Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

गौतम अदाणी फिर बने देश के सबसे अमीर व्यक्ति, एक साल में 95% बढ़ी संपत्ति

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट आ गई है। जिसके मुताबिक एक बार फिर से अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी देश के सबसे अमीर इंसान बन गए हैं। इनकी 11.6 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति हो गई है। वहीं 10.14 लाख करोड़ की संपत्ति के साथ मुकेश अंबानी दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। एक हजार करोड़ से ज्यादा संपत्ति वालों की संख्या 1539 हुई।

By Jagran News Edited By: Mrityunjay Chaudhary Updated: Thu, 29 Aug 2024 07:18 PM (IST)
Hero Image
देश के अमीरों की लिस्ट हुरुन इंडिया रिच ने जारी की।

जेएनएन, नई दिल्ली। अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी एक बार फिर देश के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पछाड़ा है। गुरुवार को जारी हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2024 में गौतम अदाणी 11.6 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ शीर्ष पर रहे हैं और बीते एक वर्ष में उनकी संपत्ति में 95 प्रतिशत की बढ़ोतरी रही है। 2023 में इस सूची में गौतम अदाणी की संपत्ति 4.74 लाख करोड़ रुपये बताई गई थी। पिछले वर्ष जनवरी में अमेरिकी शार्ट-सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद अदाणी समूह की सभी सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट आई थी।

दूसरे नंबर पर पहुंचे मुकेश अंबानी

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट के अनुसार, इस वर्ष 10.14 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ मुकेश अंबानी दूसरे स्थान पर रहे हैं। 2023 में अंबानी 8.08 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ गौतम अदाणी से आगे थे। एचसीएल टेक्नोलाजी के संस्थापक शिव नादर और उनका परिवार 3.14 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर रहा है। पिछले वर्ष वे इस सूची में चौथे स्थान पर थे। सीरम इंस्टीट्यूट आफ इंडिया का साइरस पूनावाला एक स्थान खिसककर चौथे स्थान पर रहे हैं और उनकी कुल संपत्ति 2.89 लाख करोड़ रुपये बताई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, 2.50 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सन फार्मास्यूटिकल्स के दिलीप सांघवी पांचवें स्थान पर रहे हैं। पिछले वर्ष सांघवी इस सूची में छठे स्थान पर थे।

जेप्टो के सह-संस्थापक सबसे कम उम्र के अमीर

इस सूची में डिलिवरी प्लेटफार्म जेप्टो के सह-संस्थापक कैवल्या वोहरा और आदित पालीचा सबसे कम उम्र के अमीरों में शामिल रहे हैं। सूची में दोनों की संपत्ति क्रमश: 3,600 करोड़ रुपये और 4,300 करोड़ रुपये बताई गई है। अपने बूते कारोबार खड़ा करने वाली महिलाओं में जोहो की राधा वैम्बू 47,500 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ शीर्ष पर रही हैं।

भारत ने धन सृजन ओलंपिक में स्वर्ण जीतना जारी रखा है। 2024 की हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में सभी शीर्ष-20 क्षेत्रों से नए लोग शामिल हुए हैं जो भारतीय उद्यमियों की अजेय भावना को दर्शाता है। यह लोग सभी क्षेत्रों में विकास को गति देते हैं।

अनस रहमान जुनैद, संस्थापक और मुख्य शोधकर्ता, हुरुन इंडिया

46 प्रतिशत बढ़ी सभी अमीरों की संपत्ति

देश में एक हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति वालों की संख्या अब बढ़कर 1,539 हो गई है। 2024 में इसमें 220 लोगों की बढ़ोतरी हुई है। इन सभी की संपत्ति में बीते एक वर्ष के दौरान 46 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इनमें पारिवारिक कारोबार करने वाले, स्टार्टअप संस्थापक, प्राइवेट इक्विटी निवेश, एंजल निवेशक, अगली पीढ़ी के कारोबारी, फिल्म अभिनेता आदि शामिल हैं। पिछले वर्ष देश को हर पांच दिन में एक नया अरबपति मिला है। इस दौरान 1,334 अरबपतियों की संपत्ति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसमें 272 नए अरबपति शामिल हैं। 205 की संपत्ति में गिरावट आई है।

चीन में घटी अरबपतियों की संख्या

सूची के अनुसार, पिछले वर्ष चीन में अरबपतियों की संख्या में 25 प्रतिशत की गिरावट रही है। वहीं, भारत में अरबपतियों की संख्या में 29 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2024 में शामिल होने वालों में सबसे ज्यादा अरबपति रियल एस्टेट और औद्योगिक उत्पाद क्षेत्र से हैं। इस सूची में औद्योगिक उत्पाद क्षेत्र से 142 नए अरबपति शामिल हुए हैं और नए अरबपति शामिल कराने में यह क्षेत्र शीर्ष पर रहा है।

पहली बार शाह रुख खान भी हुए शामिल

इस सूची में अभिनेता शाह रुख खान भी पहली बार शामिल हुए हैं और उनकी संपत्ति 7,300 करोड़ रुपये बताई गई है। शाह रुख खान की कारोबारी भागीदारी जूही चावला की संपत्ति 4,600 करोड़ रुपये बताई गई है। मनोरंजन क्षेत्र के अमीरों में जूही दूसरे स्थान पर रही हैं।