Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बिल गेट्स (Bill Gates)

Bill Gates Inventions Income and Complete Profile एक जमाने में बिल गेट्स दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति थे। माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक और परोपकारी के रूप में आज भी उनका नाम आदर के साथ लिया जाता है। (जागरण फाइल फोटो)

By Abhinav ShalyaEdited By: Abhinav ShalyaUpdated: Tue, 07 Mar 2023 06:00 PM (IST)
Hero Image
Bill Gates Microsoft Founder Biography (Jagran File Photo)

नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। जब भी कारोबार, दान और टेक्नोलॉजी के जरिए दुनिया को बदलने वाले लोगों का नाम लिया जाता है, तो अमेरिकी अरबपति और माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स का नाम सबसे ऊपर आता है। अपने असाधारण कारोबारी स्किल्स और टेक्नोलॉजी की समझ के बल पर गेट्स दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में शीर्ष पर कई दशकों तक बना रहें।

बिल गेट्स का जन्म अमेरिका के पश्चिमी राज्य वाशिंगटन के शहर सिएटल में 28 अक्टूबर, 1955 को हुआ था। यहीं वे अपनी दो बहनों के साथ पले-बढ़ें। बिल के पिता विलियम एच. गेट्स सीनियर सिएटल में एक वकील थे और उनकी मां मैरी मैक्सवेल गेट्स वाशिंगटन रीजेंट विश्वविद्यालय में एक स्कूली शिक्षिका थी। ऐसा कहा जाता है कि पिता के वकील होने के कारण उनके परिवार वाले चाहते थे कि बिल आगे चलकर वकील बने, लेकिन टेक्नोलॉजी सेक्टर में रुचि होने के कारण उन्होंने एक अलग ही रास्ता चुना।

टेक्नोलॉजी से की दोस्ती

बिल की कंप्यूटर टेक्नोलॉजी में रूचि 13 साल की उम्र में ही दिखने लगी थी। इसी उम्र में उन्होंने एक निजी स्कूल लेकसाइड (Lakeside School) में एडमिशन लिया। स्कूल ने उस दौरान बच्चों को कंप्यूटर और प्रोग्रामिंग सीखाने के लिए जनरल इलेक्ट्रिक कंपनी से एक कंप्यूटर खरीदने का फैसला किया। स्कूल से टीचर्स की परमिशन मिलने के बाद गेट्स अक्सर अपनी क्लास छोड़कर इस कंप्यूटर पर प्रोग्रामिंग करने जाते थे। इसी दौरान बिल ने पॉल के साथ मिलकर एक बग ढूंढा। इस वो समय था, जब बिल में टेक्नोलॉजी को लेकर समझ विकसित हो गई थी।

बिल गेट्स की शुरुआती सफलता

शुरुआती दौर से बिल और पॉल ने सॉफ्टवेयर को विकसित करना शुरू कर दिया था। करीब 15 साल की उम्र में बिल ने 20,000 डॉलर में एक सॉफ्टवेयर बेचने में कामयाबी हासिल की थी। इसके बाद अगले कुछ सालों में बिल ने एक और सॉफ्टवेयर बनाया और इससे अधिक कीमत पर बेचा। इस तरह बिल के अरबपति बनने का रास्ता साफ हो गया।

माइक्रोसॉफ्ट की स्थापना

1975 में न्यू मैक्सिको के अल्बुकर्क में बिल ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पॉल एलन के साथ मिलकर माइक्रोसॉफ्ट की स्थापना की। इस कंपनी का उद्देश्य दुनिया के हर घर में डेस्कटॉप को पहुंचाना था, जिसमें ये काफी हद तक सफल हुई।

बिल गेट्स के नेतृत्व में माइक्रोसॉफ्ट का सफर

  • 1975 - न्यू मैक्सिको के अल्बुकर्क में बिल गेट्स ने अपने दोस्त पॉल एलन के साथ मिलकर माइक्रो - सॉफ्ट (Micro-Soft) की स्थापाना की।
  • 1976 - इस कंपनी का नाम बदलकर माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) कर दिया गया।
  • 1979- माइक्रोसॉफ्ट का ऑफिस न्यू मैक्सिको के अल्बुकर्क से हटाकर वाशिंगटन राज्य में शिफ्ट कर दिया गया है।
  • 1985- विंडो 1.0 लॉन्च किया गया।
  • 1995- विंडो 95 लॉन्च किया गया।
  • 2000- इसके बाद माइक्रोसॉफ्ट में चीफ सॉफ्टवेयर आर्किटेक्ट का पद संभाल रहे स्टीव विलमर को माइक्रोसॉफ्ट का सीईओ बना दिया गया।
  • 2008- बिल ने माइक्रोसॉफ्ट के दैनिक कार्यों में भाग लेना बंद कर दिया।
  • 2014- बिल ने माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, वे बोर्ड मेंबर और टेक्नोलॉजी एडवाइजर बने गए।

