Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

चीनी कंपनी डीजेआइ ने रूस और यूक्रेन में बंद किया कारोबार, ड्रोन के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए उठाया कदम

चीन की कंपनी डीजेआइ टेक्नोलाजी ने रूस और यूक्रेन में कारोबार को अस्थाई रूप से बंद कर दिया है। ऐसा करने वाली यह चीन की पहली कंपनी है। कंपनी ने अपने ड्रोन के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए यह कदम उठाया है।

By Lakshya KumarEdited By: Updated: Thu, 28 Apr 2022 08:36 AM (IST)
Hero Image
चीनी कंपनी डीजेआइ ने रूस और यूक्रेन में बंद किया कारोबार

नई दिल्ली, एपी/बिजनेस डेस्क। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को दो महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है। रूस ने 24 फरवरी 2022 को यूक्रेन पर हमला करने का ऐलान किया था, जिसके बाद से दोनों देशों के बीच युद्ध जारी है। अमेरिका और उसके सहयोगी देश, यूक्रेन के पक्ष में रूस पर प्रतिबंध लगा रहे हैं। तमाम कंपनियां रूस में अपना कारोबार बंद कर चुकी हैं। हालांकि, अभी तक किसी चीनी कंपनी ने यहां अपना कारोबार बंद नहीं किया था लेकिन अब एक चीनी कंपनी ने रूस और यूक्रेन, दोनों ही देशों में अपने कारोबार पर रोक लगा दी है।

चीन की कंपनी डीजेआइ टेक्नोलाजी ने अपने द्वारा बनाए गए ड्रोन के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए रूस और यूक्रेन में कारोबार को अस्थाई रूप से बंद कर दिया है। चीन की यह पहली कंपनी है, जिसने रूस में अपना कारोबार बंद किया है। यूक्रेन पर हमले के बाद यूरोप की कई कंपनियों ने रूस में अपना कारोबार बंद कर दिया है, लेकिन वैश्विक दबाव के बाद भी चीन की कंपनियां रूस में कारोबार जारी रखे हुए हैं।

चीन अभी भी रूस पर टिप्पणी करने से बच रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि यूक्रेन और रूस, दोनों ही युद्ध में डीजेआइ के ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। कंपनी का कहना है कि उसका उत्पाद सिर्फ असैन्य उपयोग के लिए है। यूक्रेन के उप प्रधानमंत्री ने पिछले महीने पत्र लिखकर डीजेआइ से कहा था कि वह रूस को अपने ड्रोन बेचना बंद करे। इससे रूसी सेना नागरिक ठिकानों को निशाना बना रही है।

डीजेआइ के ड्रोन में लगा एरोस्कोप सिस्टम विशेष रिसिवर की मदद से क्षेत्र में उड़ान भर रहे अन्य ड्रोन और उसके ऑपरेटर का पता लगाकर उन पर नजर रखने में सक्षम है। गौरतलब है कि जर्मनी के रिटेलर मीडियामार्केट ने युद्ध में रूस द्वारा डीजेआइ ड्रोन के उपयोग का जिक्र करते हुए बाजार से कंपनी के उत्पादन हटाने की बात कही थी।

वहीं, चीन की एक अन्य कंपनी 'दीदी ग्लोबल' (कैब कंपनी) ने भी रूस में अपना कारोबार बंद कर दिया है। इससे पहले अमेरिका और उसके सहयोगी देशों की कई कंपनियां रूस में अपना कारोबार बंद कर चुकी है। कुछ कंपनियों ने अस्थाई रूप से अपने ऑपरेशंस बंद किए हैं।