ खुला। यही हाल कमोबेश निफ्टी का भी था। इसके बाद पूरे कारोबारी सत्र के दौरान इन दोनों ही सूचकांक में भारी उतार-चढ़ाव दिखा। एक वक्त सेसेंक्स और निफ्टी 3 फीसदी से अधिक गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे थे।

किन शेयरों में सबसे अधिक गिरावट

सेंसेक्स टॉप-30 की बात करें, तो दोपहर 2.15 तक 28 कंपनियों के स्टॉक लाल और सिर्फ दो के हरे निशान में थे। सबसे अधिक 6 फीसदी की गिरावट टाटा मोटर्स के शेयर में आई। अडानी पोर्ट भी 5.6 फीसदी तक फिसल गया था। टाटा स्टील ने 4.7 फीसदी का गोता लगाया। एसबीआई, मारुति सुजुकी, रिलायंस इंडस्ट्रीज और टीसीएस के स्टॉक भी 3 फीसदी से अधिक गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे थे।

वहीं, दोनों हरे निशान वाले स्टॉक फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स (FMCG) सेक्टर से हैं, हिंदुस्तान यूनीलिवर (HUL) और नेस्ले। लाइफबॉय, लक्स और क्लिनिक प्लस जैसे उत्पाद बनाने के लिए मशहूर HUL के शेयर 1.1 फीसदी के उछाल के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं, मैगी बनाने वाली नेस्ले में 0.7 फीसदी की तेजी दिखी।

निफ्टी 50 (Nifty 50) का हाल

निफ्टी 50 का भी कमोबेश सेंसेक्स टॉप 30 जैसा ही हाल है। इसमें 44 कंपनियों के शेयर लाल निशान और 6 हरे निशान में कारोबार कर रही हैं। टाटा मोटर्स और अडानी पोर्ट के अलावा ONGC के शेयरों में भी बड़ी गिरावट आई है। इसकी वजह इजरायल और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से तेल संकट गहराने की आशंका है। वहीं, वित्तीय अनिश्चितता के चलते बैंकिंग सेक्टर के स्टॉक्स में भी भारी गिरावट आई है।

अगर निफ्टी 50 के हरे निशान वाले शेयरों की बात करें, तो यहां हिंदुस्तान यूनीलिवर और नेस्ले के अलावा ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, अपोलो हॉस्पिटल्स और एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस भी शामिल हैं। इन शेयरों में 0.34 फीसदी से लेकर 1.16 फीसदी तक उछाल आया है।

यह भी पढ़ें : कौन है दुनियाभर के शेयर मार्केट क्रैश का जिम्मेदार? क्या है इसमें उसका फायदा