इस डील से कारोबारी जगत में छा गए बिल गेट्स

1980 के करीब अमेरिकी की दिग्गज टेक कंपनी आईबीएम अपनी ओर से विकसित किए जा रहे दुनिया के पहले पर्सनल कम्प्यूटर के लिए सॉफ्टवेयर की तलाश कर रहा था, लेकिन उसके साथ समस्या यह थी कि आईबीएम के पास पर्सनल कम्प्यूटर को चलाने के लिए कोई भी ऑपरेटिंग सिस्टम (OS) नहीं था। कहा जाता है कि इस दौरान आईबीएम की ओर से मॉइक्रोसॉफ्ट के बारे में पता लगा और उन्होंने बिल गेट्स को बुलाकर अपने पर्सनल कम्प्यूटर के लिए प्रोग्राम डेवलप करने के लिए ऑफर दिया गया, लेकिन उस समय मॉइक्रोसॉफ्ट के पास भी कोई ओएस नहीं था।

लेकिन यहां बिल गेट्स की किस्मत ने उनका साथ दिया और माइक्रोसॉफ्ट को कुछ महीनों बाद ही 86-DOS नाम का ऑपरेटिंग सिस्टम मिल गया। इसे बाद में माइक्रोसॉफ्ट ने इसे MS-DOS नाम देकर आईबीएम को ऑफर किया। आईबीएम को MS-DOS ऑपरेटिंग सिस्टम अच्छा लगा।

इसके बाद 1980 में आईबीएम और माइक्रसॉफ्ट के बीच एक बड़ी डील साइन की गई। आईबीएम ने भी अपना पहला पर्सनल कम्प्यूटर ऑपरेटिंग सिस्टम MS-DOS के साथ लॉन्च किया। वहीं, इस दौरान माइक्रोसॉफ्ट की ओर से MS-BASIC, MS-COBOL, MS-PASCAL जैसे प्रोडक्ट विकसित किए गए।

दो दशकों तक बने रहें दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति

1987 में पहली बार बिल गेट्स का नाम फोर्ब्स की दुनिया के अमीरों की सूची में आया था। इसके बाद से लगातार इस सूची में बिल गेट्स की स्थिति मजबूत होती चली गई। 1995 से 2017 तक (2008 और 2010 से 2013 को छोड़कर) दुनिया के सबसे अमीर इंसान बने रहें। अक्टूबर 2017 में अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस ने बिल गेट्स को पीछे छोड़ दुनिया के अमीर व्यक्ति होने का खिताब हासिल किया। फोर्ब्स बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, बिल गेट्स 106 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के छठवें सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं।

समाज सेवा को समर्पित किया जीवन

मौजूदा समय में बिल गेट्स का अपना ज्यादातर समय 'बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन' के साथ कार्य करने में बिता रहे हैं, जिसकी शुरुआत 2000 में हुई थी। बिल गेट्स ने फाउंडेशन से जुड़े कार्यों के लेकर अपनी वेबसाइट gatesnotes.com पर कहा कि लोगों को सुनकर ये बहुत आश्चर्य होता है कि माइक्रोसॉफ्ट और यहां उनका कार्य काफी हद तक एक जैसा ही है। दोनों ही जहगों पर उन्हें अच्छे और अपने कार्य कुशल लोगों को एक साथ लाकर बड़ी और कठिन समस्याएं हल करनी होती थीं।

बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन दुनिया के साथ भारत में भी अलग-अलग समस्याओं जैसे प्रजनन, मातृ, नवजात शिशु और बाल स्वास्थ्य और पोषण,स्वच्छता, कृषि विकास, लैंगिक समानता और डिजिटल वित्तीय समावेशन आदि को लेकर कार्य कर रहा है।