Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Goods Exports: वस्तु निर्यात 400 अरब डॉलर के पार, नए रिकार्ड स्तर को छू सकता है एक्सपोर्ट

चालू वित्त वर्ष के अप्रैल-फरवरी में वस्तु निर्यात 405.94 अरब डॉलर का रहा जबकि गत वित्त वर्ष 2021-22 की समान अवधि में 377.43 अरब डॉलर का निर्यात किया गया था। निर्यात के मासिक रुख को देखते हुए मार्च में वस्तु निर्यात कम से कम 35 अरब डॉलर का रहेगा।

By Jagran NewsEdited By: Shashank MishraUpdated: Wed, 15 Mar 2023 09:06 PM (IST)
Hero Image
वस्तु निर्यात 440 अरब डॉलर के नए स्तर को छू सकता है।

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। वैश्विक स्तर पर कारोबार में कमी के अनुमान के बावजूद चालू वित्त वर्ष 2022-23 के पहले 11 महीनों में ही वस्तु निर्यात 400 अरब डॉलर के स्तर को पार कर गया है। ऐसे में, चालू वित्त वर्ष में वस्तु निर्यात फिर से नए रिकार्ड स्तर को छू सकता है। पिछले वित्त वर्ष में 420 अरब डॉलर का अब तक का अधिकतम वस्तु निर्यात किया गया था।

वस्तु निर्यात 440 अरब डॉलर के नए स्तर को छू सकता

चालू वित्त वर्ष के अप्रैल-फरवरी में वस्तु निर्यात 405.94 अरब डॉलर का रहा जबकि गत वित्त वर्ष 2021-22 की समान अवधि में 377.43 अरब डॉलर का निर्यात किया गया था। निर्यात के मासिक रुख को देखते हुए मार्च में वस्तु निर्यात कम से कम 35 अरब डॉलर का रहेगा। ऐसे में वस्तु निर्यात 440 अरब डॉलर के नए स्तर को छू सकता है।

हालांकि इस साल फरवरी में वस्तु के निर्यात में पिछले साल फरवरी के मुकाबले 8.82 फीसद की गिरावट दर्ज की गई। इस अवधि में निर्यात के साथ आयात में भी 8.21 फीसद की गिरावट रही। फरवरी में वस्तु निर्यात के विपरीत सेवा निर्यात में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहा। इस साल फरवरी में सेवा निर्यात 29.15 अरब डॉलर का रहा जबकि पिछले साल फरवरी में सेवा निर्यात 21.30 अरब डॉलर का था।

वस्तु व सेवा निर्यात 702.88 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंचा

वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल ने बताया कि वस्तु व सेवा को मिलाकर चालू वित्त वर्ष में 750 अरब डॉलर के निर्यात का लक्ष्य रखा गया है और अप्रैल-फरवरी में ही वस्तु व सेवा निर्यात 702.88 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष में इस अवधि में वस्तु व सेवा निर्यात 605 अरब डॉलर तक पहुंच पाया था।

फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गेनाइजेशंस (फियो) के प्रेसिडेंट ए. शक्तिवेल ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में सेवा व वस्तु निर्यात 770-780 अरब डॉलर के स्तर तक पहुंच सकता है जबकि पिछले वित्त वर्ष में वस्तु व सेवा का कुल निर्यात 672 अरब डॉलर का था।

इस साल फरवरी में 51.31 अरब डॉलर का आयात किया गया जबकि पिछले साल फरवरी में 55.90 अरब डॉलर का आयात किया गया था। फरवरी में प्रमुख वस्तुओं की निर्यात स्थिति, पिछले साल फरवरी के मुकाबले

इन वस्तुओं के निर्यात में रहा इजाफा

इलेक्ट्रॉनिक्स - 29.85 फीसद

जेम्स व ज्वैलरी - 13.76 फीसद

ड्रग्स व फार्मा - 4.72 फीसद

लौह अयस्क - 51.37 फीसद

चावल- 11.75 फीसद

फल व सब्जी - 17.42 फीसद

इन प्रमुख वस्तुओं के निर्यात में रही गिरावट

इंजीनियरिंग गुड्स - 9.68 फीसद

रेडीमेड गारमेंट्स -12.09 फीसद

पेट्रोलियम उत्पाद - 28.77 फीसद

लेदर व लेदर उत्पाद -14.47 फीसद

कॉफी - 26.22 फीसद